The Lallantop

बिहार पंचायत चुनाव: मुखिया पद के उम्मीदवार का ऐड देख सिर पकड़ लेंगे!

मतलब कुछ भी!

Advertisement
post-main-image
(बाएं) मुखिया पद के उम्मीदवार पप्पू सिंह का ऐड. (दाएं) प्रतीकात्मक तस्वीर. (साभार- फेसबुक और Unsplash.com)
बिहार में पंचायत चुनाव चल रहा है. अन्य पदों के साथ मुखिया भी चुना जाना है. मुखिया पद के उम्मीदवार जोर-शोर से अपने चुनाव प्रचार मे लगे हैं. वे अपने एरिया में घर-घर जाकर तो प्रचार कर ही रहे हैं, साथ ही इसके दूसरे तरीके भी  अपना रहे हैं. दूसरे तरीके समझ गए ना! अरे जमाना सोशल मीडिया का है भई. तो प्रचार भी सोशल मीडिया के जरिए हो रहा है. लेकिन अगर आपको मुखिया के लिए चुनाव मैदान में उतरना हो तो कहां-कहां विज्ञापन देंगे. जाहिर सी बात है उस एरिया में जहां आप चुनाव लड़ रहे हैं. लेकिन बिहार के एक मुखिया पद के उम्मीदवार हैं शिव कुमार उर्फ पप्पू सिंह. उन्होंने कथित रूप से अपने विज्ञापन के लिए इंस्टाग्राम को चुना. दरअसल केतन कुन्दन नाम के व्यक्ति को अपनी इंस्टा फीड पर एक स्पॉन्सर्ड पोस्ट दिखा. ये पप्पू सिंह के चुनाव प्रचार वाला ऐड था. केतन ने मुखिया उम्मीदवार का ये ऐड फेसबुक पर शेयर करते हुए लिखा कि मुखिया प्रत्याशी तक इंस्टा पर ऐड चलवा रहे हैं, जिनका चुनाव क्षेत्र एक पंचायत तक सीमित है. केतन ने लिखा,
मैं इस सज्जन को दूर-दूर तक नहीं जानता. ये ऐड मेरे वॉल पर आ रहा है. टारगेट ऑडिएंस जिसने भी सेट किया है वो सही नहीं है. उसे ऑडिएंस की बिल्कुल भी समझ नहीं है. दूसरी बात ये कि पंचायत चुनाव में कहीं से भी इस ऐड की जरूरत नहीं है. ये बस पैसे की बर्बादी है.
हमे इस ऐड के बारे में पता चला तो सीधे विज्ञापन में दिए गए नंबर पर फोन घुमा दिया. विज्ञापन में दिख रहे शिवकुमार उर्फ पप्पू सिंह से हमारी बात हुई. हमने उनसे पूछा कि इंस्टाग्राम पर विज्ञापन देने का विचार कहां से आया? उन्होंने बताया,
मेरा एक दोस्त है. उसने कहा कि गूगल के जरिए रामनगर एरिया में प्रचार करवा सकते हैं. तो हमने कहा कि दे दीजिए. हमने इंस्टाग्राम पर विज्ञापन दिया नहीं है. गूगल पर जब अकाउंट खोले तो विज्ञापन दिखने लगा. हमने गूगल पर अकाउंट खोला था. रामनगर एरिया एक पॉइंट बना है, उसी एरिया में विज्ञापन दिखाना था.
ये पूछने पर कि ये तो रामनगर एरिया के बाहर भी दिख रहा है शिव कुमार उर्फ पप्पू सिंह का कहना है,
हमारा कोई दोस्त होगा या किसी और ने कुछ डाला होगा तो चला गया होगा औरों के पास. हमने तो नहीं डाला. मैंने सिर्फ रामनगर एरिया में  प्रचार के लिए कहा था. कोई पैसा खर्च नहीं किया.
शिव कुमार इस बात से बार-बार इंकार करते रहे कि उन्होंने इंस्टाग्राम पर विज्ञापन नहीं दिया. हालांकि वो ये जरूर कहते रहे कि गगूल के जरिए रामनगर एरिया में प्रचार के लिए अपने दोस्त को कहा था. बहरहाल मुजफ्फपुर जिले में रामनगर क्षेत्र संख्या तीन में  24 तारीख को चुनाव है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement