लियोनेल मेसी (Lionel Messi). फुटबॉल प्रेमियों के दिल की धड़कन. मौजूदा फुटबॉल जगत का सबसे बड़ा नाम. शान-ओ-शोहरत ऐसी कि गुस्ताखी करने की हिम्मत किसी की नहीं. कई लोग तो उन्हें पहले ही 'गोट' (GOAT) बुलाते थे. GOAT यानी Greatest Of All Time. फुटबॉल के इतिहास का सबसे महान प्लेयर. वर्ल्ड कप जीतने के बाद ये शोर और बढ़ गया. लेकिन इन्हीं मेसी को फ्रांस में इज्जत नहीं मिली. ये कहना है फ्रांस के ही मशहूर फुटबॉलर किलियन एमबाप्पे का.
'मेसी को फ्रांस में इज्जत नहीं मिली', एमबाप्पे की बात फैन्स को चुभेगी, लेकिन सही भी लगेगी
मेसी फ्रांस छोड़कर यूएस का रुख कर रहे हैं. 9 जून को उन्होंने इस बात की घोषणा की. इसके साथ ही उन्होंने इसकी वजह भी बताई थी.


एमबाप्पे वही खिलाड़ी हैं जिन्होंने फुटबॉल विश्व कप 2022 के फाइनल में अर्जेंटीना की जीत को लगभग नामुमकिन कर दिया था. कहा जाता है मेसी के फैन एमबाप्पे को बिल्कुल पसंद नहीं करते. अब वो कह रहे हैं कि उनके देश में फुटबॉल के ‘GOAT’ की कद्र नहीं की गई. उनकी बात मैसी के फैन्स को चुभेगी, लेकिन उन्हें पता है कि एमबाप्पे ने जो कहा सच है.
मेसी क्लब फुटबॉल खेलने फ्रांस से यूएस जा रहे हैं. इसी दौरान उनके क्लब के प्लेयर और फ्रांस के स्टार फुटबॉलर किलियन एमबाप्पे ने ये बड़ा बयान दिया है. मेसी ने अपने बचपन के क्लब बार्सिलोना को 2021 में छोड़ फ्रांस के क्लब पेरिस सेंट जर्मेन (PSG) के लिए साइन किया था. PSG के लिए खेलते हुए मेसी ने फ्रांस में कई ट्रॉफी अपने नाम कीं. ढेर सारे गोल्स किए और गोल करने में मदद भी की.
लेकिन दो साल बाद ही मेसी इस क्लब को छोड़ रहे हैं. उन्होंने घोषणा की है कि वो PSG छोड़कर यूएस स्थित इंटर मायामी क्लब के लिए खेलेंगे. इसके बाद से पूरे यूरोप में भूचाल सा मच गया है. हालांकि, फ्रांस में कुछ लोग ऐसे भी हैं, जो मेसी के जाने से खुश हो रहे हैं. इसी पर एमबाप्पे ने बयान दिया है. लेकिन इसमें मेसी के लिए कोई नकारात्मक बात नहीं की गई है. दरअसल एमबाप्पे ने मेसी के खिलाफ बोलने वालों को जवाब दिया है. उन्होंने कहा,
"वो फुटबॉल के इतिहास के सबसे महान प्लेयर्स में से एक हैं. मेसी जैसा प्लेयर अगर (आपका देश और लीग) छोड़कर जाए, तो ये कभी अच्छी खबर नहीं हो सकती. मुझे समझ नहीं आ रहा इतने लोगों को मेसी के जाने से राहत क्यों मिली है. उन्हें फ्रांस में जितनी इज़्ज़त मिलनी चाहिए थी, उतनी नहीं मिली."
मेसी की घोषणा
इससे पहले बीती 8 जून को लियोनेल मेसी ने स्पेन के एक अख़बार से बात करते हुए बताया था कि उन्होंने अपने करियर का अगला कदम क्या होगा, ये फैसला कर लिया है. मेसी ने बताया,
"मैंने फैसला कर लिया है, मैं मायामी जा रहा हूं. ये डील अभी 100 प्रतिशत पूरी नहीं हुई है. कुछ चीज़ें बाकी हैं, पर हम इस पर काम कर रहे हैं. जब बार्सिलोना की डील नहीं हो पाई, तब मैं यूरोप छोड़ना चाहता था. मुझे स्पॉटलाइट से बाहर जाना था और अपने परिवार के बारे में ज्यादा सोचना था."
मेसी ने 13 साल की उम्र में बार्सिलोना जॉइन किया था. स्पेन के इस क्लब के लिए मेसी 672 गोल दाग चुके हैं. उनके इंटर मायामी जॉइन करने का मतलब ये भी है कि मेसी अपने करियर में पहली बार यूरोप से बाहर खेलेंगे. वर्ल्ड कप 2022 में मेसी की कप्तानी में अर्जेंटीना ने फाइनल में फ्रांस को हराया था. इस मैच में मेसी ने दो और एमबाप्पे ने तीन गोल दागे थे.
वीडियो: FIFA फुटबॉल अवॉर्ड्स से मेसी और उनके फ़ैन्स का दिल खुश हो गया






















