Singer Shaan ने ईद के मौके पर एक फोटो पोस्ट की. जहां वो जालीदार टोपी पहने दिख रहे हैं. इस बात पर लोग उन्हें बुरी तरह ट्रोल करने लगे. कि तुम तो हिंदू हो. ईद की शुभकामनाएं क्यों दे रहे हो. ऐसी बातों से उनकी फोटो के कमेंट बॉक्स को भर दिया गया. मजबूरी में उन्हें अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट के कमेंट ही बंद करने पड़े. सिर्फ इतना ही नहीं. इसके बाद उन्होंने छह मिनट का एक वीडियो भी शेयर किया. कहा कि हम एक प्रगतिशील देश हैं. और इस तरह की सोच बदलने की ज़रूरत है.
जालीदार टोपी पहन शान ने ईद की बधाई दी, लोगों ने इतनी घटिया बातें कही कि घिन आ जाए
शान ने कहा कि जो देश धर्म के आधार पर चला है वो आगे नहीं बढ़ पाया.


शान ने फोटो में दिख रहे अपने लुक की कहानी बताई. शुरुआत की,
आज ईद है. आज परशुराम जी की जयंती भी है. आज अक्षय तृतीया है. इन सारे त्योहारों को हम एक साथ मना रहे हैं. मैंने अभी-अभी एक पोस्ट किया आप सबको ईद मुबारक करते हुए. जिसमें मैंने एक स्नैपशॉट लिया था. मैंने एक वीडियो किया था आज से तीन साल पहले. ‘करम कर दे’ गाना काफी अच्छा चला. वहां ऐसा लुक था जहां मैंने टोपी पहनी है और नमाज़ पढ़ रहा हूं. उसका फ्रीज़ फ्रेम कर के मैंने सबको ईद विश किया.
शान ने बताया कि पोस्ट करने के बाद वो अपनी फ्लाइट में बैठ गए. बेंगलुरू अपने शो के लिए पहुंचे. जब उन्होंने पोस्ट पर रिएक्शन देखे तो हैरान रह गए. वो बताते हैं कि काफी टाइम उन्होंने इसे इग्नोर किया. लेकिन लगातार ऐसे रिएक्शन आ रहे थे. कि हिंदू होते हुए ये सब करने की क्या ज़रूरत थी. शान ने अपनी बात बढ़ाते हुए एक किस्सा बताया,
कुछ महीने पहले मैं गोल्डन टेम्पल गया था. वहां मंदिर के सामने सिर ढकना होता है. मैंने वहां भी फोटो ली. लेकिन तब इस तरह का रिएक्शन नहीं आया. कि हिंदू होते हुए आप सिखों की तरह क्यों दिख रहे हो. रामनवमी या हिंदू त्योहारों पर एथ्निक कपड़े पहनकर नमन करते हुए फोटो डालते हैं ताकि उसकी एक फील आए. ये कोई जस्टीफिकेशन नहीं है. किसी के वस्त्र को, किसी का लुक अगर हम धारण करते हैं. उनको इज़्ज़त देते हुए. तो उसमें ऐसी कौन सी बात है कि आपका धर्म बिगड़ जाएगा.
शान ने कहा कि हमें ये सोच बदलने की ज़रूरत है. हमारा देश आगे बढ़ रहा है. हर क्षेत्र में विकास हो रहा है. अपनी बात में जोड़ा कि अगर हमें इतनी भी रिस्पेक्ट और टॉलरेंस न हो तो हम कैसे आगे बढ़ेंगे. वो मानते हैं कि वो एक भारतीय, एक हिंदू और एक इंसान हैं. वो मुस्लिम और ईसाई मेजॉरिटी इलाके में पले-बढ़े. बताया कि उनके बहुत सारे दोस्त मुसलमान हैं. लेकिन उन्होंने कभी इस तरह की चीज़ महसूस नहीं की. कि वो अलग हैं. आगे कहा,
अब ऐसी सोच बढ़ती जा रही है. इस तरह की सोच रखने वालों की सोच तो मैं बदल नहीं सकता. लेकिन मैं अपनी सोच सामने रखना चाहता हूं. मैं खुद को बदलना नहीं चाहूंगा. क्योंकि मुझे पता है कि मेरी सोच सही है. हर किसी की रिस्पेक्ट करना, मिलकर त्योहार मनाना, यही तो है भारतीय होना.
शान ने कहा कि जो देश धर्म के आधार पर चला है उसका नुकसान ही हुआ है वो आगे नहीं बढ़ा. उन्होंने कहा कि भारत बहुत बड़ी डेमोक्रेसी है. हमें अपनी सोच बदलने की ज़रूरत है. ताकि दुनिया बेहतर हो सके.
वीडियो: अजय देवगन ने बताया 'रनवे 34' को ईद पर अनाउंस करने के बाद तुरंत सलमान खान को फोन किया



















