The Lallantop

बिहार: नसबंदी के बाद भी एक महिला को तीन बच्चे हो गए, नसबंदी के पहले चार बच्चे थे

जब नसबंदी के बाद पहली बार गर्भ ठहरा था, तभी महिला के परिवार ने सिविल सर्जन और ज़िलाधिकारी को आवेदन दे दिया था.

Advertisement
post-main-image
महिला के पहले चार बच्चे थे और नसबंदी के बाद तीन बच्चे और हो गए. (फ़ोटो/आजतक)

साल 2015 में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जनसंख्या नियंत्रण को लेकर कई भाषण दिए थे. साथ ही उन्होंने परिवार नियोजन योजना चलाई थी. इसमें महिलाओं को नसबंदी करवाने के फायदे बताए गए थे. इसी योजना के तहत एक महिला ने सरकारी अस्पताल में नसबंदी करवाई. लेकिन इसके बावजूद महिला एक बार नहीं, तीन-तीन बार गर्भवती हो गई. महिला के पहले से चार बच्चे थे लेकिन अब सात बच्चे हो गए हैं. सरकार और सरकारी अस्पताल के पास इसका कोई जवाब नहीं है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

आजतक से जुड़े मणि भूषण शर्मा की रिपोर्ट के मुताबिक़ मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट क्षेत्र के गांव केवटसा की रहने वाली जूली देवी 2015 में नसंबदी के बाद 2018 में गर्भवती हुईं. उनके पति नीरज कुमार सिंह को जब गर्भ का पता चला तो वो जूली को सिविल सर्जन और जिला अधिकारी के पास लेकर गए. वहां जूली को अंतरा इंजेक्शन (गर्भनिरोधक इंजेक्शन) लगाया गया और कहा गया कि अब वो दोबारा प्रेग्नेंट नहीं होगीं.

आजतक से बातचीत के दौरान नीरज कुमार सिंह ने बताया कि 2018 में हमने जिलाधिकारी और सिविल सर्जन को आवेदन दिया और जांच की मांग की. 2020 में जूली फिर से प्रेग्नेंट हुईं. और एक बच्ची को जन्म दिया. तब जूली को तत्कालीन सिविल सर्जन ने 6,000 मुआवजा की राशि दी. नीरज ने आगे कहा, 

Advertisement

“बच्ची के जन्म के बाद हम गायघाट प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गए. वहां मुझसे कहा गया कि जूली को अगले तीन साल तक हर महीने अंतरा इंजेक्शन लगेगा. हमने हर महीने जूली को इंजेक्शन लगवाया. लेकिन जब आखिरी इंजेक्शन लगवाने गए तो पता चला कि वो तीन महीने से प्रेग्नेंट है. परिवार नियोजन ऑपरेशन (नसबंदी) करवाने के बाद ये तीसरा बच्चा है. अब तक सात बच्चे हो चुके हैं. हम बेरोजगार है सबका भरण पोषण कैसे करेंगे? ऑपरेशन के बाद जब पहला बच्चा हुआ था तभी जिलाधिकारी ने आश्वाशन दिया था कि मामले में उचित जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. लेकिन अभी तक कुछ हुआ नहीं है.”

यह भी पढ़ें: नसबंदी ऑपरेशन के बाद भी गर्भवती हो गई महिला, कोर्ट ने सरकार पर जुर्माना लगा दिया

इस पूरे मामले में गायघाट प्रभारी सिविल सर्जन ज्ञान रंजन ने आजतक को बताया कि परिवार नियोजन के बाद भी 3 बच्चे होने का मामला संज्ञान में आया है. आमतौर पर नियोजन फेल भी होता है तो एक बच्चा होता है. लेकिन तीन बच्चे कैसे हो गए इसकी जांच की जा रही है.

Advertisement

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़ इससे पहले भी बिहार में नसबंदी के बाद गर्भवती होने के मामले सामने आए हैं. बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में नसबंदी के दो साल बाद एक महिला प्रेग्नेंट हो गई थीं. उनके पहले से चार बच्चे थे. 

वीडियो: नसबंदी के बाद गर्भवती महिला पहुंची कोर्ट, सरकार को तगड़ी डांट पड़ गई

Advertisement