The Lallantop

कांग्रेस विधायक का वीडियो वायरल, बुज़ुर्ग की पगड़ी को लात मारी

सोशल मीडिया पर घूम रहा ये वीडियो 2021 का बताया जा रहा है. दावा किया जा रहा है कि बुजुर्ग अपने बेटे के लिए नौकरी की मांग करने गए थे. लेकिन विधायक एक दूसरी कहानी बता रहे हैं.

Advertisement
post-main-image
विधायक राजेन्द्र सिंह बिधूड़ी का वायरल वीडियो (फोटो-X)

Rajasthan assembly elections 2023 के लिए माहौल गर्म हो रहा है. और इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल है. इसमें एक आदमी एक बुजुर्ग की पगड़ी को लात मारते हुए दिख रहा है. लात मारने वाले शख्स बताए जा रहे हैं राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले की बेगूं सीट से कांग्रेस विधायक राजेन्द्र सिंह बिधूड़ी. हालांकि ये वीडियो 2021 का बताया जा रहा है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

अब राज्य में चुनाव हैं तो विपक्षी पार्टी भाजपा भी इसे लेकर कांग्रेस पर हमलावर है. राजस्थान भाजपा ने अपने X हैंडल से इस वीडियो को शेयर कर लिखा है,  

"फरियाद लेकर गए गरीब किसान के साथ कांग्रेस विधायक ने जो बदसलूकी की है, उसका बदला राजस्थान की जनता लेकर रहेगी. यह केवल एक किसान की पगड़ी पर लात नहीं बल्कि अन्नदाताओं के स्वाभिमान पर आघात है." 

Advertisement

पूरे मामले पर राजेंद्र बिधूड़ी ने क्या कहा?

वायरल वीडियो पर राजेंद्र सिंह बिधूड़ी का भी रिएक्शन सामने आया है. उन्होंने कहा, 

“ये जो 2021 का वीडियो वायरल हो रहा है वो फेक और एडिटेड है. मैंने न किसी को अपमानित किया है, न उसके साथ दुर्व्यवहार किया है. ये एडिट करके वायरल किया गया है. ये व्यक्ति 2021 में मेरे पास मदद मांगने आया था. अचानक उस व्यक्ति ने अपनी पगड़ी मेरे सामने रख दी. मैंने पगड़ी उठाने के लिए कहा. 

जब वो बाहर मुझसे मिला तो उसने बताया कि मेरा बेटा किसी की लड़की को नाते के लिए लाया है. लड़की चली गयी और नाते के 7 लाख रुपये भी. मैंने कहा कि नाता, बाल विवाह कानूनन जुर्म है. मैंने कहा कि आप पुलिस में जाओ. तो उस व्यक्ति ने मुझसे पुलिस को फ़ोन करने को कहा. मैंने कहा कि मैं ऐसे पुलिस में किसी के खिलाफ फोन नहीं करता. इसे सामाजिक स्तर पर सुलझाओ. अब 2 साल बाद उस वीडियो को एडिट करके वायरल किया जा रहा है क्योंकि मैं चुनाव जीत रहा हूं और कांग्रेस पार्टी सरकार बना रही है. मैं इस वीडियो पर जल्द ही मानहानि का मुकदमा करूंगा."

राजेन्द्र सिंह बिधूड़ी ने इन मामले पर सोशल मीडिया X पर भी पोस्ट किया. लिखा,

Advertisement

‘’मेरी छवि को धूमिल करने के लिए लोग षड्यन्त्र पूर्वक जो वीडियो एडिट करके वायरल कर रहे हैं, उसकी सचाई ये है कि ये वीडियो 21-10-2021 का है व वीडियो में (नज़र) आ रहा व्यक्ति लोभी राम और उसका पुत्र, जिसके ख़िलाफ़ पारसोली थाने में 16-07-2021 को रेप का केस दर्ज हुआ था. वह हर जगह आ कर पगड़ी रख के भावनात्मक रूप से प्रभावित करना चाहता था. व वीडियो में भी रेप जैसे घिनौने कृत्य के लिए मुझे मदद करने के लिए बोल रहा था. बलात्कारियों को गले सिर्फ़ बीजेपी वाले लगा सकते है कांग्रेस वाले नहीं. आपके समक्ष मैं FIR की कॉपी शेयर कर रहा हूं.

2022 के विवाद में भी नाम सामने आया था

विधायक राजेंद्र सिंह बिधूड़ी पहले भी विवादों में रह चुके हैं. आरोप है कि साल 2022 में बिधूड़ी ने फोन पर थाना प्रभारी भैंसरोडगढ़ को जमकर गालियां दी थीं. इस मामले में उन पर एफआईआर भी दर्ज हुई थी. हालांकि कोर्ट ने इसे नहीं माना था और विधायक के खिलाफ समन को रद्द कर दिया था. 

राजेन्द्र बिधूड़ी किस केस की बात कर रहे हैं?

मामला चित्तौड़गढ़ के थाना बेगूं का है. यहां 16 जुलाई,2021 को एक एफआईआर दर्ज हुई. एफआईआर में आठ अभियुक्तों के खिलाफ क्रमशः धारा 323, धारा 366 और धारा 376 में केस दर्ज किया गया था. राजेंद्र सिंह बिधूड़ी का कहना है कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति उनसे इसी मामले में मदद मांगने आया था. महूपुरा, बेगूं की एक लड़की ने आठों अभियुक्तों के खिलाफ बलात्कार और वीडियो बनाने की शिकायत की थी. इसी एफआईआर का ज़िक्र राजेंद्र सिंह बिधूड़ी कर रहे हैं.

(यह भी पढ़ें:वसुंधरा राजे के करीबी का टिकट कटा, क्या राजस्थान में BJP सांसदों की राह मुश्किल हो गई है?)

Advertisement