The Lallantop

बाघ के पेशाब से आर्थराइटिस के इलाज का दावा, चीन में भर-भर के बिक रहीं बोतलें

दावा है कि टाइगर का पेशाब 'रूमेटाइड आर्थराइटिस', मोच और मांसपेशियों में दर्द को ठीक कर सकता है. रूमेटाइड आर्थराइटिस बीमारी में मरीज को जोड़ों में दर्द और सूजन जैसी परेशानी का सामना करना पड़ता है.

Advertisement
post-main-image
बाघ के यूरिन से बीमारी दूर करने का चीन के चिड़ियाघर ने दावा किया है. (फोटो: Unsplash.com और साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट)

जोड़ों में दर्द की समस्या से कई लोग परेशान रहते हैं. इस समस्या के इलाज के लिए लोग मेडिकल से लेकर आयुर्वेदिक ट्रीटमेंट तक का सहारा लेते हैं. इससे आराम मिलता है या नहीं, ये तो वो लोग ही जानते हैं. हालांकि, अब चीन के एक चिड़ियाघर ने दावा किया है कि टाइगर का यूरिन (Chinese zoo sells tiger urine) 'रूमेटाइड आर्थराइटिस ' जैसी बीमारी का इलाज कर सकता है. चिड़ियाघर का प्रशासन बाकायदा बाघों का पेशाब बोतलों में भरकर बेच रहा है. एक बोतल की कीमत 50 युआन, यानी लगभग 600 रुपये है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
बाघ का यूरिन करेगा बीमारी दूर?

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिमी चीन स्थित सिचुआन में ‘यान बिफेंगक्सिया वन्यजीव चिड़ियाघर’ (Yaan Bifengxia Wildlife Zoo) है. यहां साइबेरियाई बाघों का ‘औषधीय टाइगर यूरिन’ प्रति बोतल लगभग 600 रुपये में बेचा जा रहा है. एक बोतल में करीब 250 ग्राम यूरिन मिलता है. हाल ही में चिड़ियाघर घूमने गए एक विजिटर ने सोशल मीडिया पर इस प्रोडक्ट की तस्वीर साझा की थी, तभी से इसकी चर्चा होने लगी है.

दावा है कि टाइगर का पेशाब 'रूमेटाइड आर्थराइटिस', मोच और मांसपेशियों में दर्द को ठीक कर सकता है. रूमेटाइड आर्थराइटिस बीमारी में मरीज को जोड़ों में दर्द और सूजन जैसी परेशानी का सामना करना पड़ता है. रिपोर्ट के मुताबिक जू ने इसे सही से लगाने का तरीका भी बताया है. सबसे पहले यूरिन को सफेद वाइन के साथ मिलाएं. फिर जहां दर्द है वहां लहसुन की स्लाइस के साथ इसे लगा लें. इतना ही नहीं, चिड़ियाघर ने दावा किया है कि आप इसे 'पी' भी सकते हैं. हालांकि ये सुझाव भी दिया है कि एलर्जी होने पर उसे छोड़ना बेहतर है.

Advertisement

रिपोर्ट के मुताबिक, चिड़ियाघर के एक स्टाफ ने बताया कि टाइगर के पेशाब करने के बाद इसे बेसिन से इकट्ठा किया जाता है. यूरिन बोतल की सेल ठीक-ठाक है. एक दिन में कम से कम दो बोतल यूरिन बिक जाती हैं. हालांकि, यूरिन को बेचने से पहले कीटाणु रहित किया गया है या नहीं, ये साफ नहीं है.

रिपोर्ट में हुबेई के एक पारंपरिक चीनी चिकित्सा अस्पताल के एक फार्मासिस्ट का बयान भी छपा है. उन्होंने कहा, "बाघ का पेशाब एक पारंपरिक दवा नहीं है. इसका कोई औषधीय प्रभाव भी साबित नहीं है." इस फार्मासिस्ट ने पर्यटकों को मेडिकल गाइडेंस का पालन करने की सलाह दी है. साथ ही चेतावनी दी है कि अप्रमाणित पदार्थों के इस्तेमाल से 'स्थिति और खराब' हो सकती है.

एक दूसरे डॉक्टर ने औषधीय प्रोडक्ट बेचने के लिए चिड़ियाघर की योग्यता पर सवाल उठाया. इस पर चिड़ियाघर के कर्मचारी ने बताया कि उनके पास यूरिन बेचने का बिजनेस लाइसेंस है.

Advertisement

रिपोर्ट के मुताबिक, पारंपरिक चीनी संस्कृति में बाघ ताकत और बहादुरी का प्रतीक रहे हैं. कुछ चीनी चिकित्सा ग्रंथों में दावा किया जाता है कि बाघ की हड्डियों से गठिया और मिर्गी जैसी मेडिकल कंडीशन्स का इलाज किया जा सकता है. हालांकि चीनी सरकार ने इसके इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिया है. यदि कोई बाघ का शिकार करता पकड़ा गया तो उसे 10 साल की सजा और जुर्माना हो सकता है. चीन में बाघ एक गंभीर रूप से लुप्तप्राय प्रजाति है.

वीडियो: दुनियादारी: क्या है चीन का चैटबॉट 'DeepSeek' जिसने अमेरिका को हिलाकर रख दिया?

Advertisement