Shahrukh Khan और Irrfan Khan ने Priyadarshan की Billu में साथ काम किया. एक क्रिटिकली एक्लेम्ड एक्टर और दूसरा देश का सुपरस्टार. फिर भी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर वो कमाल नहीं कर सकी, जैसी इससे उम्मीद की जा रही थी. दो बड़े कलाकारों को मिलाकर जो रसायन प्रियदर्शन ने बनाया, वो उतना प्रभावशाली नहीं था. शाहरुख को फिल्म में सुपरस्टार दिखाना. क्लाइमैक्स में शाहरुख (साहिर खान) और इरफ़ान (बिल्लू) के इमोशनल सीन की इंटेंसिटी का पब्लिक तक न पहुंच पाना. मज़बूत कास्ट होने के बावजूद फिल्म का उतना सफल न हो पाना... प्रियदर्शन ने इन सब पहलुओं पर रोशनी डाली. पिंकविला को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा,
शाहरुख को 'बिल्लू' में इरफ़ान के सामने स्टार दिखाने पर प्रियदर्शन बोले- "मुझसे ग़लती हो गई..."
प्रियदर्शन ने बताया कि इस फिल्म में शाहरुख और इरफ़ान का क्लाइमैक्स वाला इमोशनल सीन उनकी किस चूक के कारण पब्लिक पर असर नहीं डाल सका.


“मैंने ‘बिल्लू’ में एक बड़ी ग़लती की. और वो ये रही कि मैंने इस फिल्म में कई गाने रख लिए. मुझे ऐसा नहीं करना चाहिए था. ज़रूरत से ज्यादा गाने शामिल करने की वजह से फिल्म की कहानी लचर हो गई.”
इरफ़ान और शाहरुख के बीच का वो भावुक संवाद भी दर्शकों पर माकूल असर डालने में नाक़ामयाब रहा. जबकि उस सीन में इरफ़ान जैसे समृद्ध कलाकार थे. शाहरुख ने भी कोई कसर नहीं छोड़ी. ये सीन कहां चूका, इस बारे में प्रियदर्शन ने कहा,
“वो सीन भारतीय सिनेमा के सबसे भावुक दृश्यों में से एक था. लेकिन दर्शकों को उतना प्रभावित नहीं कर पाया जितनी उससे उम्मीद थी. इसकी वजह भी गानों का अतिरेक ही रहा. कई गानों की वजह से कहानी की पकड़ ढीली पड़ गई.”
इस इंटरव्यू में प्रियदर्शन से पूछा गया कि क्या इरफ़ान के साथ शाहरुख को इस फिल्म में सुपरस्टार दिखाना सही फ़ैसला था? क्या इसमें कोई मुश्किल पेश आई? एक भी पल गंवाए बग़ैर प्रियदर्शन ने कहा,
“नहीं. शाहरुख को स्टार की तरह दिखाना कौन सी मुश्किल है? इसमें आपको कुछ करना ही नहीं है. बस कह दीजिए कि शाहरुख स्टार हैं. इस पर कोई सवाल उठा ही नहीं सकता. इसके लिए मुझे स्क्रिप्ट में कुछ करना ही नहीं पड़ा.”
‘बिल्लू’ साल 2009 में रिलीज़ हुई थी. शाहरुख और इरपफ़ान के अलावा इसमें ओमपुरी, असरानी, लारा दत्ता, राजपाल यादव और मनोज जोशी ने भी काम किया था. करीना कपूर, प्रियंका चोपड़ा और दीपिका पादुकोण इस फिल्म के तीन गानों में नज़र आई थीं. अब प्रियदर्शन के प्रेज़ेंट वर्क की बात करें, तो अक्षय कुमार को लेकर उनकी फिल्म ‘भूत बंगला’ 10 अप्रैल को रिलीज़ होने वाली है. उसके बाद उनकी ‘हैवान’ आएगी. इसमें अक्षय कुमार और सैफ़ अली खान लीड रोल में हैं.
वीडियो: इरफान खान की बात कर रहे थे सौरभ द्विवेदी, बाबिल समेत जनता की आंखें नम हो गईं















.webp?width=120)





