The Lallantop

वंदे भारत के साथ सेल्फी ले रहे थे यूपी के तीन मजदूर, उसी ट्रेन की टक्कर से दो की मौत हो गई

Rajkot Police ने बताया कि हादसे के वक्त Vande Bharat ट्रेन वहां से गुजर रही थी. इसी दौरान तीन युवक रेलवे ट्रैक के पास मोबाइल से ग्रुप सेल्फी लेने के लिए पहुंचे थे. ट्रेन से दूरी का सही अंदाजा नहीं लग पाने की वजह से तीनों ट्रेन की चपेट में आ गए.

Advertisement
post-main-image
वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आने से दो प्रवासी मजदूरों की मौत हो गई. (सांकेतिक फोटो: आजतक)

गुजरात (Gujarat) के राजकोट में वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आने से दो प्रवासी मजदूरों की मौत हो गई, जबकि तीसरा मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया. तीनों मजदूर उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे और राजकोट की एक फैक्ट्री में काम करते थे. यह हादसा उस वक्त हुआ, जब तीनों युवक रेलवे ट्रैक के पास खड़े होकर सेल्फी ले रहे थे. तभी पीछे से आ रही वंदे भारत ट्रेन ने उन्हें टक्कर मार दी.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, यह हादसा सोमवार, 2 फरवरी की शाम करीब 4:45 बजे भक्तिनगर और रिब्डा रेलवे स्टेशनों के बीच एक रेलवे क्रॉसिंग के पास हुआ. पुलिस ने बताया कि हादसे के वक्त वेरावल-अहमदाबाद वंदे भारत ट्रेन वहां से गुजर रही थी. इसी दौरान तीन युवक रेलवे ट्रैक के पास मोबाइल से ग्रुप सेल्फी लेने के लिए पहुंचे थे. ट्रेन से दूरी का सही अंदाजा नहीं लग पाने के कारण तीनों ट्रेन की चपेट में आ गए.

घटना को लेकर सब-इंस्पेक्टर एआर राठौड़ ने बताया कि हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान एक और युवक की मौत हो गई. 

Advertisement

मृतकों की पहचान संदीप पटेल और संदीप कोली के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक की पहचान कपिल पटेल के रूप में हुई है. तीनों उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे और राजकोट (गुजरात) की एक फैक्ट्री में काम करते थे.

ये भी पढ़ें: 'वंदे भारत ट्रेनों में पहला डिब्बा कमजोर', रेलवे सुरक्षा आयोग की रिपोर्ट डराने वाली है

शुरुआती जांच में सामने आया है कि तीनों युवक अपने साथी संदीप पटेल को रेलवे स्टेशन छोड़ने जा रहे थे. इसी दौरान रेलवे ट्रैक पार करते वक्त उन्होंने ट्रैक के पास ग्रुप सेल्फी लेने का फैसला किया. हादसे के बाद ट्रेन को कुछ समय के लिए रोक दिया गया था. पुलिस ने लोगों से रेलवे ट्रैक के पास सेल्फी या वीडियो बनाने से बचने की अपील की है. फिलहाल तीसरे घायल युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है और पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है.

Advertisement

वीडियो: बीजेपी विधायक के समर्थकों ने वंदे भारत में घुसकर एक यात्री को बुरी तरह पीट दिया

Advertisement