The Lallantop

Indigo की फ्लाइट में मुक्का चलने से पहले हुआ क्या था? रशियन महिला ने बताया

यात्रियों ने दावा किया है कि मुक्का चला ज़रूर लेकिन पहले उकसाया गया था.

Advertisement
post-main-image
पायलट ने यात्रियों से कहा कि आप लोगों की वजह से फ्लाइट डिले हो रही है. (फ़ोटो/सोशल मीडिया)

सोशल मीडिया पर Sahil Kataria Indigo वाला वीडियो भयंकर वायरल है. साहिल, दिल्ली-गोवा फ्लाइट में 13 घंटे की देरी से नाराज़ थे. सो उन्होंने पायलट Anup Kumar को मुक्का मार दिया. मामले में कार्रवाई करते हुए पैसेंजर को अरेस्ट किया गया, लेकिन बाद में ज़मानत पर रिहा भी किया गया. लेकिन इस मामले में अब एक महिला का बयान सामने आया है. जिसका कहना है कि मुक्का मारा तो गया, लेकिन उकसावे के बाद. उनका इल्ज़ाम है कि पायलट ने यात्रियों पर ही फ्लाइट को डिले कराने का दोष मढ़ दिया था.

Advertisement

महिला ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पहले इस घटना का वीडियो शेयर किया था. जिसमें पैसेंजर ने पायलट को मुक्का मारा था. महिला का नाम एवगेनिया बेल्सकिया (Evgenia Belskaia) है. बाद में एक स्टोरी पोस्ट कर एवगेनिया ने कहा, 

“कहानी ये है कि मेरी टीम की दिल्ली से गोवा फ्लाइट थी, सबह 7:40 पर. वो लोग सुबह 6 बजे एयरपोर्ट पहुंच गए थे. इंडिगो का स्टाफ हर घंटे में ये बोल रहा था कि आपकी फ्लाइट एक घंटे-दो घंटे लेट है. ऐसा होते-होते उन लोगों ने 10 घंटे इंतज़ार किया. फिर स्टाफ ने कहा कि सभी यात्री फ्लाइट में अंदर आ सकते हैं. लेकिन फ्लाइट में भी मेरी टीम दो घंटे इंतज़ार करती रही. सभी लोगों को गुस्सा आ रहा था. इसलिए यात्री क्रू मेंबर्स से सवाल पूछ रहे थे कि हम लोग कब यहां से निकलेंगे. 

इसी बीच ये पायलट वहां पर आया. और कहने लगा कि आप सभी लोग बहुत सवाल पूछ रहे हो. आप लोगों की वजह से हम अपनी बारी मिस कर गए. इसलिए अब आप लोगों की वजह से हमें और इंतज़ार करना पड़ेगा.”

Advertisement

एवगेनिया ने आगे कहा कि दरअसल पायलट ने यात्रियों को ही देरी के लिये जिम्मेदार ठहरा दिया था. उन्होंने आगे कहा, 

“हां पायलट को मारना 100% गलत बात है. लेकिन वो यात्रियों को फ्लाइट के डिले के लिये जिम्मेदार क्यों ठहरा रहे थे. उनको पैसेंजर की हालत समझनी चाहिए थी. उन्हें सपोर्ट करना चाहिए था.” 

इंडिया टुडे से बात करते हुए एक यात्री ने करीब करीब यही बात कही है. उन्होंने दावा किया कि फ्लाइट का क्रू यात्रियों को बार बार सवाल करने पर टोक रहा था और देरी के लिये ज़िम्मेदार बता रहा था. वैसे यहां ये दर्ज करना ज़रूरी है कि किसी भी उकसावे के चलते हिंसा को जायज़ नहीं ठहराया जा सकता.

Advertisement

इस घटना के बाद अब DGCA ने खराब मौसम के कारण कैंसिल हो रही फ्लाइट्स से जुड़ी नई गाइडलाइन्स जारी की हैं (DGCA issues new SOP). DGCA का कहना है कि फ्लाइट के बारे में जानकारी SMS, व्हाट्सएप और ईमेल के जरिए दी जानी चाहिए. सभी एयरलाइन कंपनियों को तत्काल इनका पालन करने को कहा गया है.

नए SOP जारी करते हुए DGCA ने कहा कि एयरलाइन कंपनी मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते फ्लाइट्स को रद्द कर सकती हैं. बशर्ते 3 घंटे से अधिक की देरी होने का अंदेशा हो. लेकिन यात्रियों को गंभीरता के साथ सही वजह बतानी होगी. 

ये भी पढ़ें: "बर्दाश्त नहीं" इंडिगो के मुक्का कांड पर ज्योतिरादित्य सिंधिया क्या बोले? 

वीडियो: इंडिगो की फ्लाइट हुई लेट, नाराज शख्स ने पायलट को मुक्का जड़ दिया, वीडियो वायरल

Advertisement