The Lallantop

पत्नी ने सिद्दीक कप्पन की 'जानवरों' वाली हालत बताई, तब जाकर सुप्रीम कोर्ट से ये बड़ी राहत मिल पाई

अक्टूबर, 2020 से जेल में बंद हैं सिद्दीक कप्पन.

Advertisement
post-main-image
सिद्दीक कप्पन को साल 2020 में उस समय गिरफ्तार किया गया था, जब वो हाथरस गैंगरेप केस कवर करने जा रहे थे.
मथुरा जेल में बंद केरल के पत्रकार सिद्दीक कप्पन कोरोना पॉज़िटिव हैं. मथुरा मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में उनका इलाज चल रहा है. अब इलाज के लिए दिल्ली शिफ्ट किया जाएगा. 28 अप्रैल को सुप्रीम कोर्ट ने सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद उत्तर प्रदेश सरकार को आदेश दिया कि सिद्दीक को जल्द से जल्द दिल्ली के AIIMS में शिफ्ट किया जाए. जब वो ठीक हो जाएं तो उन्हें वापस मथुरा शिफ्ट किया जाएगा. केरल यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (KUWJ) ने सिद्दीक कप्पन की ज़मानत याचिका सुप्रीम कोर्ट में दायर की थी. CJI एन वी रमन्ना की बेंच ने इस याचिका पर सुनवाई की. याचिका में कहा गया कि कप्पन मथुरा जेल के बाथरूम में बेहोश होकर गिर गए थे. इसके बाद उनकी कोविड रिपोर्ट भी पॉज़िटिव आई. KUWJ ने कोर्ट से सिफारिश की थी कि उन्हें इलाज के लिए AIIMS अस्पताल में शिफ्ट किया जाए. सुप्रीम कोर्ट ने यूपी सरकार से पूछा था कि वो बताएं कि क्या गिरफ्तार पत्रकार सिद्दीक को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली शिफ्ट किया जा सकता है? इस पर सरकारी वकील तुषार मेहता ने कहा कि दूसरे कैदियों का इलाज भी राज्य के ही अस्पतालों में हो रहा है. रही बात दिल्ली की तो वहां पहले से ही अस्पतालों की क्षमता से ज़्यादा मरीज़ भर्ती हैं. कप्पन की वाइफ ने चिट्ठी में क्या कहा? सिद्दीक कप्पन की वाइफ ने भी चीफ जस्टिस को एक लेटर लिखा था. जिसमें मथुरा के हॉस्पिटल में उनके पति के साथ किए जा रहे बर्ताव को लेकर विस्तार में उन्होंने लिखा था. उन्होंने दावा किया था कि कप्पन को मथुरा के मेडिकल कॉलेज के बेड पर किसी जानवर की तरह बांध कर रखा जाता है. उन्होंने कहा कि कप्पन को चार दिन से ना तो खाना दिया जा रहा है और न ही उन्हें बाथरूम जाने दिया जा रहा है. कप्पन की पत्नी ने इस लेटर में कहा कि उनके पति की हालत बेहद नाज़ुक है. केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने भी योगी आदित्यनाथ को चिट्ठी लिखी थी. और उनसे अपील की थी कि कप्पन का एक्सपर्ट के नेतृत्व में इलाज हो. सिद्दीक कप्पन को 3 अक्टूबर 2020 को यूपी पुलिस ने मथुरा में गिरफ्तार किया था. वो हाथरस गैंगरेप मामले को कवर करने के लिए जा रहे थे. पुलिस का कहना था कि कप्पन इस हादसे को लेकर धार्मिक दुश्मनी भड़काने की साज़िश का हिस्सा थे. कप्पन को अनलॉफुल एक्टिविटीज़ प्रिवेंशन एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया था. तब से वो मथुरा के जेल में बंद हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement