Rajpal Yadav चेक बाउंस केस में जेल होकर आए हैं. उन्होंने 2010 में Ata Pata Laapata नाम की फिल्म बनाने के लिए 5 करोड़ रुपये का कर्ज़ लिया था. इन्ट्रेस्ट वगैरह जुड़कर ये कर्ज़ बढ़कर 10.40 करोड़ रुपये तक जा पहुंचा. आज 16 साल बाद भी उन्होंने देनदार को उनके पूरे पैसे नहीं चुकाए हैं. मगर इस बीच राजपाल ने ये दावा ज़रूर कर दिया है कि उनके पास 1200 करोड़ रुपये का काम आया हुआ है.
चेक बाउंस केस में रिहा राजपाल यादव बोले-"मेरे पास 1200 करोड़ रुपये का काम है"
राजपाल ने 10.40 करोड़ रुपये का कर्ज़ अबतक पूरी तरह चुकाया नहीं है. पिछले दिनों वो चेक बाउंस केस में जेल गए थे.
.webp?width=360)

राजपाल ने 2010 में मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के माधव गोपाल अग्रवाल से ये पैसे उधार लिए थे. मगर उन्होंने जो फिल्म बनाई, वो बॉक्स ऑफिस पर केवल 38 लाख रुपये ही कमा पाई थी. इस वजह से उन पर भारी कर्ज़ आ गया और वो ये पैसे लौटा नहीं सके. माधव गोपाल की मानें तो वो अपने पैसों के लिए राजपाल के आगे रोए-गिड़गिड़ाए थे. मगर जब उससे भी बात नहीं बनी, तो उन्होंने राजपाल पर केस कर दिया. तबसे अबतक ये केस चल ही रहा है. राजपाल इस मामले में दो बार जेल भेजे जा चुके हैं. पिछले दिनों उन्हें उनकी भतीजी की शादी के नाम पर दिल्ली हाई कोर्ट से जमानत मिली है.
खैर, शादी वगैरह के काम से निबटकर राजपाल और उनके वकील ने पिछले दिनों एक प्रेस कॉन्फ्रेंस रखी थी. उसमें उन्होंने आरोप लगाया कि माधव गोपाल ने पैसों के लिए नहीं, बल्कि उन्हें जेल भेजने के मकसद से उन पर केस किया था. राजपाल ने दावा किया है कि वो अक्सर प्रोड्यूसर्स की सहूलियत के लिए फ्री में काम करते हैं. साथ ही वो अपने प्रोडक्शन हाउस के ज़रिए न्यूकमर्स को मौके भी देते हैं. इसी प्रेस मीट के दौरान अपने फ्यूचर प्रोजेक्ट्स पर बात करते हुए वो कहते हैं,
"अगले 7 सालों में मेरे पास ब्रांडिंग से जुड़ा 1200 करोड़ रुपये का काम है. मेरे पास 4 एग्रीमेंट साइन हैं. इसमें फिल्मों का काम शामिल नहीं है. कोई प्रोजेक्ट 200 करोड़ का है, तो कोई 2000 करोड़ का. इसमें कुछ मेरी फीस है और कुछ प्रोजेक्ट्स में मेरी हिस्सेदारी. मेरे लाइनअप में 10 फिल्में शामिल हैं.”
राजपाल के जेल जाने के बाद फिल्म इंडस्ट्री के कई लोग उनकी मदद के लिए आगे आए थे. इनमें सलमान खान, सोनू सूद, अजय देवगन और वरुण धवन जैसे नाम शामिल थे. साथ ही कई फैंस ने भी उनके लिए क्राउड फंडिंग की थी. राजपाल ने बगैर नाम लिए सबको शुक्रिया कहा है. पर साथ ही ये भी कहा कि वो जल्द ही सबके पैसे वापस लौटा देंगे.
वीडियो: दिल्ली हाई कोर्ट ने राजपाल यादव को क्यों फटकारा?






















