The Lallantop

बिल गेट्स के साथ PM मोदी की लंबी बातचीत का वीडियो आया सामने, इन जरूरी मुद्दों पर हुई चर्चा

PM Narendra Modi ने Bill Gates के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल टेक्नॉलजी में भारत की प्रगति को लेकर विस्तार से बात की. नारी शक्ति, हेल्थकेयर, जलवायु परिवर्तन पर भी चर्चा हुई.

Advertisement
post-main-image
बिल गेट्स से बातचीत करते PM मोदी (फोटो- यूट्यूब/Narendra Modi)

अमेरिकी बिजनेसमैन और माइक्रोसॉफ्ट को-फाउंडर बिल गेट्स (Bill Gates) पिछले दिनों भारत यात्रा पर आए हुए थे. उन्होंने अपने टूर की कई सारी फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर की. अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी लंबी बातचीत (PM Modi Bill Gates) का वीडियो सामने आया है. इस दौरान दोनों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से लेकर डिजिटल क्रांति जैसे कई जरूरी मुद्दों पर चर्चा की. PM मोदी ने बिल गेट्स के साथ भारत से जुड़ी कई दिलचस्प बातें भी शेयर कीं.

Advertisement

45 मिनट के वीडियो में दोनों के बीच भारत के हेल्थकेयर सिस्टम, वैक्सीनेशन, टेक्नॉलजी, नारी शक्ति और जलवायु परिवर्तन पर बात हुई. PM मोदी ने बताया कि 2023 जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान उन्होंने कैसे AI का इस्तेमाल किया. कैसे AI ने काशी तमिल संगमम कार्यक्रम के दौरान उनके हिंदी भाषण का तमिल में अनुवाद किया. PM कहते हैं,

ऐतिहासिक रूप से पहली और दूसरी औद्योगिक क्रांति के दौरान हम पिछड़ गए क्योंकि हम एक उपनिवेश थे. मुझे विश्वास है कि अब चौथी औद्योगिक क्रांति के दौरान भारत को बहुत फायदा होगा. AI बहुत जरूरी है. मैं मजाक में कहता हूं कि हमारे देश में हम अपनी मां को 'आई' कहते हैं. अब मैं कहता हूं कि जब कोई बच्चा पैदा होता है, तो वह 'आई' के साथ-साथ AI भी कहता है. बच्चे भी एडवांस हो गए हैं. 

Advertisement

PM मोदी ने आगे कहा,

मैंने तय किया कि मैं भारत में डिजिटल डिवाइड (विभाजन) नहीं होने दूंगा और इसलिए हम इंफ्रास्ट्रक्टर को देश भर के गांवों तक ले गए हैं. भारत में महिलाओं ने नई तकनीक को तेजी से अपनाया है. मैंने 'नमो ड्रोन दीदी' योजना शुरू की. उनका कहना था कि वो साइकिल चलाना नहीं जानती लेकिन अब वो पायलट हैं और ड्रोन उड़ा सकती हैं. मानसिकता बदल गई है.

PM मोदी ने डीपफेक के लिए AI के दुरुपयोग पर चिंता जाहिर की और इसके निगेटिव इफेक्ट को कम करने के लिए उपाय प्रस्तावित किए. बोले,

Advertisement

अगर इतनी अच्छी चीज बिना प्रॉपर ट्रेनिंग के किसी को दी जाती है तो इसका दुरुपयोग होने की संभावना है. मेरे हिसाब से हमें AI कॉन्टेंट पर वॉटरमार्क लगाने के साथ शुरुआत करनी चाहिए ताकि कोई भी गुमराह न हो. अगर हम आलस के चलते AI के भरोसे बैठे हैं तो ये गलत रास्ता है.

ये भी पढ़ें- बिल गेट्स कौन? डॉली चाय वाले ने बोला, "मैं तो समझा 'फॉरेन कंट्री' के बंदे हैं, चाय पिलाना चाहिए" 

बातचीत के दौरान बिल गेट्स ने तेजी से टेक्नोलॉजी अपनाने और लीड करने की क्षमता के लिए भारतीयों की तारीफ की.

वीडियो: सोशल लिस्ट: डॉली चायवाले की बिल गेट्स से मुलाकात किससे हज़म नहीं हो पा रही है?

Advertisement