ईरान की सभ्यता खत्म करने की धमकी देने वाले डॉनल्ड ट्रंप ने अमेरिका-ईरान के बीच सीजफायर का ऐलान कर दिया है. दोनों देशों के बीच दो हफ्तों तक जंग रोकने पर सहमति बनी है. ट्रंप ने बताया कि यह फैसला पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और आर्मी चीफ फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के साथ हुई बातचीत के बाद लिया गया. इन दोनों ने ट्रंप से ईरान पर हमलों को टालने की गुजारिश की थी.
अमेरिका-ईरान के बीच दो हफ्ते का सीजफायर, ट्रंप ने मानी पाकिस्तान की बात
US Iran Ceasefire: अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने बताया कि अमेरिका-ईरान के बीच झगड़े की वजह बने ज्यादातर मुद्दों को पहले ही सुलझा लिया गया है. उन्होंने कहा कि दो हफ्ते के सीजफायर के समय में दोनों देश एग्रीमेंट फाइनल कर सकते हैं.


बुधवार, 8 अप्रैल 2026 को डॉनल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर बताया कि सीजफायर इस शर्त पर है कि ईरान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से खोल दे. उन्होंने इसे तनाव कम करने की दिशा में एक जरूरी कदम बताया है. उन्होंने लिखा,
"मैं दो हफ्ते के लिए ईरान पर बमबारी और हमला रोकने के लिए राजी हूं. यह दो-तरफा सीजफायर होगा! ऐसा करने की वजह यह है कि हम पहले ही सभी मिलिट्री मकसदों को पूरा कर चुके हैं और उनसे आगे निकल चुके हैं, और ईरान के साथ लंबे वक्त की शांति और मिडिल ईस्ट में शांति के लिए एक ठोस एग्रीमेंट के बहुत करीब हैं. हमें ईरान से 10 पॉइंट का प्रपोजल मिला है, और हमारा मानना है कि यह बातचीत करने के लिए एक काम करने लायक आधार है."
अमेरिकी राष्ट्रपति ने बताया कि दोनों देशों के बीच झगड़े की वजह बने ज्यादातर मुद्दों को पहले ही सुलझा लिया गया है. उन्होंने कहा कि दो हफ्ते मिलने से दोनों देश एग्रीमेंट फाइनल कर सकते हैं.

ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के हवाले से ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने भी बयान जारी किया है. उन्होंने X पर लिखा,
"इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान की ओर से मैं अपने प्यारे भाइयों पाकिस्तान के महामिम प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और महामहिम फील्ड मार्शल आसिम मुनीर का इस रीजन में जंग खत्म करने की उनकी लगातार कोशिशों के लिए शुक्रिया और तारीफ करता हूं.
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के ट्वीट में भाईचारे वाली गुजारिश के जवाब में, और अमेरिका के अपने 15 पॉइंट प्रपोजल के आधार पर बातचीत की गुजारिश के साथ-साथ अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा बातचीत के आधार के तौर पर ईरान के 10-पॉइंट प्रपोजल के जनरल फ्रेमवर्क को मंजूर करने की घोषणा को देखते हुए, मैं ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल की ओर से यह घोषणा करता हूं:
अगर ईरान के खिलाफ हमले रोक दिए जाते हैं, तो हमारी ताकतवर आर्म्ड फोर्स अपने डिफेंसिव ऑपरेशन बंद कर देंगी.
दो हफ्ते के समय के लिए ईरान की आर्म्ड फोर्स के साथ कोऑर्डिनेशन और टेक्निकल कमियों पर ठीक से विचार करके होर्मुज स्ट्रेट से सुरक्षित रास्ता बनाया जा सकेगा."

10 अप्रैल को इस्लामाबाद में मीटिंग
अमेरिका और ईरान के बीच शांति कायम करने के लिए पाकिस्तान काफी समय से मीडिएटर के रोल में है. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी कंफर्म किया कि अमेरिका और ईरान अपने सहयोगियों के साथ लेबनान समेत वेस्ट एशिया में हर जगह तुरंत सीजफायर पर सहमत हो गए हैं. उन्होंने बताया कि सीजफायर तुरंत लागू होगा.

पीएम शहबाज शरीफ ने अमेरिका और ईरान के डेलीगेशन को शुक्रवार, 10 अप्रैल 2026 को इस्लामाबाद में इनवाइट किया है. दोनों देश इस दिन शांति समझौते पर बात करेंगे. पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई कि 'इस्लामाबाद टॉक्स' दोनों देशों के बीच शांति लाने में कामयाब होगी.
वीडियो: अमेरिका, इजरायल ने ईरान के इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमले किए शुरू, कहां-कहां किया अटैक?





















