The Lallantop

कैलिफोर्निया के मंदिर में लिखे गए 'हिंदुओं वापस जाओ' जैसे नारे, विदेश मंत्रालय ने की एक्शन की मांग

California Hindu Temple: चिनो हिल्स के BAPS मंदिर को अपमानित करने का प्रयास किया गया. संस्था ने कहा है कि हिंदू समुदाय के खिलाफ नफरत भरी घटना है. भारत सरकार ने भी इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है.

Advertisement
post-main-image
विदेश मंत्रालय ने कड़ी कार्रवाई की मांग की है. (तस्वीर: इंडिया टुडे)

अमेरिका के कैलिफोर्निया में एक हिंदू मंदिर को नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है. रिपोर्ट है कि चिनो हिल्स के ‘बोचासनवासी अक्षर पुरूषोत्तम स्वामीनारायण संस्था’ (BAPS) के एक मंदिर को अपमानित (California Hindu Temple) किया. भारत सरकार ने इस घटना की निंदा की है और कड़ी कार्रवाई की मांग की है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंदिर की दीवारों पर ‘हिंदुओं वापस जाओ’ जैसे नारे लिखे गए.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

BAPS ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दी. लिखा,

मंदिर के अपमान की एक और घटना. इस बार कैलिफोर्निया के चिनो हिल्स में. हिंदू समुदाय नफरत के खिलाफ डटकर खड़ा है. चिनो हिल्स और दक्षिणी कैलिफोर्निया के समुदाय के साथ मिलकर, हम कभी भी नफरत की जड़ों को जमने नहीं देंगे. हमारी मानवता और आस्था ये सुनिश्चित करेगी कि शांति और करुणा बनी रहे.

Advertisement
विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?

भारत सरकार की ओर से विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक बयान जारी किया है. बयान में लिखा गया है,

हमने कैलिफोर्निया के चिनो हिल्स में एक हिंदू मंदिर में तोड़फोड़ के बारे में रिपोर्ट देखी है. हम इस तरह के घृणा से भरे कृत्यों की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं. हम स्थानीय कानून प्रवर्तन अधिकारियों से जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हैं. पूजा स्थलों की पर्याप्त सुरक्षा सुनिश्चित की जाए.

California Temple Vandalism
विदेश मंत्रालय का बयान.

ये भी पढ़ें: निज्जर, पन्नू के बाद अगला टारगेट कैलिफोर्निया में था, अमेरिका ने अब क्या नए आरोप लगाए?

Advertisement
लगातार हो रहे हमले?

कोलिशन ऑफ हिंदूज ऑफ नॉर्थ अमेरिका (CoHNA) ने भी इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. CoHNA उत्तरी अमेरिका की एक संस्था है जो हिंदू समुदाय के हितों की रक्षा के लिए काम करने की बात कहती है. संगठन ने सोशल मीडिया पर लिखा,

एक और हिंदू मंदिर में तोड़फोड़ की गई. इस बार चिनो हिल्स के प्रतिष्ठित BAPS मंदिर को निशाना बनाया गया. ये आश्चर्य की बात नहीं है कि ऐसा तब हुआ है जब लॉस एंजिल्स में तथाकथित "खालिस्तान जनमत संग्रह" के दिन करीब आ रहे हैं. यहां उन हिंदू मंदिरों की सूची दी गई है, जिन्हें पिछले कुछ सालों में तोड़-फोड़ या चोरी का शिकार होना पड़ा है. 

  • 3 अगस्त और 16 अगस्त 2022: क्वींस, न्यूयॉर्क में श्री तुलसी मंदिर. 
  • 30 अक्टूबर, 2023: सैक्रामेंटो में हरि ओम राधा कृष्ण मंदिर.
  • 23 दिसंबर, 2023: नेवार्क, कैलिफोर्निया में एसएमवीएस श्री स्वामीनारायण मंदिर.
  • 1 जनवरी, 2024: सांता क्लारा, कैलिफोर्निया में शिव दुर्गा मंदिर.
  • 5 जनवरी, 2024: फ्रेमोंट, कैलिफोर्निया में श्री अष्ट लक्ष्मी मंदिर.
  • 5 जनवरी, 2024: हेवर्ड, कैलिफोर्निया में विजय का शेरावाली मंदिर.
  • 11 जनवरी, 2024: डबलिन, कैलिफोर्निया में श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर.
  • 17 सितंबर, 2024: मेलविले, न्यूयॉर्क में BAPS श्री स्वामीनारायण मंदिर.
  • 25 सितंबर, 2024: सैक्रामेंटो, कैलिफोर्निया में BAPS स्वामीनारायण मंदिर.
  • 8 मार्च, 2025: BAPS मंदिर चिनो हिल्स.

CoHNA ने इन हमलों के खिलाफ गहन जांच की मांग की है.

वीडियो: दी लल्लनटॉप शो: झंडा पकड़े ख़ालिस्तानियों ने कनाडा के हिंदू मंदिर में क्या किया?

Advertisement