Shahrukh Khan की Dunki का बहुप्रतीक्षित टीज़र आ गया है. उसके बाद से लगातार फिल्म को लेकर बातें हो रही हैं. किसी को 'डंकी' का टीज़र फ्रेश लग रहा है. किसी को लग रहा है कि शाहरुख वापस उसी ज़ोन में जा रहे हैं, जहां वो 'पठान' से पहले थे. सबकी उम्मीदें अब Rajkumar Hirani पर टिकी हुई हैं. मगर अधिकतर प्रतिक्रियाएं फिल्म के पक्ष में ही हैं. इसके अलावा फिल्म पर कुछ आरोप भी लग रहे हैं. कहा जा रहा है कि 'डंकी' टीज़र के कुछ सीन्स देखकर शाहरुख की पिछली फिल्मों की याद आ गई. वहीं कुछ लोगों का कहना है कि ये दुलकर सलमान स्टारर मलयालम फिल्म CIA का रीमेक है.
शाहरुख खान की 'डंकी', दुलकर की मलयालम फिल्म CIA की रीमेक है?
Dunki और CIA की कहानी में बहुत समानता है. प्लस Dunki Teaser में फिल्म के कई सीन्स भी CIA जैसे लग रहे हैं.


इन दिनों सोशल मीडिया पर 'डंकी' के कुछ स्क्रीनशॉट्स चल रहे हैं. साथ में CIA फिल्म की तस्वीरें भी नत्थी हैं. बताया जा रहा है कि हिरानी ने CIA को रीमेक किया है. मगर उसे डिट्टो वैसे ही शूट करने की बजाय कैमरा एंगल्स बदल दिए गए हैं. यहां देखिए-
एक इंट्रेस्टिंग बात ये भी है कि 'डंकी' और CIA की कहानी में भी बहुत सिमिलैरिटी है. CIA में सलमान ने केरल में रहने वाले एक कम्युनिस्ट शख्स का रोल किया है. जो इल्लीगल तरीके से लैटिन अमेरिका और मेक्सिको बॉर्डर होते हुए अमेरिका पहुंचता है. उसके अमेरिका पहुंचने का मक़सद है अपनी प्रेमिका सारा से मिलना. जिसकी शादी उसकी मर्ज़ी के खिलाफ किसी और से होने जा रही है.
वहीं 'डंकी' की कहानी इल्लीगल तरीके से लंदन जाने के बारे में है. एक वादे के बारे में है, जिसे पूरा करने के लिए शाहरुख का किरदार पूरी दुनिया घूमते हुए लंदन पहुंचता है. और फिर भारत लौटता है. वो कौन सा वादा है, ये हमें फिल्म में ही पता चलेगा. 'डंकी' में शाहरुख के निभाए किरदार हार्डी की भी एक गर्लफ्रेंड है- मनु. वो भी लंदन जाना चाहती है. अगर आप डॉट्स कनेक्ट करें, तो शायद इस नतीजे पर पहुंचा जा सकता है कि 'डंकी', CIA की रीमेक है. हालांकि ऐसा होने की संभावना न के बराबर है. क्योंकि राजकुमार हिरानी रीमेक फिल्में बनाने में विश्वास रखने वाले फिल्ममेकर नहीं हैं.
अगर हिरानी ने CIA को रीमेक करके 'डंकी' बना भी दी, तब भी उन दोनों फिल्मों में ज़मीन-आसमान का फर्क होगा. क्योंकि सारा खेल ट्रीटमेंट का है. जिसमें महारत के लिए हिरानी को जाना जाता है. असली माजरा क्या है, यो तो 'डंकी' की रिलीज़ के बाद ही पता चलेगा.
'डंकी' में शाहरुख खान के साथ तापसी पन्नू, विकी कौशल, विक्रम कोचर, अनिल ग्रोवर और बोमन ईरानी जैसे एक्टर्स काम कर रहे हैं. 'डंकी' 2023 क्रिसमस पर रिलीज़ होनी है. फिल्म की ऑफिशियल इंडिया रिलीज़ डेट अभी अनाउंस होनी बाकी है.




















