Arjun Rampal ने Dhurandhar फ्रैंचाइज़ में मेजर इक़बाल का रोल किया है. उनका किरदार पाकिस्तानी सुरक्षा एजेंसी ISI से जुड़ा है. पहले पार्ट में उसे मुंबई में हुए 26/11 आतंकी हमले का मास्टरमाइंड दिखाया गया था. फिल्म में अर्जुन का पात्र टीवी पर उस पूरे हमले को लाइव देखते हुए आतंकियों को गाइड करता नज़र आता है. लेकिन ऑफ स्क्रीन अर्जुन उस सीन से काफ़ी डिस्टर्ब हो गए थे. इसकी वजह है इस हमले से उनका पर्सनल कनेक्शन. अर्जुन ने पिछले दिनों उस हमले और अपने 'बदले' की कहानी सुनाई.
'धुरंधर' से मैंने अपना 26/11 हमले वाला बदला ले लिया- अर्जुन रामपाल
'धुरंधर 2' में मेजर इक़बाल बने अर्जुन रामपाल 26/11 हमले से कुछ देर पहले ही मुंबई के ताज होटल जाने वाले थे.


इंडिया टुडे के हॉल ऑफ फेम अवॉर्ड के दौरान अर्जुन ने बताया कि वो 26/11 आतंकी हमले से ठीक पहले ताज होटल जाने वाले थे. ताज होटल उस हमले का प्राइम लोकेशन था. 26 नवंबर को ही अर्जुन का बर्थडे आता है. इसलिए वो उसे अपने दोस्तों और परिवार के साथ ताज होटल में सेलिब्रेट करने जाने वाले थे. पूरी कहानी बताते हुए अर्जुन कहते हैं,
"2008 में 26/11 के समय मैं एक होटल में था. मैं अपने दोस्तों को लेने आया था. हम लोग ताज होटल जाने वाले थे. क्योंकि वहां मेरा बर्थडे मनाने का प्लान था. उसी दिन 26/11 भी हुआ था. एक दोस्त तैयार हो रहा था. हम बार में बैठे थे और ड्रिंक ऑर्डर कर रहे थे. तभी माहिम के पास पहला धमाका हुआ. तेज आवाज सुनते ही हमारे ग्लास हिलने लगे. हम सब घबरा गए और समझ नहीं पाए कि आखिर हुआ क्या."
शुरुआत में अर्जुन को बताया गया कि वो धमाका एक गैंगवॉर के दौरान हुआ है. मगर कहानी कुछ और थी. वो बताते हैं,
"करीब 10 मिनट के अंदर हमारे फोन बजने लगे. सब लोग कह रहे थे कि कोलाबा में कोई गैंगवॉर शुरू हो गया है. 20-30 मिनट के भीतर पूरा फोर सीजन्स होटल घेर लिया गया. होटल के मालिक आदर्श जटिया ने बहुत सलीके से मुझे एक कमरा दिया और कहा- 'आप रात यहीं रुक सकते हैं. अभी बाहर जाना सेफ नहीं है'. इस तरह अपने ही जन्मदिन पर मैंने 26/11 की वो डरावनी घटनाएं अपनी आंखों के सामने होते देखी थीं."
बकौल अर्जुन, उस पर्सनल ट्रॉमा के कारण ही 'धुरंधर' प्रोजेक्ट उनके लिए एक तरह का बदला बन गया. वो कहते हैं,
"सुबह जब मैं घर लौट रहा था, तो मुझे रास्ते में कम-से-कम तीन बार रुकना पड़ा. मुझे लग रहा था कि मेरी तबीयत खराब हो जाएगी. जब आदित्य धर ने फिल्म से मुझे 26/11 वाला सीन सुनाया, तभी मैंने तय कर लिया था कि मैं अपना बदला लूंगा. धुरंधर के ज़रिए मैंने वही किया है. अंत में मैं बस इतना कहना चाहता हूं- भारत माता की जय."
'धुरंधर' के उस सीन का ज़िक्र अर्जुन पहले भी कर चुके हैं. दरअसल, पहले पार्ट की रिलीज़ के बाद एक सोशल मीडिया यूजर ने उनसे इंस्टाग्राम पर एक सवाल किया था. सवाल ये कि बतौर भारतीय, अर्जुन के लिए 26/11 वाले उस सीन को करना कितना मुश्किल था. इसके जवाब में उन्होंने इसे अपने करियर का सबसे कठिन सीन बताया था. हालांकि इसके पीछे की पूरी कहानी उन्होंने ‘धुरंधर 2’ आने के बाद ही बताई है.
वीडियो: आदित्य धर की 'धुरंधर 2' को प्रोपगैंडा बताने वालों को राकेश बेदी ने सुनाया




















