CJI चंद्रचूण की एक वकील के साथ बहस हो गई. खबर है कि इस दौरान CJI अपना आपा खो बैठे और वकील पर जोर से चिल्लाने लगे. उन्होंने सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विकास सिंह को चुप होकर सुप्रीम कोर्ट से बाहर जाने को कह दिया. मामला सुप्रीम कोर्ट के वकीलों के लिए जमीन की मांग से जुड़ा है.
"धमकी मत दो,बाहर जाओ"- सुप्रीम कोर्ट में ऐसा क्या हुआ जो वकील पर चिल्ला पड़े CJI चंद्रचूड़?
CJI बोले- "आपको क्या लगता है कि हम यहां बेकार बैठे हैं?"


मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 2 मार्च को विकास सिंह एक याचिका पर सुनवाई के लिए जोर दे रहे थे. इसमें सुप्रीम कोर्ट में वकीलों के चैंबर के लिए 1.33 एकड़ की जमीन की मांग की गई है. विकास सिंह ने कहा कि मामले पर सुनवाई के लिए वकील पिछले छह महीनों से स्ट्रगल कर रहे हैं. CJI ने तीन न्यायाधीशों की पीठ का नेतृत्व करते हुए कहा,
आप इस तरह जमीन की मांग नहीं कर सकते. आप हमें बताएं कि क्या हम दिन भर बेकार बैठे हैं?
विकास सिंह ने कहा कि वकील 20 साल से चैंबर का वेट कर रहे हैं. विकास सिंह ने आगे कहा,
मैं ये नहीं कह रहा हूं कि आप पूरे दिन बेकार बैठे हैं. मैं केवल मामले को लिस्ट करने की कोशिश कर रहा हूं. अगर मामला लिस्ट नहीं होता, तो मुझ इसे बढ़ाकर आपके घर तक ले जाना पड़ेगा. मैं नहीं चाहता कि बार के मुद्दे को इस तरह लिया जाना चाहिए.
इसपर CJI ने कहा,
मुख्य न्यायाधीश को धमकी मत दो. क्या ये पेश आने का कोई तरीका है? मिस्टर सिंह, मैं भारत का मुख्य न्यायाधीश हूं. मैं लंबे समय से बेंच पर हूं. 22 साल से पेशे में हूं. आज तक मैंने खुद को किसी के दबाव में नहीं आने दिया. और मैं अपने कार्यकाल के आखिरी दो सालों में भी ऐसा नहीं होने दूंगा. आपको एक आम याचिकाकर्ता की तरह ही ट्रीट किया जाएगा. कृपया मुझे कुछ ऐसा करने के लिए मजबूर न करें जो आप नहीं चाहते हैं.
इस नोकझोंक के दौरान जस्टिस चंद्रचूड़ ने वकील से चुप रहने को कह दिया. मुख्य न्यायाधीश गुस्से में बोले,
चुप रहो. कोर्ट छोड़कर बाहर चले जाओ. आप हमें डरा नहीं सकते! आप सुप्रीम कोर्ट को आवंटित भूमि को बार को देने के लिए कह रहे हैं. मैंने अपना फैसला ले लिया है. मामले पर 17 तारीख को सुनवाई होगी.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बाद में वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल और NK कौल ने बार की ओर से CJI से माफी मांगी.
वीडियो: CJI चंद्रचूड़ और कानून मंत्री ने बताया यंग दिखने में कौन किससे आगे?



















