The Lallantop

कोरोना संकट के इस दौर में ओडिशा के CM जो कर रहे हैं, उसे इतिहास याद रखेगा!

कई राज्यों को ऑक्सीजन सप्लाई का जिम्मा उठाया है.

Advertisement
post-main-image
बाएं से दाएं. ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक. उद्योगपति नवीन जिंदल के अंगुल स्थित संयत्र से Medical Oxygen लेकर निकलता ट्रक. (पहली फोटो पीटाई से, दूसरी नवील जिंदल के ट्विटर हैंडल से)
देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर तबाही मचा रही है. अलग-अलग राज्यों में अस्पतालों से ऑक्सीजन (Oxygen) खत्म होने की खबरें आ रही हैं. ऑक्सीजन की कमी की वजह से मरीजों की जान जा रही है. ऐसे में ओडिशा सरकार और उद्योगपति नवीन जिंदल ने कई राज्यों को ऑक्सीजन सप्लाई करने का वादा किया है. ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने 22 अप्रैल को प्रधानमंत्री मोदी (PM Modi) से बात की और बाकी राज्यों की सहायता करने को कहा. इसी बाबत उड़ीसा के CM ऑफ़िस ने एक ट्वीट किया है. इस ट्वीट में कहा गया है कि कोविड-19 की दूसरी वेव एक युद्ध जैसी स्थिति है. ओडिशा कोविड से लड़ाई के खिलाफ राष्ट्रीय स्तर पर सभी सहयोग करेगा. इसके तहत ऑक्सीजन का उत्पादन बढ़ाना भी शामिल है, ताकि इन आपातकालीन हालातों में अन्य राज्यों की मदद की जा सके. 22 अप्रैल को ही ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के निर्देश के बाद, ओडिशा पुलिस ने ADG (लॉ एंड ऑर्डर) वाई के जेठवा के नेतृत्व में एक विशेष अधिकारी को अन्य राज्यों की ज़रूरतों के लिए ऑक्सीजन से भरे वाहनों के सुगम आवागमन की निगरानी के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है. अपने कोटे के ऑक्सीजन की शीघ्र आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए महाराष्ट्र और दिल्ली के मुख्यमंत्रियों ने नवीन पटनायक को धन्यवाद दिया है. ओडिशा की सत्ताधारी पार्टी बीजू जनता दल का किसी राज्य और राष्ट्रीय राजनीति में इतना बड़ा दख़ल नहीं है कि इस सहायता के बाद नवीन पटनायक किसी रिटर्न की उम्मीद करें. जिन राज्यों में ऑक्सीजन की कमी है, वहां आसानी से ऑक्सीजन पहुंच सके, इसके लिए राज्य की पुलिस ग्रीन कॉरिडर बना रही है. ग्रीन कॉरिडर का मतलब यहां यह है कि ऑक्सीजन ले जाने वाले वाहनों को बीच में कहीं जाम या ट्रैफ़िक नहीं मिलेगा. 22 अप्रैल की शाम को उड़ीसा के अंगुल से 20 टन मेडिकल ऑक्सीजन का पहला कंसाइनमेंट विशाखापट्टनम के लिए रवाना हुआ. इसके अगले दिन 23 अप्रैल की सुबह भी दो टैंकर अंगुल से विशाखापट्टनम के लिए रवाना हुए. ओडिशा पुलिस के ट्वीट में कहा गया है कि पुलिस इस कार्य के लिए एक डेडिकेटेड कॉरिडोर बना रही है. हम 'तेज़ परिवहन’ सुनिश्चित करने के प्रति प्रतिबद्ध हैं ताकि हजारों जरूरतमंद मरीजों को बिना देरी के सेवा दी जा सके. अंगुल से विशाखापट्टनम जाने वाले ऑक्सीजन को जिंदल स्टील एंड पावर लिमिटेड (JSPL) प्रॉवाइड करा रहा है. ग्रुप के मुखिया नवीन जिंदल ने ट्वीट कर कहा है कि हमारे अंगुल संयंत्र में 500 टन से अधिक लिक्विड ऑक्सीजन तैयार है. इसके अलावा, जिन सरकारों को ज़रूरत है, उन्हें हम प्रतिदिन 100 टन लिक्विड ऑक्सीजन उपलब्ध करवा सकते हैं. हमने 22 अप्रैल को 20 मीट्रिक टन लिक्विड ऑक्सीजन तेलंगाना भेजा है. 23 अप्रैल को फिर हम तेलंगाना और मध्य प्रदेश के साथ साथ दिल्ली NCR के मेदांता, अरटेमिस और बत्रा हॉस्पिटल्स के लिए ऑक्सीजन भेजेंगे. जिंदल ने अपने ट्वीट में यह भी कहा कि हम इंतज़ार कर रहे हैं कि ज़रूरतमंद अपने टैंकर भेजें. हम पहले आओ पहले पाओ के आधार पर या स्टील मंत्रालय द्वारा तय की गई प्राथमिकता के अनुसार इन्हें भर सकते हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement