उन्नाव रेप केस की पीड़िता के पिता का इलाज करने वाले डॉक्टर प्रशांत उपाध्याय की संदिग्ध हालत में मौत हो गई है. मौत 13 जनवरी को हुई. बीते साल रेप केस पीड़िता के पिता को मारपीट के बाद ज़िला अस्पताल लाया गया था. तब डॉक्टर प्रशांत इमरजेंसी डिपार्टमेंट में थे और इन्होंने पीड़िता के पिता का इलाज किया था. बाद में जेल में पीड़िता के पिता की मौत हो गई थी. इस मामले में प्रशांत पर लापरवाही के आरोप लगे और प्रशांत को सस्पेंड कर दिया गया था. बहुत दिनों के बाद इन्हें फतेहपुर में पोस्टिंग दी गई थी. 14 जनवरी को इस केस से जुड़े मामले में तीस हजारी कोर्ट में सुनवाई होनी थी. रिपोर्ट के मुताबिक डॉक्टर प्रशांत उपाध्याय डायबिटीज से पीड़ित थे. न्यूज़ एजेंसी ANI ने प्रशांत के एक रिशेदार से बात की. उन्होंने बताया-
उन्होंने सुबह में सांस लेने में दिक्कत होने की शिकायत की. हमने उसे हॉस्पिटल जाने का सुझाव दिया. उन्होंने कहा कि वह थोड़ा आराम करने के बाद हॉस्पिटल जाएंगे. इस बीच उनका निधन हो गया.
दिल्ली की एक अदालत ने पिछले साल 20 दिसंबर को कुलदीप सिंह सेंगर को उन्नाव बलात्कार मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी. और उसे पीड़ित को 10 लाख रुपये का मुआवजा देने को कहा था.
वीडियो- उन्नाव गैंगरेप : रेप विक्टिम के पिता और कुलदीप सेंगर का ये रिश्ता कम लोग ही जानते हैं