The Lallantop

'एन एक्शन हीरो' में पहली बार आयुष्मान खुराना के साथ दिखेंगे अक्षय कुमार

अक्षय कुमार फिल्म में एक ऐसा किरदार निभाने वाले हैं, जो आयुष्मान के किरदार की दशा-दिशा बदल देगी.

Advertisement
post-main-image
एक फोटोशूट के दौरान अक्षय कुमार. दूसरी तरफ 'एन एक्शन हीरो' के एक सीन में आयुष्मान खुराना.

Ayushmann Khurrana की नई फिल्म An Action Hero का ट्रेलर आया है. फिल्म की कहानी एक फिल्म स्टार की है. जिस पर एक मुनिसिपल काउंसिलर के भाई की हत्या का आरोप है. अब वो ऑफिसर इस फिल्म स्टार से बदला लेने पर उतारू हो जाता है. फिल्म स्टार देश छोड़कर लंदन भागता है. तो वो ऑफिसर लंदन तक उसके पीछे पहुंच जाता है. फिल्म में 'एन एक्शन हीरो' का रोल आयुष्मान खुराना कर रहे हैं. और मुनिसिपल काउंसिलर बने हैं जयदीप अहलावत. मगर इंट्रेस्टिंग बात ये कि इस फिल्म में अक्षय कुमार के होने की भी बात कही जा रही है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

पिछले दिनों एक मलयालम फिल्म आई थी 'ड्राइविंग लाइसेंस'. फिल्म की कहानी ये थी कि एक फिल्म एक्टर है. उसे अर्जेंट ड्राइविंग लाइसेंस बनवाना है. उसका एक पुलिसवाला बड़ा फैन है. उसका बच्चा भी उस एक्टर को पसंद करता है. इसलिए वो एक्टर की मदद करता है. एक दिन वो एक्टर पुलिस स्टेशन आता है. बच्चे के साथ बड़ी रुखाई से पेश आता है. पुलिसवाले की ठनक जाती है. वो कहता है ऐसी की तैसी, लाइसेंस तो नहीं बनने दूंगा. इस फिल्म को हिंदी में अक्षय कुमार और इमरान हाशमी के साथ 'सेल्फी' नाम से रीमेक किया जा रहा है.

'एन एक्शन हीरो' की कहानी थोड़ी-थोड़ी वैसी ही लग रही है. एक फिल्म स्टार और एक आम आदमी की भिड़ंत. शाहरुख खान की 'फैन' भी कमोबेश इसी आइडिया के इर्द-गिर्द घूमने वाली पिक्चर थी.

Advertisement

इस फिल्म में मलाइका अरोड़ा लंबे समय बाद एक डांस नंबर में दिखाई देने वाली हैं. इसके अलावा फिल्म में अक्षय कुमार के होने की भी खबरें हैं. बॉलीवुड हंगामा में छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म में अक्षय कुमार भी गेस्ट अपीयरेंस में नज़र आने वाले हैं. जब भी हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में एक्शन हीरो की बात आती है, तो अक्षय का नाम सबसे पहले लिया जाता है. साथ ही अक्षय, आनंद एल. राय और भूषण कुमार के साथ रेगुलर काम करते रहते हैं. अभी आनंद के साथ उन्होंने 'अतरंगी रे' और 'रक्षा बंधन' जैसी फिल्मों में काम किया. अच्छा रैपो शेयर करते हैं दोनों.

एक मौके पर आयुष्मान खुराना के साथ अक्षय कुमार.

'एन एक्शन हीरो' को भी आनंद एल. राय ने ही प्रोड्यूस किया है. इसलिए अक्षय ने तुरंत फिल्म में कैमियो के लिए तैयार हो गए. वो आए और एक दिन में अपने हिस्से की शूटिंग निपटा दी. जो आदमी 25-30 दिनों में ढाई घंटे की पिक्चर निपटा देता है. उसके लिए कैमियो क्या चीज़! खैर, बताया जा रहा है कि फिल्म के नैरेटिव के लिहाज़ से अक्षय का कैरेक्टर बहुत ज़रूरी रहने वाला है. क्योंकि उसकी वजह से आयुष्मान के किरदार में भारी बदलाव देखने को मिलेगा. जहां से कहानी एक अहम मोड़ लेगी.

'एन एक्शन हीरो' को अनिरुद्ध अय्यर ने डायरेक्ट किया है. बतौर डायरेक्टर ये अनिरुद्ध की पहली फिल्म है. इससे पहले वो 'तनु वेड्स  मनु' और 'ज़ीरो' जैसी फिल्मों पर आनंद एल. राय को असिस्ट कर चुके हैं. 'एन एक्शन हीरो' 2 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने जा रही है. 

Advertisement

वीडियो देखें: सुनील और परेश रावल की 'हेरा-फेरी' में काम क्यों नहीं कर रहे अक्षय कुमार?

Advertisement