The Lallantop

तुर्की-सीरिया भूकंप: मृतकों की संख्या 11 हजार से ज्यादा, WHO का आंकड़ा और भी भयानक

करीब 4 लाख लोग राहत शिविरों में शिफ्ट किए गए हैं.

Advertisement
post-main-image
भूकंप से तुर्की में करीब 5 हजार बिल्डिंग तबाह हो गई हैं.

तुर्की और सीरिया में आए भूकंप से मरने वालों का आंकड़ा 11000 से भी ज्यादा हो गया है. अभी तक बिल्डिंग के मलबों से लाशों का निकलना जारी है. हालात देखकर लगता नहीं कि ये दर्दनाक सिलसिला कुछ दिनों में खत्म हो जाएगा. वहीं तेज ठंज की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. तुर्की के 10 राज्यों में अगले तीन महीने के लिए आपातकाल लगा दिया गया है.

भूकंप से तुर्की में 8574 लोग मारे गए हैं और 34 हजार 810 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं. वहीं, अल जज़ीरा के मुताबिक सीरिया में भूकंप ने 2530 लोगों की जान ली है और 2600 घायल हुए हैं. दोनों ही देशों में मृतकों की संख्या बढ़ने की काफी आशंका है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
5000 इमारतें तबाह

तुर्की के उप-राष्ट्रपति फुआत ओक्ताए ने बताया कि 5000 से ज्यादा बिल्डिंग तबाह हो गई है. मलबे में से अब तक करीब 8 हजार लोगों को निकाला गया है. वहीं, राष्ट्रपति अर्दोआन ने कहा कि भूकंप से देश के 1.30 करोड़ लोग प्रभावित हुए हैं. 3.80 लाख लोगों को राहत शिविर में रखा गया है. भूकंप की भयावहता बताते हुए उन्होंने कहा,

"हम केवल तुर्की की नहीं, बल्कि दुनिया की सबसे बड़ी आपदा का सामना कर रहे हैं."

Advertisement

उधर विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने आशंका जताई है कि इस आपदा में मरने वालों की संख्या 20 हजार से भी ज्यादा हो सकती है. इसमें बड़ी संख्या बच्चों की है. वहीं यूनाइटेड नेशंस ने कहा है कि सीरिया में भूकंप से करीब 30 लाख रेफ्यूजी भी प्रभावित हुए हैं.

खराब मौसम ने बढ़ाई परेशानी

भूकंप के बाद बेघर हुए लोगों को सर्दी की मार भी झेलनी पड़ रही है. तुर्की के मौसम विभाग ने 14 फरवरी तक तापमान के औसत से कम रहने का अनुमान जताया है. भूकंप से प्रभावित इलाकों में 11 फरवरी तक तापमान 1 से 4 डिग्री रहने की आशंका है. बचाव दलों को ठंड में अपना काम जारी रखना होगा. लेकिन कई इलाकों में हल्की बारिश और स्नोफाल से रेस्क्यू ऑपरेशन में परेशानी आ रही है.

भारत ने 4 विमानों में भेजी राहत सामग्री

भारत ने चार C-17 ग्लोबमास्टर विमानों के जरिये तुर्की को राहत सामग्री भेजी है. इनमें मोबाइल हॉस्पिटल, पैरामेडिकल टीम और मेडिकल एक्विपमेंट्स शामिल हैं. भारत ने भूकंप से प्रभावित सीरिया को भी मदद भेजी है. इंडियन एयरफोर्स के एक विमान में करीब 6 टन राहत सामग्री सीरिया भेजी गई है. तुर्की के राष्ट्रपति की अंतरराष्ट्रीय समुदाय से मदद के मांग के बाद करीब 70 देशों ने भूकंप प्रभावित क्षेत्र में मेडिकल टीम और राहत सामग्री भेजने का काम किया है. दुनियाभर के करीब 24 हजार राहतकर्मी बचाव कार्य में जुटे हैं.

Advertisement

बता दें कि तुर्की और इससे सटे सीरिया में 6 फरवरी को एक के बाद एक लगातार तीन भूकंप आए थे. पहले भूकंप का केंद्र गजियांटेप, दूसरे का काहरामानमारस और तीसरे का गोकसुन इलाका था.

वीडियो: दुनियादारी: तुर्किए और सीरिया में भूकंप से भारत को क्या सीखने की ज़रूरत है?

Advertisement