
आलिया को इस तस्वीर के लिए इतना ट्रोल किया गया कि अंततः हारकर उन्हें तस्वीर हटानी पड़ी. बीबीसी से बात करते हुए उन्होंने लोगों के इस रवैये पर अफ़सोस भी जताया. उन्होंने कहा कि ऐसा इसलिए हुआ है क्योंकि औरतों के शरीर को लोग हमेशा कामुकता से जोड़कर देखते हैं.
हम एक ऐसे समाज में रहते हैं जहां लोग रेप जैसे हिंसक गुनाह में भी कामुकता ढूंढ लेते हैं. चूंकि हम औरतों के शरीर और सेक्स, दोनों को ही छिपाकर रखना चाहते हैं, उसके सामने आते ही हम हड़बड़ा जाते हैं. भले ही वो शरीर नग्नावस्था में भी महज मातृत्व का परिचायक हो, मगर लोग उसमें अपनी सुविधानुसार कामुकता खोज लेते हैं.
ये तस्वीर, जिसमें एक औरत अपने बच्चे को दूध पिला रही है, न ही कैमरे की ओर देख रही है, न ही किसी तरह का संकेत दे रही है कि वो उसे देखने वाली आंखों को उत्तेजित करना चाहती है. मगर फिर भी इस तस्वीर ने लोगों को असहज कर दिया.यहां तक कि आलिया के खुद के पिता, यानी राष्ट्रपति और उनकी पत्नी को लगा कि इस फोटो से उनकी छवि को ठेस पहुंच सकती है और वो बेटी से नाराज़ हो गए.
ये पहली बार नहीं है जब कोई औरत इस तरह के विवाद में आई है. ये कहना न होगा कि पुरुष को नंगे सीने के साथ किसी भी तस्वीर के लिए पोज देने के पहले एक बार भी नहीं सोचना पड़ता. खासकर बात इंडिया की हो, तो शायद ही कोई ऐसा पुरुष एक्टर हो जिसने नंगे सीने वाला शॉट न दिया हो. मगर औरत को यही काम करने की छूट नहीं है. सिर्फ इसलिए कि उसके पास मांस के दो लोथड़े हैं, जो दुनिया की सबसे नैसर्गिक चीज है. जो हर औरत और हर मादा जानवर के पास होते हैं. यानी स्तन.
1. लरिसा वॉटर्स
2. जेमी ग्रूमेट

लगभग 4 साल पहले जेमी ग्रूमेट नाम की ये औरत रातों-रात फेमस हो गई. अच्छी नहीं, बुरी वजह से. एक ब्लॉगर और जच्चा-बच्चा की सेहत पर लगातार काम रही जेमी अपने बच्चे को दूध पिलाते हुए टाइम मैगज़ीन के कवर पर दिखीं. लोगों ने कहा, टाइम वाले अपनी मैगज़ीन बेचने के लिए इतने गिर गए हैं कि इस तरह की अश्लील तस्वीरें लगा रहे हैं. चूंकि फोटो में दिख रहा बच्चा 3 साल का था, लोगों ने ये भी कहा कि ये फोटो डिस्टर्ब करने वाली है. आखिर तीन साल जितनी बड़ी उम्र के बच्चे को कौन दूध पिलाता है? मगर जेमी अपने मत पर जमी रहीं. उन्होंने कहा कि मैं अपने बच्चे को कैसे दूध पिलाऊं ये मेरा फैसला है. कोई जरूरी नहीं ये सबके लिए सही हो. मगर मेरे लिए सही है.
3. सलमा हायक

हॉलीवुड एक्टर सलमा हायक के एक वीडियो ने लगभग 10 साल पहले इस मुद्दे को माचिस लगाई थी. सलमा, जो पहले ही अपने 'बोल्ड' लुक के लिए जानी जाती हैं, ने जब एक मिशन पर एक अफ्रीकी बच्चे को स्तनपान करवाया तो लोगों को ये बात हजम नहीं हुई. अफ्रीका के गरीब देश सिएरा लियोन में, जहां बच्चे कुपोषण से मर रहे थे, वहां सलमा ने एक बच्चे को दूध पिलाकर मांओं को स्तनपान कराने का संदेश दिया. लेकिन बाकी सभी वाकयों की तरह इसे भी मीडिया का ध्यान खींचने का दांव माना गया. ये बात अलग है कि उनका स्तनपान कराता वीडियो यूट्यूब पर वायरल हो गया था.
4. एंजलीना जोली

2008 में W मैगज़ीन के लिए एंजलीना और ब्रैड पिट ने अपनी कुछ पर्सनल तस्वीरें दी थीं. कहा गया कि ये वो तस्वीरें हैं जो ब्रैड पिट ने खुद खींची हैं. इसमें अधिकतर तस्वीरें एंजलीना के पर्सनल मोमेंट्स की थीं, जिसमें एक में वो अपने बच्चे को दूध पिला रही थीं. हालांकि इन मार्मिक तस्वीरों का खूब स्वागत हुआ, मगर जिसका स्वागत नहीं हुआ, वो था इस तस्वीर से इंस्पायर होकर बनाया गया एक स्टैचू. अगले साल मूर्तिकार डेनियल एडवर्ड्स ने एक मूर्ति बनाई, जिसमें एंजलीना जोली को अपने जुड़वां बच्चों को दूध पिलाते हुए दिखाया गया था. इस काम को उन्होंने 'लैंडमार्क फॉर ब्रेस्टफीडिंग' का नाम दिया था. मगर इसमें मां यानी एंजलीना जोली के चेहरे पर लोगों को ममता नहीं दिखी, जिसके आधार पर डेनियल की खूब आलोचना हुई.
5. जस्टीन कलेन

एल मैगजीन के ऑस्ट्रेलिया के अंक पर मॉडल जस्टीन कलेन की दूध पिलाती हुई तस्वीर दिखी. लेकिन मैगजीन की एडिटर इतना बड़ा कदम उठाने से डर गईं. इसलिए उन्होंने मैगजीन के दो तरह के कवर छपवाए. एक, जो उन तक पहुंचा जिन्होंने मैगजीन का सब्सक्रिप्शन ले रखा था. और दूसरा, जो मार्केट और किताबों की दुकानों में दिखा. एडिटर ने ये बात खुद मानी कि वो मैगजीन पर ब्रेस्टफीड करती हुई तस्वीर लगाने का रिस्क नहीं ले सकती थीं. इसलिए आम पब्लिक के लिए पूरे कपड़ों वाला कवर रखा गया.
***
मां का दूध किसी भी बच्चे की पहली खुराक होती है. यानी जो किसी बच्चे को जिंदा रखता है, जीवन देता है, वो मां का दूध है. लेकिन औरतों को हम इतने पर्दों में देखने के आदी हैं कि उनके शरीर से कपड़े के खिसकते ही हम उसे कामुकता से जोड़ देते हैं. बीते दिनों छिड़े विवाद के बाद आलिया ने बीबीसी को बताया, 'जब मैं अपने बच्चे को स्तनपान कराती हूं तो मुझे लगता है ये सबसे अच्छी चीज़ है जो मैं उसे दे सकती हूं. मेरे लिए अपने बच्चे की ज़रूरतों को पूरा करना ज़्यादा ज़रूरी है न कि लोगों की बातों पर ध्यान देना.'
अगर हम सभी ये बात अगर इतनी ही आसानी से समझ सकते तो किसी मां को बच्चे को स्तनपान कराने के पहले सोचना न पड़ता.
ये भी पढ़ें:
जिसके मटकते कूल्हों से तुम्हारा कल्चर खराब होता है, उस सपना की इतनी फिक्र क्यों करते हो?






















