स्पाइसजेट की एक फ्लाइट SG-945 के तूफान में फंसने की वजह से उसमें सवार 40 यात्री घायल हो गए. इनमें से 10 की हालत गंभीर बताई जा रही है. फ्लाइट एक मई को मुंबई से पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर जा रही है. दुर्गापुर के काजी नजरूल इस्लाम एयरपोर्ट पर लैंड करने के ठीक पहले फ्लाइट कालबैसाखी तूफान में फंसी. ऐसा होने पर केबिन से सामान गिरने लगा, जिसकी वजह से यात्री घायल हो गए. बाद में पायलट ने विमान को सुरक्षित लैंड करा दिया. घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
'ऐसा लगा पलट जाएगा जहाज, ऊपर से गिरने लगा सामान...' स्पाइसजेट के घायल यात्रियों ने बताया
10 यात्रियों की हालत गंभीर है.


इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हुआ है. इस वीडियो को फ्लाइट के अंदर का बताया जा रहा है. इस वीडियो में यात्री घबराए हुए नजर आ रहे हैं. वहीं फ्लाइट के फ्लोर पर सामान बिखरा हुआ पड़ा है. इस बीच विमान में सवार कुछ यात्रियों ने इंडिया टु़डे से बात की है. एक यात्री ने बताया कि तूफान में फंसने के बाद सभी यात्री क्रू के आदेशों का पालन कर रहे थे. सबने अपनी सीट बेल्ट को अच्छे से बांध लिया था. लेकिन लैंडिंग इतने खतरनाक तरीके से हुई कि कई यात्रियों की सीट बेल्ट टूट गई. इससे कई यात्रियों को चोट लगी. जिस यात्री ने ये बात बताई, उसको खुद सिर में चोट लगी है.
ऊपर से गिरने लगा सामान
कुछ ऐसा ही मोहम्मद इकबाल नाम के यात्री ने बताया. इकबाल ने बताया कि विमान को ऐसे झटके लगे कि कई यात्री अपनी सीट से दूर जा गिरे. उन्होंने बताया,
"फ्लाइट में लगातार झटके लग रहे थे. कई लोग अपनी सीट से दूर जा गिरे. ऊपर के खांचों से सामान गिरने लगा. ये सामान कई लोगों के सिर पर गिरा."
अस्पताल में भर्ती एक और यात्री ने बताया कि जहाज लगातार ऊपर और नीचे जा रहा था. यात्री ने बताया कि ऐसा लगा जैसे जहाज पलट जाएगा.
इधर स्पाइसजेट ने इस पूरे घटनाक्रम पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. एक बयान जारी करते हुए कंपनी ने कहा,
"फ्लाइट के दुर्गापुर पहुंचते ही यात्रियों को इमरजेंसी मेडिकल सहायता दी गई. कंपनी इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर दुख प्रकट करती है. सभी घायलों को पूरी मेडिकल सहायता दी जा रही है."
DGCA ने इस पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं. इधर गंभीर रूप से घायल यात्रियों के अलावा बाकी के घायल यात्रियों को डिसचार्ज कर दिया गया है.
दुनियादारी: ईरान और अफगानिस्तान की फौज आपस में क्यों भिड़ गईं?




















