झारखंड के रांची में टाटा नेशनल हाईवे का एक वीडियो सामने आया है. वीडियो में एक काले रंग की स्कॉर्पियो एक डिजायर कार का पीछा कर रही है. इसमें तीन महिलाएं हैं. स्कॉर्पियो में दो लड़के हैं. इसे ड्राइव कर रहा लड़का भद्दे अश्लील इशारे करते हुए उन्हें ओवरटेक करता है. कुछ ही देर में ये स्कॉर्पियो सवार लड़के दूसरी गाड़ी का रास्ता रोक देते हैं. दोनों नीचे उतरते हैं. आरोप है कि इसके बाद इन्होंने महिलाओं वाली गाड़ी पर पत्थर मारे, शीशे तोड़े.
हाईवे पर कार सवार महिलाओं से गुंडागर्दी, ये वीडियो देख रोंगटे खड़े हो जाएंगे!
झारखंड का एक वीडियो आया है जिसमें दो लड़के एक गाड़ी का पीछा कर रहे हैं. गाड़ी में तीन महिलाएं बैठी हैं. आरोप है कि लड़कों ने उनका पीछा किया, उनकी गाड़ी पर पत्थर मारे और शीशे तोड़ दिए. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने पूरी बात बताई.


दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक, महिलाओं के शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटने लगे, तब जाकर आरोपी मौके से फरार हुए. इन आरोपियों के नाम हैं- राजकुमार महतो, उम्र- 19 साल, दूसरा आरोपी जोएब रजा, उम्र 18 साल. इनकी करतूत सोशल मीडिया पर वायरल हुई तो सवाल भी उठने लगे. कि आखिर खुलेआम ऐसी गुंडागर्दी करने की हिम्मत आती कहां से है?
पूर्व सीएम ने उठाए सवालझारखंड के पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी तक भी ये वीडियो पहुंचा. उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए. एक्स पर पोस्ट में लिखा,
‘रांची के दशम फॉल क्षेत्र से लेकर हाईवे तक महिलाओं की गाड़ी का कई किलोमीटर तक पीछा कर उनके साथ बदसलूकी किए जाने की घटना बेहद भयावह और चिंताजनक है. सबसे गंभीर बात यह है कि महिलाओं द्वारा सूचना दिए जाने के बावजूद समय पर पुलिस सहायता के लिए नहीं पहुंची. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी दिल्ली में निवेशकों को आमंत्रित करने में व्यस्त हैं, लेकिन सवाल यह है कि ऐसी कानून-व्यवस्था पर कोई निवेशक कैसे भरोसा करेगा?'
पुलिस ने क्या बताया?रांची पुलिस के मुताबिक, 7 जुलाई को दोपहर 12 बजकर 39 मिनट पर डायल-112 पर सूचना मिली कि एक काली स्कॉर्पियो एक डिजायर कार का पीछा कर रही है. पुलिस का दावा है कि सूचना मिलने के करीब दस मिनट के अंदर थाना प्रभारी मौके पर पहुंच गए.
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि बुण्डू सूर्य मंदिर के पास दोनों गाड़ियों के बीच हल्की टक्कर हुई थी. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई. जिसके बाद महिलाओं वाली गाड़ी का ड्राइवर उन्हें वहां से लेकर निकल गया. लेकिन आरोपी उनका पीछा करते हुए दशम फॉल थाना क्षेत्र के तैमारा मोड़ तक पहुंच गए और वहां गाड़ी रुकवाकर उसके शीशे तोड़ दिए.
ये भी पढ़ें: महिला इन्फ्लुएंसर ने थाने में शिकायत दर्ज कराई, कॉन्स्टेबल उसी का पीछा करने लगा, हुआ बड़ा एक्शन
FIR दर्ज नहीं हुईपुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों को थाने लाया गया. वहां महिला पक्ष ने किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया. पुलिस का कहना है कि थाना प्रभारी और दूसरे अधिकारियों ने कई बार FIR दर्ज कराने के लिए कहा. लेकिन महिला पक्ष तैयार नहीं हुआ.
पुलिस का कहना है कि, महिलाओं ने दो वजहें बताईं हैं. पहली, दोनों आरोपी कम उम्र के हैं और उनके खिलाफ केस होने से उनका भविष्य खराब हो जाएगा. दूसरी, महिला ने खुद को एक प्रतिष्ठित कलाकार बताते हुए कहा कि इस विवाद से उनका नाम भी सार्वजनिक होगा, इसलिए वे कानूनी कार्रवाई नहीं चाहतीं. इसी वजह से दोनों पक्षों ने लिखित समझौता कर लिया और उस समय कोई FIR दर्ज नहीं हुई.
वीडियो: बिहार के बेगूसराय में घर के बाहर महिला से गैंगरेप, पुलिस ने क्या एक्शन लिया?

















