The Lallantop

मर्दानगी पर सवाल उठाने वालों को वायरल वीडियो वाले डॉक्टर ने दिया करारा जवाब

वीडियो वायरल होने के बाद लोग उन्हें मर्दानगी बढ़ाने के टिप्स देते दिखे.

Advertisement
post-main-image
डॉक्टर केके अग्रवाल का वीडियो वायरल होने के बाद लोग उन्हें मर्दानगी की नसीहत दे रहे हैं.
डॉक्टर केके अग्रवाल. उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ. इस वीडियो में क्या था? डॉक्टर अग्रवाल लाइव थे. इसी दौरान उनकी पत्नी का फोन आया. पत्नी को इन्होंने बताया कि वैक्सीन के बारे में पता करने गए थे, खाली था तो खुद भी वैक्सीन लगवा ली. इतना सुनना था कि पत्नी उन पर नाराज़ हो गईं कि वो ऐसा कैसे कर सकते हैं. उन्हें साथ लेकर क्यों नहीं गए. अब डॉक्टर अग्रवाल का फोन स्पीकर पर था और वो लाइव थे. ऐसे में पत्नी के चिल्लाने की आवाज़ भी लाइव पर साफ-साफ सुनाई दी. वीडियो आप नीचे देख सकते हैंः कॉल के आखिर में उनकी पत्नी कहती हैं- अभी लाइव आकर तुम्हारी ऐसी-तैसी करती हूं. इस वीडियो में ये साफ दिख रहा है पत्नी को भी वैक्सीन लगवानी थी. वो इस बात से नाराज़ थीं कि डॉक्टर अग्रवाल वैक्सीन लगवाने के लिए किसी और को साथ लेकर गए थे, लेकिन उन्हें नहीं लेकर गए. ये सही नहीं है. खैर, पति-पत्नी की नोंक-झोंक वाला ये वीडियो मज़ेदार है. लेकिन जनता ने इस वीडियो के आधार पर डॉक्टर अग्रवाल की मर्दानगी पर सवाल खड़े कर दिए. उन्हें ज्ञान देने लगे कि ये बताना ज़रूरी है कि बॉस कौन है. द मैस्कुलिन सेज नाम के हैंडल ने लिखा,
"उन्हें फ्रेम सीखने की ज़रूरत है, नहीं तो उनकी पत्नी हर दिन उनकी ऐसी-तैसी करेंगी. आज के मर्दों में इतनी मर्दानगी होनी ज़रूरी है कि वो ये दिखा सकें कि बॉस कौन है. ईश्वर उनकी रक्षा करे."
फ्रेम क्या होता है इसका जवाब भी सबरीश नाम के एक ट्विटर यूज़र ने दिया. बताया- इसका मतलब है कि अपने आसपास की सिचुएशन पर कंट्रोल रखना और अपनी पत्नी, गर्लफ्रेंड को खुद को इंफ्लुएंस नहीं करने देना. यानी इनके हिसाब से डॉक्टर केके अग्रवाल ने फोन पर अपनी पत्नी को डांटा नहीं, ऐसी किसी भाषा का इस्तेमाल नहीं किया कि पत्नी चुप हो जाए, उल्टे सफाई देते दिखे. इसलिए उनमें मर्दानगी की कमी है. कुछ लोगों ने लिखा कि जब डॉक्टर अग्रवाल ने अपने लाइव होने की बात कही तब बात बढ़ाने की बजाए उनकी पत्नी को चुप हो जाना चाहिए था. हालांकि, उनकी पत्नी को थोड़ी पता होगा कि उनकी आवाज़ लाइव में चली जाएगी. कुछ लोगों ने उनकी पत्नी को बदतमीज़ और गुस्सैल बताया. कमाल की बात है कि एक सहज, हास्यास्पद, क्यूट मोमेंट में लोगों ने मर्दों को होने वाला खतरा देख लिया. हालांकि कुछ और लोगों ने कहा कि एक छोटे से क्लिप के आधार पर उनकी पत्नी को जज नहीं किया जा सकता है. दोनों के बीच वैक्सीन को लेकर पहले क्या बात-बहस हुई है, वो हम नहीं जानते हैं, इसलिए इस पर हमें कमेंट नहीं करना चाहिए. इन सबके बीच डॉक्टर अग्रवाल ने उस वीडियो को लेकर एक मैसेज भी जारी किया है. इसमें उन्होंने लिखा,
"मुझे अपने उस वीडियो के बारे में जानकारी है जो इंटरनेट पर तेज़ी से घूम रहा है. मुझे खुशी है कि इस मुश्किल समय में इस वीडियो ने लोगों को हंसाया. आखिर हंसी तो सबसे अच्छी दवा है. वो मेरी सेहत और सुरक्षा को लेकर मेरी पत्नी की चिंता थी. मैं आप सभी से निवेदन करूंगा कि जैसे ही मौका मिले वैक्सीन लगवा लें. इस पूरी घटना ने लाखों लोगों को वैक्सीन लगवाने को लेकर एजुकेट किया. इस बात की मुझे खुशी है, क्योंकि डॉक्टर होने के नाते यही तो मेरा मिशन है."
यानी, डॉक्टर अग्रवाल ने ऐसे लोगों को खुद ही जवाब दे दिया जो उनकी मर्दानगी पर सवाल उठा रहे थे. इससे बड़ी हिम्मत क्या होगी कि इस पब्लिक एम्बैरेसमेंट को उन्होंने पॉज़िटिवली लिया. और उससे भी एक अच्छा मैसेज निकालकर ले आए. बाकी ये तो लोगों की इनसिक्योरिटी है. कि वीडियो में उन्होंने डॉक्टर की मर्दानगी पर होने वाला ख़तरा भांप लिया. आखिर देश में मर्दानगी को ही तो सबसे ज्यादा खतरा है. डॉक्टर वीणा अग्रवाल ने बताया कि उन्हें इतना गुस्सा क्यों आया
इस पूरे मसले पर आजतक की रिपोर्टर पूनम शर्मा से डॉक्टर अग्रवाल और उनकी पत्नी डॉक्टर वीणा अग्रवाल ने बात की. बता दें कि डॉक्टर वीणा खुद गायनेकोलॉजिस्ट हैं. डॉक्टर वीणा ने बताया, “वैक्सीनेशन मैं भी कराने वाली हूं, लेकिन एक डर था इसलिए मैं चाहती थी कि वैक्सीनेशन के वक़्त उनके साथ रहूं. ऐसे में उनका बिना बताए अकेले वैक्सीनेशन के लिए जाना मुझे अनएक्सेप्टेबल लगा. इस वजह से मुझे गुस्सा आया."
डॉक्टर अग्रवाल ने बताया कि पत्नी के बाद उन्हें उनकी बेटी ने भी डांटा था. डॉक्टर अग्रवाल ने बताया कि वो आगे भी लाइव के बीच पत्नी का फोन उठाते रहेंगे. उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी का रिएक्शन बिल्कुल सामान्य था. वहीं, लाइव वायरल होने के बाद कई लोगों ने ट्विटर पर सवाल पूछा कि ये प्राची कौन है. इस पर डॉक्टर वीणा ने कहा- मेरे कहने का कुछ भी गलत मतलब नहीं था. अगर मेरी बात गलत तरीके से ली गई तो उसके लिए मैं डॉक्टर प्राची से माफी मांगती हूं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement