पाकिस्तान क्रिकेट टीम. जगहंसाई के दौर से गुजर रही है. 6 जून की देर रात ये बेचारे अमेरिका से हार गए. और इस हार पर रिएक्शंस आए ही जा रहे हैं. लेजेंडरी पेसर वसीम अकरम ने अफनी टीम को खूब सुनाया है.
घटिया... अकरम को सुन और खिसिया जाएगी पाकिस्तान क्रिकेट टीम
Pakistan Cricket Team USA से हार गई. इस हार के बाद से लगातार उन्हें सुनाया जा रहा है. लेजेंडरी पेसर वसीम अकरम ने पाकिस्तान के इस प्रदर्शन को बहुत घटिया बताते हुए एक भविष्यवाणी कर दी.


ग्रुप एक के इस मैच को बीते कई घंटे हो चुके हैं. लेकिन इसका अफसोस खत्म ही नहीं हो रहा. पाकिस्तान वाले डैलस में घटी इस घटना से उबर नहीं पा रहे हैं. बाबर आज़म की कप्तानी वाली ये टीम सुपर ओवर में अमेरिका से हारी.
और अकरम ने इस जीत के लिए मेजबानों की तारीफ़ की है. अकरम ने स्पष्ट कहा कि अब पाकिस्तान के लिए सुपर 8 में पहुंचना आसान नहीं होगा. अमेरिका वाले अभी ग्रुप ए में टॉप पर हैं. उन्होंने अपने दोनों मैच जीते हैं. जबकि दूसरे नंबर पर मौजूद भारत के नाम एक मैच में एक जीत है.
भारत को अपने अगले मैच में 9 जून, संडे को पाकिस्तान से भिड़ना है. पाकिस्तान वालों को अभी कनाडा और आयरलैंड से भी खेलना है. अगर आयरलैंड वालों ने कोई उलटफेर कर दिया, तो पाकिस्तान ग्रुप स्टेज़ से ही बाहर हो जाएगा.
यह भी पढ़ें: बेईमान पाकिस्तान, अमेरिकी क्रिकेटर ने बीच मैच ICC से किस पाकिस्तानी की शिकायत कर दी?
यही सब ध्यान में रखते हुए अकरम ने स्टार स्पोर्ट्स से कहा,
'घटिया प्रदर्शन. वो अमेरिका के खिलाफ़ खेल रहे थे. मैं आश्वस्त था. पाकिस्तानी फ़ैन्स आश्वस्त थे कि हम जीतेंगे. लेकिन अमेरिका को श्रेय देना होगा, उन्होंने जिस तरह का खेल दिखाया. पहली पारी, फिर चेज़ करते हुए और इसके बाद सुपर ओवर में भी. सुपर ओवर में 19 रन बनाने का मतलब है एक ओवर में 36 रन बना देना. बहुत बढ़िया अमेरिका. अब पाकिस्तान को सुपर 8 में पहुंचने के लिए संघर्ष करना होगा क्योंकि उन्हें भारत और फिर दो और अच्छी टीम्स से खेलना है.'
वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के साथ कई बार ऐसा हो चुका है. 1999 में ये बांग्लादेश से हारे थे. 2007 में आयरलैंड और 2022 में ज़िम्बाब्वे से. जबकि बीते साल हुए वनडे वर्ल्ड कप में इन्हें अफ़ग़ानिस्तान ने हराया. लेकिन अमेरिका वाली ये हार शायद इन्हें सबसे ज्यादा चुभेगी.
इस मैच में पहले बैटिंग करते हुए पाकिस्तान पावर प्ले में ही बैकफ़ुट पर चला गया था. बाबर आज़म और शादाब खान के अलावा, कोई भी पाकिस्तानी बल्लेबाज बहुत देर तक नहीं खेल पाया. अमेरिकी बोलर्स ने पूरे मैच पर कंट्रोल बनाए रखा,
अकरम के मुताबिक, पाकिस्तानी टीम में उत्साह की कमी थी. और उन्हें इसका नुकसान हुआ. अकरम बोले,
'मैं सोचता हूं कि गेम का टर्निंग पॉइंट शुरुआती विकेट्स रहे. शादाब और बाबर के बीच थोड़ी पार्टनरशिप हुई, लेकिन कोई और कंफ़र्टेबल नहीं दिखा. फ़ील्डिंग ऐवरेज़ थी, पाकिस्तान ने पूरी क्रिकेट ही ऐवरेज़ खेली. हार और जीत गेम का हिस्सा हैं, हम सभी को ये पता है लेकिन आखिरी गेंद तक फ़ाइट तो दिखाइए. डाइव मारिए. कैच गिराए जा रहे हैं, विकेट्स मिले में मुश्किल, तो हां, मुझे लगता है कि ये पाकिस्तान के लिए बुरा दिन था.'
अकरम के अलावा, शोएब अख्तर, कामरान अकमल और सलमान बट जैसे पूर्व प्लेयर्स ने भी पाकिस्तानी टीम को खूब सुनाया है. अब देखना होगा कि ये लोग भारत के खिलाफ़ कैसा खेल दिखाते हैं.
वीडियो: 'थोड़ा दर्द है', अपनी चोट पर बोले कप्तान रोहित शर्मा












