The Lallantop

RCB को हराकर जड्डू की बैटिंग पर क्या बोल गए धोनी!

जड्डू ने CSK की मौज़ कर दी.

Advertisement
post-main-image
Ravindra Jadeja ने MS Dhoni की टीम को बड़ी जीत दिलाई (पीटीआई फोटो)
रविंद्र जडेजा. RCB के खिलाफ CSK की जीत के हीरो. बैटिंग, बॉलिंग और फील्डिंग तीनों से जडेजा ने RCB को परेशान किया. सिर्फ 28 गेंदों पर 62 रन बनाने वाले जड्डू ने तीन अहम विकेट भी लिए. और फिर डैन क्रिस्चियन को रनआउट भी किया. CSK के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अपने प्लेयर से काफी खुश दिखे. मैच के बाद उन्होंने कहा,
'जड्डू एक ऐसा प्लेयर है जो अकेले दम पर गेम बदल सकता है. पिछले कुछ सालों में हमने उसकी बैटिंग में काफी बदलाव देखे हैं. और उसे कुछ एक्स्ट्रा टाइम और एक्स्ट्रा गेंदें देना अच्छा होता है. बोलर्स के लिए लेफ्ट-हैंडर्स को थामना थोड़ा मुश्किल था और इससे भी काफी मदद मिली.'
CSK ने इस मैच में 69 रन से जीत दर्ज की. इस जीत के दम पर टीम ने अपने नेट रनरेट में भी काफी फायदा कमाया है. लेकिन धोनी जीत के नंबर्स को बहुत महत्व नहीं देते. उन्होंने कहा,
'आप जीत की मात्रा का अनुमान नहीं लगा सकते. रनों या विकेट्स पर किसी का कंट्रोल नहीं है. शुरुआत में हमने बैटिंग या बोलिंग करने पर चर्चा की थी. यह एक अच्छा विकेट था लेकिन मुझे लगा कि स्पिनर्स के पास कुछ होगा और मुझे यह भी महसूस हुआ कि जडेजा द्वारा बनाए गए एक्स्ट्रा रनों ने भी काफी मदद की.'
धोनी ने यह भी कहा कि इस पिच पर 165 का स्कोर भी सही होता. लेकिन 25 रन एक्स्ट्रा आने की बात ही अलग है. उन्होंने कहा,
'165 का स्कोर भी सही होता और एक बार आप 25 रन एक्स्ट्रा बना लें तो सामने वाली टीम को ज्यादा मेहनत करनी ही पड़ती है. ईमानदारी से कहूं तो ओस क्या करेगी, इसके आधार पर आप अपनी स्ट्रेटेजी नहीं बना सकते. कुछ गेम्स हाई स्कोरिंग हुए हैं, कुछ लो स्कोरिंग. आपको हर गेम का आंकलन करना होता है और आज हमने पहले बैटिंग करने का सही फैसला लिया.'
CSK का पिछला सीजन बहुत अच्छा नहीं रहा था. लेकिन इस सीजन टीम बेहतरीन खेल दिखाते हुए अभी टेबल के टॉप पर है. इस बारे में धोनी ने कहा,
'हम पिछले सीजन से एकदम अलग कुछ नहीं कर रहे. मैं और फ्लेमिंग, दोनों ही कहते रहते हैं कि हम प्रोसेस पर फोकस करते हैं. अंडर प्रेशर भी अपने रास्ते पर चलते हुए आपको ज्यादा सम्मान मिलता है. मैं सोचता हूं कि यह कुछ ऐसा है जो प्लेयर्स को बहुत सारा कॉन्फिडेंस देता है.'
अपने पांच मैचों में से चार में जीत दर्ज कर CSK अभी IPL Table के टॉप पर है. हालांकि RCB और DC ने भी पांच मैचों में से चार ही जीते हैं लेकिन CSK का नेट रनरेट इन दोनों से बेहतर होने के नाते वे टॉप पर हैं. टीम का अगला मैच बुधवार 28 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement