गुजरात के राजकोट में पुलिस ने एक 20 साल के लड़के को गिरफ्तार किया है. लड़के पर अपनी ही मां के लिव-इन-पार्टनर की हत्या करने का आरोप है. मृतक के भाई ने पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पूरी घटना गली में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है
मां के लिव-इन पार्टनर को चाकुओं से गोदा, गली में दौड़ा-दौड़ाकर किए ताबड़तोड़ वार
Rajkot में एक 20 साल के लड़के ने अपनी मां के Live In पार्टनर की चाकू मारकर हत्या कर दी. शिकायत दर्ज होने के कुछ समय बाद ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, हत्या के वजहों की पड़ताल की जा रही है.


वारदात मंगलवार, 7 जुलाई को जेतपुर शहर के कणकिया प्लॉट इलाके में हुई. मृतक की पहचान 35 वर्षीय कमलेश वाघेला के तौर पर हुई है. इंडिया टुडे से जुड़े रोनक मजीठिया की रिपोर्ट के मुताबिक, मृतक के भाई कपिल वाघेला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके बड़े भाई कमलेश वाघेला पिछले कई वर्षों से जयंत की मां नीता के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे.
नीता और कमलेश का रिलेशनशिप तब शुरु हुआ, जब आरोपी जयंत वाघेला के पिता कालू वाघेला जिंदा थे. कथित तौर पर इसी बात की रंजिश में जयंत ने कमलेश की चाकू मारकर हत्या कर दी. पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर जयंत वाघेला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (1) के तहत मामला दर्ज किया. शिकायत के कुछ ही घंटों के बाद जेतपुर सिटी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

जेतपुर सिटी पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर AD परमार ने मीडिया से बातचीत में बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि कमलेश और नीता पिछले 12 सालों से लिव-इन रिलेशनशिप में थे. इस रिलेशनशिप के दौरान मृतक कमलेश ने नीता की बेटी की शादी भी करवाई थी. नीता के दोनों बेटे उससे अलग राजकोट के कोठारिया इलाके में रहते हैं.
पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि मृतक मजदूरी का काम करते थे और कणकिया प्लॉट इलाके में ही रहते थे. आरोपी जयंत ने कमलेश पर कम से कम चाकू से 5 से ज्यादा बार हमला किया और भाग गया. यह सारी घटना गली में लगे सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल है.
यह भी पढ़ें: महिला ने बुक किया रैपिडो, एक्सीडेंट में दांत और हड्डियां टूटीं, शिकायत पर कंपनी क्या बोली?
CCTV फुटेज के ऑडियो में साफ सुनाई दे रहा है कि घायल कमलेश गली में मौजूद लोगों से मदद की गुहार लगाते हैं. इसके अलावा वो आरोपी से भी अपनी जान की भीख मांगते हुए सुनाई देते हैं, लेकिन जयंत ने हमला करना नहीं रोका. वायरल ऑडियो में कमलेश कहते हुए सुने जा सकते हैं कि ‘मैंने किसी का कुछ नही किया है.’ जबकि, जयंत कहता हुआ सुनाई देता है कि ‘मैंने तुम्हें मना किया था कि नहीं?’ फुटेज में जयंत के हमला करने के समय एक और शख्स दिखाई दे रहा है. पुलिस उसकी भी जांच कर रही है.
वीडियो: टल सकता है पेट्रोल में 25% Ethanol मिलाने का फैसला, E20 पेट्रोल ने बवाल काम कर दिया?


















