शराब घोटाला केस में बरी होने के बाद दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने सरकार को घेरते-घेरते कांग्रेस को भी नहीं बख्शा. उन्होंने सवाल उठाया कि आम आदमी पार्टी के नेताओं की तरह क्या राहुल गांधी और रॉबर्ड वाड्रा को जेल जाना पड़ा? केजरीवाल का ये बयान कांग्रेस की उस प्रतिक्रिया के बाद आया है, जिसमें बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा गया कि केजरीवाल की रिहाई गुजरात और पंजाब चुनावों में कांग्रेस को नुकसान पहुंचाने के लिए की गई है.
कांग्रेस ने ऐसा क्या कह दिया? मोदी-शाह को छोड़ केजरीवाल उसी पर बरस पड़े
दिल्ली शराब नीति केस में अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया समेत दूसरे आप नेताओं को राउज एवेन्यू कोर्ट से राहत मिलने पर कांग्रेस की ओर से सवाल उठाए गए हैं. अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस के सवालों पर पलटवार किया है.


इस दावे पर केजरीवाल ने कहा,
“मैं आपसे पूछना चाहता हूं केजरीवाल जेल गया. रॉबर्ट वाड्रा जेल गया? संजय सिंह जेल गया, क्या राहुल गांधी जेल गया? मनीष सिसोदिया जेल गया, क्या सोनिया गांधी जेल गई? किस मुंह से बात करते हैं, शर्म नहीं आती कांग्रेसियों को.”
इससे पहले कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए आरोप लगाया कि गुजरात और पंजाब चुनाव को देखते हुए अरविंद केजरीवाल एंड टीम को राहत दी गई है.
हालांकि, कांग्रेस के एक अन्य नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने केजरीवाल की रिहाई पर अलग सुर में बयान दिए. उन्होंने कहा कि कोर्ट ने केजरीवाल और सिसोदिया को बरी करना याद दिलाता है कि डेमोक्रेसी में आरोप सबूत की जगह नहीं ले सकते. संस्थाओं को जोश में नहीं बल्कि ईमानदारी से काम करना चाहिए. कानून का राज इल्ज़ामों के राज से ज़्यादा ज़रूरी है.
'नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने रचा षडयंत्र'अरविंद केजरीवाल ने शराब नीति मामले में बरी होने के बाद भाजपा सरकार पर भी जमकर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने उनके खिलाफ षडयंत्र रचा. वो AAP को हरा नहीं पाए तो उसे खत्म करने में जुट गए. उन्होंने कहा,
“आज मेरे दिल से बड़ा बोझ उतर गया है. मोदी-शाह ने हमारे खिलाफ इतने केस बनाए. हमारे पीछे ED, CBI और पुलिस छोड़ी. एक समय हमारे टॉप 5 नेता जेल में थे लेकिन आप कुछ नहीं बिगाड़ सके. अब तो केवल कत्ल कराके ही केजरीवाल को कंट्रोल कर सकते हैं.”
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने जिंदगी में सिर्फ इज्जत और ईमानदारी कमाई है. एक पैसा नहीं बनाया. बीजेपी के लोग उसी पर चोट करना चाहते थे इसलिए षडयंत्र रचा. उन्होंने कहा कि कोर्ट में आज साफ हुआ कि केजरीवाल, सिसोदिया, संजय सिंह और आम आदमी पार्टी ‘कट्टर ईमानदार’ हैं. पूर्व सीएम ने कहा,
“कई लोग कहते हैं कि जेल से आने के बाद केजरीवाल क्यों चुप हो गया. नेताओं को फर्क नहीं पड़ता, क्योंकि उनकी चमड़ी मोटी है लेकिन मैं कोई नेता नहीं हूं. मुझे फर्क पड़ता है. मेरे परिवार पर पत्थर उछाले गए. मुझे फर्क पड़ता है.” केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली सरकार ने स्कूल, अस्पताल और सड़कें बनाईं. वहीं बीजेपी के राज में यमुना का हाल बुरा है, स्कूलों की हालत खराब है, सड़कें खराब हैं, मोहल्ला क्लनिक खराब हैं. उन्होने कहा,
“मोदी और शाह के षडयंत्र के चलते दिल्ली के 3 करोड़ लोग खामियाजा भुगत रहे हैं. मेरा चैलेंज है दिल्ली में आज चुनाव करा दो अगर तुम्हारी(बीजेपी) 10 से ज्यादा सीटें आ जाए तो राजनीति छोड़ दूंगा.”
आपको बता दें कि शराब नीति मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को CBI केस में बरी कर दिया है. कोर्ट ने कहा कि दोनों के खिलाफ सबूत नहीं है, CBI ने साजिश रचने की कोशिश की लेकिन उसका सिद्धांत ठोस सबूतों की जगह अनुमान पर आधारित था.
वीडियो: सोशल लिस्ट: दिल्ली लिकर पॉलिसी केस: अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया बरी, यूट्यूबर से माफ़ी की मांग




















