The Lallantop

Byju's वाले बच्चों और पैरेंट्स को ऐसी धमकी देंगें, किसी ने सोचा नहीं होगा, नोटिस मिल गया है!

राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने कहा है कि Byju's गलत तरीकों का इस्तेमाल कर रहा है.

Advertisement
post-main-image
कंपनी के सीईओ बायजू रवींद्रन. (फाइल फोटो)

राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर) ने कहा है कि ऑनलाइन एजुकेशन कंपनी Byju's बच्चों और उनके माता-पिता के नंबरों को खरीद रहा है और फिर इसके जरिये उन्हें धमकी दे रहा है कि अगर वो उनका कोर्स नहीं खरीदते हैं, तो बच्चे का भविष्य खराब हो जाएगा. एनसीपीसीआर प्रमुख प्रियंक कानूनगो ने बीते मंगलवार 20 दिसंबर को न्यूज एजेंसी एएनआई से कहा, 

Advertisement

'हमें पता चला है कि किस तरह Byju's बच्चों और उनके परिजनों के फोन नंबर खरीद रहा है. इसके बाद वो उन्हें बार-बार कॉल करके धमका रहा है कि उनका भविष्य बर्बाद हो जाएगा. वे ऐसे लोगों को निशाना बना रहे हैं, जिनकी पहली पीढ़ी पढ़ाई कर रही है. हम इस पर कार्रवाई करेंगे और जरूरत पड़ी तो हम रिपोर्ट तैयार करेंगे और इस पर सरकार को लिखेंगे.'

इससे पहले राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने Byju's के CEO बायजू रवींद्रन को समन भी जारी किया था और उनसे 23 दिसंबर को मौजूद रहने को कहा था. कंपनी पर आरोप है कि उन्होंने अपने स्टडी मैटेरियल को लेकर फर्जीवाड़ा किया है. आयोग ने एक न्यूज रिपोर्ट के आधार पर ये कार्रवाई की है. इसमें बताया गया था कि Byju's की सेल टीम अपने स्टडी मैटेरियल बेचने के लिए गलत तरीकों का इस्तेमाल करती है. इसे लेकर एनसीपीसीआर ने एक बयान में कहा,

Advertisement

'आयोग को एक न्यूज रिपोर्ट से पता चला है कि BYJU'S की सेल टीम अपने कोर्सेस को बेचने के लिए बच्चों के माता-पिता को लुभा रही है और वे कदाचार में लिप्त हैं. न्यूज रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि कुछ ग्राहकों ने ये दावा किया है कि उनका शोषण किया गया और उन्हें धोखा दिया गया है. इसके चलते उनकी पूरी बचत कमाई खतरे में पड़ गई है.'

कानूनगो ने ये भी कहा, 

'हमें 2021 की दिसंबर में शिकायत मिली थी कि कम आय वाले बच्चों के माता-पिता के पास बायजूस के सेल्स एग्जीक्यूटिव जाते हैं और EMI बोलकर फाइनेंस कंपनी से माता-पिता के क्षमता से अधिक के लोन दिलवाते हैं.'

Advertisement

एनसीपीसीआर प्रमुख ने कहा कि उन्होंने शिक्षा मंत्रालय, SFIO, RBI को इस मामले से अवगत कराया था और उस समय SFIO ने जांच करने के लिए RBI और कारपोरेट मंत्रालय को पत्र लिखा था. शिक्षा मंत्रालय ने भी Byju's कंपनी के लिए एक विस्तृत सलाह जारी की थी और नोटिस भी जारी किया था.

वीडियो: UPSC एस्पिरेंट्स, एक्स्ट्रा अटेम्प्ट की मांग लेकर धरना दे रहे थे, रात में पुलिस ने उठा लिया।

Advertisement