The Lallantop

टीना डाबी के रिलेशनशिप वाला स्क्रीनशॉट शेयर करना बंद करो!

UPSC टॉपर टीना डाबी चाहे अतहर से शादी करें, चाहे किसी और से, तुम्हें क्या लेना-देना?

Advertisement
post-main-image
फोटो - thelallantop

सिविल सर्विस एग्जाम 2015 की टॉपर टीना डाबी फिर खबरों में हैं. वजह कोई अचीवमेंट नहीं, पर्सनल लाइफ है. सोशल मीडिया पर जमकर शेयर हो रहे एक स्क्रीनशॉट में टीना और अतहर आमिर खान रिलेशनशिप में दिखाए जा रहे हैं. कश्मीर के अतहर 2015 के सिविल सर्विस एग्जाम में सेकेंड आए थे. ये ऐसा मामला है, जिस पर कुछ बातें होनी चाहिए.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

अगर ये स्क्रीनशॉट फर्जी है तो...

इंटरनेट के जमाने में अवेयर होना बेहद आसान है, लेकिन सोशल मीडिया ने लोगों को बेवकूफ बनाने के बहुत बड़े पट खोल दिए हैं. ये ऐसा अक्षय पात्र है, जिससे आप जितना चाहें, फ्रॉड निकाल सकते हैं. ये कभी खत्म नहीं होता. टीना के साथ भी यही हुआ. एक बार नहीं, कई बार.

रिलेशनशिप वाला स्क्रीनशॉट देखने के बाद जब हमने टीना से बात की, तो पता चला कि उनका फेसबुक अकाउंट तो डीऐक्टिवेट है. साफ है कि फेसबुक पर किसी की भी पहचान हासिल करके कुछ भी बात करना कितना आसान है. आप किसी भी फेमस इंसान की चार तस्वीरें उठाकर उसके नाम से कुछ भी पोस्ट कर सकते हैं और लोग यकीन करने लगेंगे.

tina-dabi

Advertisement

फेसबुक जैसी साइट्स से मिले कॉन्टेंट को कोई भी क्रॉसचेक नहीं करता है. ये एक भेड़चाल सा है. जो दिखा, उसके पीछे हो लिए. उसके सही या गलत होने पर कोई सवाल नहीं उठाता. जब टीना टॉपर बनी थीं, तब अचानक उनके नाम की ढेर सारी प्रोफाइल बन गई थीं और उस समय उनमें से कोई भी असली नहीं थी. ऐसी सभी प्रोफाइल्स पर दो-तीन तस्वीरों के अलावा कोई पुख्ता पर्सनल जानकारी नहीं थी, लेकिन कॉन्ट्रोवर्शियल कॉन्टेंट ढेर सारा था. ये गलत है कि हम हर चीज पर एक बार में भरोसा कर लेते हैं.

अगर ये स्क्रीनशॉट असली है तो...

अगर टीना वाकई अतहर के साथ रिलेशनशिप में हैं, तो ये उनका पर्सनल मामला है. नुमाइश करने वाला नहीं. लाखों फेसबुक प्रोफाइल्स पर रिलेशनशिप स्टेटस बताया जाता है. आपकी-हमारी प्रोफाइल पर भी हो सकता है. हमारे-आपके दोस्त फेसबुक पर रिलेशनशिप के बारे में बताते हैं, लेकिन उसे तो इतने चटकारों से साथ शेयर नहीं किया जाता. फिर टीना के रिलेशनशिप स्टेटस में इतनी दिलचस्पी क्यों?

tina-athar

Advertisement

वैसे टीना के साथ ये इससे पहले भी हो चुका है. 2015 में टॉपर बनने के बाद उनकी फर्जी प्रोफाइल से एक पोस्ट की गई थी, जिसमें उन्हें नरेंद्र मोदी की फैन बताया गया था. पोस्ट के मुताबिक टीना ने नरेंद्र मोदी से बहुत कुछ सीखा और मोदी उनके प्रेरणास्रोत है, जबकि असल में ये फर्जी पोस्ट थी. बड़ी दिक्कत यही है कि ऐसे पोस्ट्स हमेशा चीजों को पॉलिटिकल, कम्युनल या कास्टिस्ट रंग दे देते हैं.

जब टीना टॉपर बनीं, तो इस बात को जाति से जोड़कर खूब शेयर किया गया. कहा गया कि एक दलित पहले प्रयास में टॉपर बनी. जब नरेंद्र मोदी वाली पोस्ट वायररल हुई, तो चीजें पॉलिटिकल हो गईं. ये इतना ऑकवर्ड था कि टीना न तो इसे स्वीकार कर पा रही थीं और न सफाई दे पा रही थीं. अब जब रिलेशनशिप की बात है, तो इसे कम्युनल तरीके से शेयर किया जा रहा है कि टीना हिंदू हैं और अतहर मुस्लिम. सवाल यही है कि आखिर हम लोगों की पर्सनल लाइफ में इतना घुसते ही क्यों हैं.

Advertisement