The Lallantop

फ्लाइट में महिला पर पेशाब करने वाला शेखर मिश्रा कौन है?

एयर इंडिया फ्लाइट में बुजुर्ग महिला पर पेशाब करने वाले का पता लग गया

Advertisement
post-main-image
एयर इंडिया की सांकेतिक तस्वीर (फोटो - आजतक)

बुधवार, 4 जनवरी को ख़बर आई कि एयर इंडिया की फ़्लाइट में नशे की हालत में एक शख़्स ने एक बुज़ुर्ग महिला पर पेशाब कर दिया. दिल्ली पुलिस ने आरोपी शख़्स के ख़िलाफ़ केस दर्ज कर लिया है. IPC की धारा 354 (अपराधिक बल का इस्तेमाल करना), 294 (सार्वजनिक स्थान पर अश्लील हरकत करना), 509 (महिला की गरिमा भंग करना), 510 (नशे में धुत व्यक्ति द्वारा सार्वजनिक रूप से दुराचार) के तहत केस दर्ज किया गया है.

Advertisement
कौन है आरोपी?

आजतक के अरविंद ओझा की रिपोर्ट के मुताबिक़, आरोपी मुंबई का रहने वाला है. नाम शेखर मिश्रा है. उम्र 40-45 साल के क़रीब है. आरोपी को गिरफ़्तार करने के लिए कई टीमें लगाई गई हैं. एयर इंडिया ने आरोपी पर 30 दिनों का प्रतिबंध लगा दिया है.

क्या हुआ था फ्लाइट में

बिज़नेस टुडे की स्मृति मिश्रा की रिपोर्ट के मुताबिक ये घटना 26 नवंबर की है. महिला एयर इंडिया की बिजनेस क्लास में न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रही थी. दोपहर के खाने के बाद बत्ती बंद होने पर आरोपी व्यक्ति उनकी सीट पर आया. अपने पैंट की ज़िप खोली और पेशाब कर दिया. बताया जाता है कि पेशाब करने के काफी देर बाद भी वो व्यक्ति वहीं पर खड़ा रहा. घटना के बाद उसे आस-पास के लोगों ने पकड़कर हटाया.

Advertisement

ख़बर आई और हर जगह फैल गई. इंटरनेट की जनता ने शख़्स को गिरफ़्तार करने की मांग की. राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) की चेयरपर्सन रेखा शर्मा ने दिल्ली पुलिस आयुक्त को पत्र लिखा. संबंधित क़ानून के तहत मामले में फ़ौरन मुक़दमा दर्ज करने और एक बुज़ुर्ग महिला को मानसिक आघात पहुंचाने के दोषी के ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए. NCW ने एयर इंडिया लिमिटेड की भूमिका पर भी सवाल उठाए. एयर इंडिया के अध्यक्ष को भी इस मामले में हस्तक्षेप करने लिए कहा. आयोग ने कार्रवाई की सूचना 7 दिनों के अंदर मांगी है.

पीड़ित महिला ने आरोपी के साथ केबिन क्रू की भी शिकायत की थी. लिखा था कि क्रू मेंबर्स असंवेदनशील थे. इसके लिए एयर इंडिया के क्रू की चूक की जांच करने के लिए एक आंतरिक समिति का भी गठन किया गया है. 

वीडियो: एयर इंडिया बिकने के बाद उड्डयन मंत्रालय के पास अब क्या-क्या काम बचे हैं?

Advertisement

Advertisement