The Lallantop

लॉस एंजेलिस: ट्रंप ने तैनात किए नेशनल गार्ड, कैलिफोर्निया के गर्वनर ने ठोका केस!

California के Governor Gavin Newsom ने कहा कि Trump ने राज्य से पूछे बिना ही गार्ड्स को तैनात किया. इसकी वजह से विरोध प्रदर्शन और भड़क उठे. दूसरी तरफ, वाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने नेशनल गार्ड्स की तैनाती का बचाव किया. उन्होंने गवर्नर न्यूजॉम के नेतृत्व की आलोचना की.

Advertisement
post-main-image
ट्रंप प्रशासन के खिलाफ बीते दिनों शुरू हुए थे प्रदर्शन. (फोटो- X/AP)

अमेरिका में कैलिफोर्निया राज्य के लॉस एंजिल्स (Los Angeles Protest) में इन दिनों बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं. विरोध प्रदर्शन को नियंत्रित करने के लिए बीते दिनों राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने यहां 2000 नेशनल गार्ड तैनात करने का फैसला लिया था. लेकिन अब इस पर विवाद होता दिख रहा है. कैलिफोर्निया के गवर्नर (CA Governor Gavin Newsom) ने ट्रंप के नेशनल गार्ड्स तैनात करने के फैसले पर विरोध जताया है. उन्होंने कहा कि वह ट्रंप के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे. उन्होंने राज्य से पूछे बिना ही गार्ड्स को तैनात किया. इसकी वजह से विरोध प्रदर्शन और भड़क उठे.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक. कैलिफोर्निया के गवर्नर गेविन न्यूजॉम ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा,

यह ठीक वैसा ही है जैसा डॉनल्ड ट्रंप चाहते थे. उन्होंने आग भड़काई और नेशनल गार्ड को अवैध रूप से तैनात किया. उन्होंने जिस आदेश पर साइन किए हैं, वह सिर्फ कैलिफोर्निया पर लागू नहीं होता है. इस तरह की हरकत उन्हें किसी भी राज्य में यही करने की अनुमति दे देगी. हम उन पर केस कर रहे हैं.

Advertisement

उनका कहना है कि ट्रंप ने गवर्नर को दरकिनार करते हुए US कोड के टाइटल 10 के तहत नेशनल गार्ड्स तैनात करने का आदेश जारी किया है. यह राज्य के साथ तालमेल का उल्लंघन है. इस तरह के काम लोगों की जान खतरे में डालते हैं. न्यूजॉम ने एक प्रेस ब्रीफिंग में कहा,

डॉनल्ड ट्रंप लापरवाह हैं. वह अनैतिक हैं. उन्होंने स्टेट के गवर्नर के साथ कभी भी कॉर्डिनेट नहीं किया.

दूसरी तरफ वाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने नेशनल गार्ड्स की तैनाती का बचाव किया. उन्होंने गवर्नर न्यूजॉम के नेतृत्व की आलोचना की. X पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा,

Advertisement

गैविन न्यूजॉम ने लॉस एंजिल्स में हिंसक दंगों के दौरान कुछ नहीं किया. क्योंकि गवर्नर न्यूजॉम शहर की रक्षा करने में बहुत कमज़ोर थे.

इस बीच, लॉस एंजिल्स की मेयर करेन बास और कैलिफोर्निया की लेफ्टिनेंट गवर्नर एलेनी कोनालाकी ने शांति बनाए रखने की अपील की. बास ने कहा,

लॉस एंजिल्स वाले हिंसा और अराजकता में शामिल नहीं होते. प्रशासन को वह न दें जो वे चाहते हैं. हमारी ताकत एकता में है, अराजकता में नहीं.

नेशनल गार्ड्स तैनात करने के बाद से लॉस एंजिल्स और सैन फ्रांसिस्को में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए. पुलिस ने कहा कि डाउनटाउन LA में 27 और सैन फ्रांसिस्को में लगभग 60 लोगों को गिरफ्तार किया गया. कुछ प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर मोलोटोव कॉकटेल फेंके और संपत्ति को नुकसान पहुंचाया. 

सैन फ्रांसिस्को में तीन अधिकारी घायल हुए. इनमें से एक को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. बीते हफ्ते शुरू हुए विरोध प्रदर्शन तब और बढ़ गए जब सुरक्षाबलों ने आंसू गैस और रबर की गोलियों से जवाब दिया. लॉस एंजिल्स में सेल्फ ड्राइविंग कारों को आग लगा दी गई. हाइव को ब्लॉक कर दिया गया. 

वीडियो: दुनियादारी: लॉस एंजिल्स के प्रदर्शनों में सालों बाद क्यों उतरे नेशनल गार्ड्स?

Advertisement