Marvel सुपरहीरो फिल्में बनाती है. मगर आए दिन उन्हें आलोचनाओं का शिकार होना पड़ता है. पहले Martin Scorsese ने MCU से निकली फिल्मों को सिनेमा मानने से इन्कार कर दिया था. अब Quentin Tarantino ने मार्वल की फिल्म करके स्टारडम पाने वालों को खारिज कर दिया है. टैरंटिनो का कहना है कि सुपरहीरो फिल्मों में काम करने वाले एक्टर्स असल फिल्म स्टार्स नहीं हैं. अब 'शांग ची' फेम एक्टर सिमू लियु ने इसका जवाब दिया है.
टैरंटिनो ने कहा मार्वल वाले एक्टर्स स्टार नहीं हैं, 'शांग-ची' फेम सिमू लियु ने हमला बोल दिया
टैरंटिनो ने ये भी कहा कि उनका मक़सद मार्वल एक्टर्स को नीचा दिखाना नहीं है. उन्होंने सिर्फ वो कहा, जो उन्हें लगता है.
.webp?width=360)

दुनिया के सबसे काबिल फिल्ममेकर्स में गिने जाने वाले क्वेंटिन टैरंटिनो 2 Bears, 1 Cave नाम के पॉडकास्ट पर पहुंचे थे. यहां मार्वल के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा-
''हॉलीवुड के मार्वलाइज़ेशन का एक हिस्सा ये है कि आज आपके पास ऐसे एक्टर्स हैं, जो उन किरदारों को निभाकर फेमस हुए. मगर वो मूवी स्टार्स नहीं हैं. कैप्टन अमेरिका स्टार है या थॉर स्टार है. मैं ऐसा कहने वाला पहला शख्स नहीं हूं. ये हज़ारों दफे पहले भी कहा जा चुका है. ये फ्रैंचाइज़ के कैरेक्टर हैं, जो स्टार बने हैं.
मुझे सिर्फ इस चीज़ से दिक्कत है कि इन दिनों सिर्फ वही फिल्में बन रही हैं. और ये वो इकलौती चीज़ है, जो फैंस के बीच उत्साह पैदा करती है. और उस स्टूडियो को लेकर भी लोग इसीलिए एक्साइटेड रहते हैं. ये फैक्ट है कि यही फिल्में इस दौर के सिनेमा का प्रतिनिधित्व कर रही हैं. किसी और चीज़ के लिए कोई जगह नहीं बची. मेरी समस्या यही चीज़ है.''

बेसिकली क्वेंटिन टैरंटिनो कह रहे हैं कि क्रिस इवांस या क्रिस हेम्सवर्थ स्टार्स नहीं हैं. उनके निभाए मार्वल के कैरेक्टर्स स्टार्स हैं. इसी वजह से पब्लिक उन्हें देख रही है. हालांकि टैरंटिनो का ये भी कहना है कि वो भी बचपन में मार्वल कॉमिक्स के फैन थे. तब वो भी इन चीज़ों को लेकर एक्साइटेड रहते थे. मगर अब वो 60 साल के हैं और अब उन्हें ये चीज़ें उन्हें ठीक नहीं लगती. हालांकि टैरंटिनो ने ये भी कहा कि उनका मक़सद मार्वल एक्टर्स को नीचा दिखाना नहीं है. उन्होंने सिर्फ वो कहा, जो उन्हें लगता है.
क्वेंटिन टैरंटिनो के इस बयान पर Shang-Chi and the Legend of the Ten Rings फेम एक्टर सिमू लियु ने बात की है. उन्होंने मार्वल और उनकी फिल्मों के बचाव में ट्वीट किया. सिमू ने लिखा-
''अगर स्टारडम के द्वारपाल सिर्फ टैरंटिनो और स्कॉरसेज़ी की फिल्मों से आते, मुझे 400 मिलियन डॉलर से बड़े बजट की फिल्म फिल्म में काम करने का मौका कभी नहीं मिल पाता. वो लोग जिस तरह की जीनियस फिल्ममेकिंग करते हैं, मैं उसका कायल हूं. वो लोग दिग्गज हैं. इसका मतलब ये नहीं कि उन्हें मेरी या किसी और की तरफ उंगली उठाने का अधिकार है.''
एक और ट्वीट करते हुए सिमू लियु ने लिखा-
''कोई भी मूवी स्टूडियो न परफेक्ट है, न कभी होगा. मगर मुझे गर्व है कि मैंने उन लोगों के साथ काम किया, जिन्होंने स्क्रीन पर दिखाई जाने वाली चीज़ों में भिन्नता पैदा की. उन्होंने ऐसे हीरोज़ गढ़े, जो हर तबके को प्रेरित और सशक्त करते हैं.
मुझे भी सिनेमा का स्वर्णिम काल बहुत पसंद था. मगर वो कुछ ज़्यादा ही सफेद था.''
सिमू लियु यहां ये कह रहे हैं कि टैरंटिनो की बात ठीक है. मगर जिस दौर वो स्वर्णिम काल बुला रहे हैं, उस समय सिर्फ वाइट एक्टर्स का बोलबाला था. सिमू लियु किसी मार्वल फिल्म में लीड रोल करने वाले पहले चीनी-अमेरिकी मूल के एक्टर हैं. इसलिए उनका कहना है कि मार्वल ने न सिर्फ अपनी फिल्मों में बल्कि असलियत में भी काफी कुछ बदला है. इसिलए उन्हें मार्वल के साथ काम करने पर गर्व है.
क्वेंटिन टैरंटिनो इन दिनों अपनी किताब Cinema Speculation को लेकर चर्चाओं में हैं. इसी किताब के प्रमोशन के दौरान उन्होंने घोषणा की कि वो 8 एपिसोड की एक लिमिटेड सीरीज़ लिख चुके हैं. वो 2023 में इसे शूट करेंगे. टैरंटिनो ने पहले ही बता दिया है कि 10वीं फिल्म, उनके करियर की आखिरी फिल्म होगी.
वीडियो देखें: फिल्म रिव्यू- शांग ची एंड द लेजेंड ऑफ द टेन रिंग्स

















.webp?width=120)
.webp?width=120)



