हरियाणा के गुरुग्राम का एक वीडियो वायरल है. इसमें एक महिला अपनी नौकरानी को बुरी तरह पीटती दिख रही है. जब मामले ने तूल पकड़ा, तो गुरुग्राम पुलिस ने लिखित शिकायत का इंतजार नहीं किया. पुलिस ने घटना का खुद संज्ञान लिया और FIR दर्ज की. आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया, लेकिन बाद में जमानत पर छोड़ दिया गया.
गुरुग्राम: महिला ने मेड को बेरहमी से पीटा, अरेस्ट होने के कुछ ही देर में बेल भी मिल गई
Gurugram woman Assault Maid: गुरुग्राम में एक महिला का अपनी घरेलू सहायिका को बेरहमी से पीटने का वीडियो वायरल हुआ है. वीडियो के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन कुछ ही घंटों में बेल भी मिल गई.

गुरुग्राम पुलिस ने सोमवार, 10 अगस्त की रात महिला की गिरफ्तारी की जानकारी दी. इंडिया टुडे से जुड़े नीरज वशिष्ठ की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने आरोपी महिला की पहचान गुरुग्राम के एक शराब कारोबारी की पत्नी रुचिरा सचदेवा के रूप में की.
मेड नेपाल की रहने वाली52 साल की रुचिरा, गुरुग्राम के सेक्टर 42 स्थित DLF The Camellias के पॉश अपार्टमेंट में रहती है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, घरेलू सहायिका नेपाल की रहने वाली है. पिछले दो साल से आरोपी महिला के घर पर काम कर रही थी. मारपीट के तीन दिन बाद 27 जुलाई को उसने नौकरी छोड़ दी और अपने होमटाउन लौट गई हैं.
घटना 24 जुलाई की है, जिसकी जानकारी वीडियो वायरल होने के बाद आई. पुलिस के मुताबिक, मामूली विवाद में रुचिरा सचदेवा ने अपनी मेड को पीटा. घटना को एक पड़ोसी ने किचन की खिड़की से रिकॉर्ड करके वायरल कर दिया.
यह वीडियो करीब 90 मिनट का है. इसमें रुचिरा अपनी हेल्पर को बार-बार थप्पड़ मारती, धक्का देती, उसका चेहरा पकड़ती और बाल खींचती दिख रही हैं. सचदेवा उसे धमकाती भी दिख रही हैं.
पुलिस ने क्या कहा?DCP (ईस्ट) संदीप कुमार ने कहा कि पुलिस ने वायरल वीडियो पर ध्यान दिया है और फैक्ट्स वेरिफाई किया जा रहा है. उन्होंने कहा,
"वायरल वीडियो का संज्ञान लेने के बाद मेड को काम पर रखने वाली महिला के खिलाफ सुशांत लोक पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई. हम फैक्ट्स वेरिफाई कर रहे हैं और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी."
गुरुग्राम पुलिस ने X पर पोस्ट करके लिखा,
"थाना सुशांत लोक, गुरुग्राम पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वायरल वीडियो का स्वतः संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की. मामले में आरोपी महिला रुचिरा सचदेवा (52 वर्ष) को नियमानुसार गिरफ्तार/अनुसंधान में शामिल किया गया. प्रारंभिक जांच के अनुसार काम को लेकर हुई कहासुनी के बाद मारपीट की गई थी."

पुलिस ने वीडियो के आधार पर FIR दर्ज कर रुचिरा सचदेवा को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2) (जानबूझकर चोट पहुंचाना) और 127(2) (गलत तरीके से बंधक बनाना) के तहत FIR दर्ज की गई. जमानती अपराध होने के कारण बेल मिल गई है. फिलहाल, रुचिरा जमानत पर रिहा हैं. पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें: दरवाजे पर 15 कुत्ते लगाकर रजाई में छिपी, सोना चुराने वाली नौकरानी को पुलिस ने कैसे पकड़ा?
पुलिस सूत्रों ने कहा कि घरेलू सहायिका ने शिकायत दर्ज नहीं कराई है और एक लिखित बयान में वायरल वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटाने की गुजारिश की है. पीड़िता के एक रिश्तेदार ने यह भी कहा कि परिवार को आरोपी महिला से कोई शिकायत नहीं है.
वीडियो: मेरठ में कांवड़ियों ने पुलिसकर्मियों से मारपीट की, वायरल वीडियो पर SP City ने क्या बताया?












