The Lallantop

कोच रिकी पोंटिंग ने बताया किस खिलाड़ी को नहीं चाहते छोड़ना!

DC के हारते ही पोंटिंग ने तैयार किया अगले साल का रोडमैप.

Advertisement
post-main-image
ऐसे अंत नहीं होना था. (फोटो - पीटीआई)
2019, 2020 और 2021 दिल्ली टीम की IPL हिस्ट्री के वो साल जिन्हें दिल्ली की टीम याद भी रखना चाहेगी और भूलना भी चाहेगी. याद इसलिए क्योंकि जिस शानदार तरीके से इन्होंने ये पूरा टूर्नामेंट खेला और भूलना इसलिए जिस तरह से आखिर में टीम खिताब से चूक गई. लेकिन फिर भी टीम के कोच रिकी पोंटिंग टीम के प्रदर्शन से बेहद खुश हैं. वो इस टीम की तारीफ कर रहे हैं. साथ ही IPL 2022 के लिए अधिकतम खिलाड़ियों को फिर से इसी टीम में लाने की जुगत में लग गए हैं. दरअसल, अगले साल होने वाले IPL से पहले मेगा ऑक्शन होना है. जिसमें टीम के अधिकांश खिलाड़ी नीलामी में उतरेंगे. ऐसे में टीमों के बदलने की बहुत ज़्यादा संभावना है. ऐसे में रिकी पोंटिंग क्या कह रहे हैं, आइये जानते हैं. रिकी पोंटिंग ने कहा,
'ईमानदारी से कहूं तो मैं सभी को रखना चाहूंगा. दिल्ली कैपिटल्स में हमारे साथ जुड़े सभी लोग शानदार हैं. बीते कुछ सीजन्स में प्लेइंग खिलाड़ी, स्टाफ और कोच ने शानदार काम किया है. और मुझे लगता है कि हमारा प्रदर्शन खुद ही हमारे लिए बोलता है.'
अपनी बात आगे रखते हुए रिकी पोंटिंग बोले,
'निराश हूं कि इस सीज़न का अंत इस तरह से हुआ. हम निश्चित रूप से जानते हैं कि हम शायद तीन या चार खिलाड़ियों को ही रिटेन कर पाएंगे. बहुत सारे खिलाड़ी नीलामी में वापस जाएंगे और फिर मैं वह सब कुछ करूंगा जो मैं निश्चित रूप से अधिक से अधिक लोगों को दिल्ली कैपिटल्स परिवार में वापस लाने के लिए कर सकता हूं. मेरे और इस प्लेइंग ग्रुप के लिए पिछले तीन सीज़न वास्तव में बहुत अच्छे गुजरे हैं, और सभी को या तो अधिकांश लोगों को फिर से एक साथ लाना मेरा लक्ष्य होगा.'
KKR से मिली हार पर बात करते हुए पोंटिंग ने कहा,
'ईमानदारी से कहूं तो पूरा सीजन देखते हुए मुझे ऐसा लगता है कि ये पहला गेम है जिसमें हम बाहर हुए है. हमने अच्छी बल्लेबाजी नहीं की, पावरप्ले में हमने पर्याप्त रन नहीं बनाए, हमने बल्लेबाजी पारी के बीच में लगातार विकेट गंवाए. अगर अंत में हेटमायर और श्रेयस नहीं होते, तो हम 130 के आसपास कहीं भी नहीं पहुंच पाते. इसलिए हम पहले ही मैच से बाहर हो गए थे. जिस तरह हमने टूर्नामेंट का अंत किया वो दुखद है.'
रिकी पोंटिंग के इस बयान से उनकी दिल्ली टीम मैनेजमेंट की सोच साफ झलकती है. वो चाहते हैं कि इस टीम के अधिकांश खिलाड़ी अगले सीज़न भी इस टीम का हिस्सा बने रहें. आपको बता दें, दिल्ली कैपिटल्स ने प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई पॉइंट्स टेबल में टॉप पर रहते हुए किया था. जिसके बाद उन्हें फाइनल में प्रवेश करने के दो मौके मिले लेकिन फिर भी टीम दोनों मुकाबले हार टूर्नामेंट से बाहर हो गई.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement