Akshay Kumar पिछले कई सालों से एक हिट फिल्म को तरस रहे हैं. पिछले कई सालों से उनकी फुल फ्लेज्ड फिल्म हिट या सुपरहिट नहीं गई है. अपने हर इंटरव्यू में वो अपनी फ्लॉप फिल्मों को लेकर बात भी करते आए हैं. उनका कहना है कि फिल्म चले या ना चले वो मेहनत करने या काम करने से पीछे नहीं हटेंगे. अब हाल ही में अक्षय ने एक और इंटरव्यू दिया है. जिसमें उन्होंने फ्लॉप फिल्मों का ठीकरा ओटीटा प्लेटफॉर्म्स पर फोड़ दिया है.
अक्षय कुमार ने फ्लॉप फिल्मों का ठीकरा OTT प्लेटफॉर्म्स के सिर फोड़ दिया
Akshay Kumar का मानना है कोरोना काल के बाद चीज़ें बहुत ज़्यादा बदल गईं. जिसका असर इंडस्ट्री पर सबसे ज़्यादा पड़ा.


अक्षय कुमार इन दिनों अपनी फिल्म 'स्काई फोर्स' का प्रमोशन कर रहे हैं. इसी प्रमोशन के दौरान जब उनसे पूछा गया कि आज कल इंडियन सिनेमा में लगातार फ्लॉप फिल्मों के पीछे क्या कारण है तो उन्होंने कहा बढ़ते ओटीटी प्लेटफॉर्म्स की वजह से मूवीज़ फ्लॉप हो रही हैं. पिंकविला को दिए इंटरव्यू में अक्षय ने कहा,
''मैं बहुत लोगों से मिलता हूं वो अक्सर कहते हैं कि हम ये फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म पर देख लेंगे. बस यही कारण हैं फिल्में फ्लॉप होने का.''
अक्षय ने कहा कि पैनडेमिक के वक्त लोग घर पर कंटेंट देखते थे, इसी चीज़ की उन्हें आदत लग गई. अब वो अपने कंन्विंस के हिसाब से कंटेंट देखने लगे. अक्षय का मानना है कि कोरोना पीरियड के बाद चीज़ें अचानक बदल गईं. लोग ओटीटी प्लेटफॉर्म्स के आदी हो गए. वहां चीज़ों को देखने लगे. फिर धीरे-धीरे लोगों की यही आदत बन गई.
अक्षय कुमार पहले भी फ्लॉफ फिल्मों पर बात कर चुके हैं. पिंकविला से पहले उन्होंने Forbes India को इंटरव्यू दिया था. इसमें भी प्लॉफ फिल्मों पर बात करते हुए अक्षय ने कहा था,
''इस पैनडेमिनक ने फिल्म इंडस्ट्री के डायनमिक्स को बदल दिया. अब लोग अपने सिनेमा आउटिंग को लेकर ज़्यादा सलेक्टिव हो गए. ऐसी फिल्में चुनने लगे जो यूनिक और एंटरटेनिंग हो. मैं इसीलिए कंटेंट को लेकर ज़्यादा सोचने लगा. इन्हीं सब का असर इंडस्ट्री और फिल्मों पर भी पड़ा. अब लोगों को ऐसा सिनेमा दिखाना पड़ता है जो उनके थिएटर में आने को जस्टिफाई करे. अब ऐसी स्टोरी ढूंढनी पड़ती है जो ना सिर्फ लोगों को एंटरटेन करे बल्कि उनसे कनेक्ट भी कर पाए.''
वैसे पिछले साल अक्षय की 'बड़े मियां छोटे मियां', 'सरफिरा' और 'खेल खेल में' आई. इसके अलावा 'स्त्री 2' और 'सिंघम अगेन' में उनका गेस्ट अपीरिएंस था. 'स्त्री 2' और 'सिंघम अगेन' तो चली मगर अक्षय की बाकी तीनों फिल्में फ्लॉप हो गईं. 'खेल-खेल में' तो ओटीटी पर आई थी. मगर फिर भी उसे उतना अटेंशन नहीं मिला. जब अक्षय से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा,
''ऐसा पहली बार तो नहीं हो रहा है. अच्छी चीज़ तो ये है कि आप लगातार मेहनत करते रहिए. मैं खुद से भी यही कहता हूं और दूसरों से भी कि आपको हमेशा कड़ी मेहनत करते रहना चाहिए. लोग मुझसे हमेशा कहते हैं कि मुझे एक साल में बस दो फिल्में करनी चाहिए. मगर मैं और ज़्यादा फिल्में कर सकता हूं और क्यों ना करूं. मेरा पूरा करियर इसी तरह तेज़ी से डेडिकेशन के साथ काम करते हुए बना है. मुझसे ये भी कहा जाता है कि कंटेंट बेस्ड फिल्म ना करूं, मैं नहीं करता. फिर भी फिल्में नहीं चलती. मुझे बहुत गर्व है कि मैंने 'सरफिरा' जैसी फिल्म बनाई. वो मेरी बेस्ट फिल्मों में से एक है.''
अब अक्षय के साथ-साथ फैन्स की भी 'स्काय फोर्स' से उम्मीदें जुड़ी हैं. देखना है 24 जनवरी को रिलीज़ होने वाली ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कैसा परफॉर्म करती है. 2025 में अक्षय कॉमेडी में भी वापसी कर रहे हैं. उनकी 'हाउसफुल 5', 'वेलकम टू द जंगल' आने वाली है. इसके अलावा वो प्रियदर्शन की हॉरर-कॉमेडी 'भूत बंगला' में भी दिखाई देंगे.
वीडियो: शाहरुख खान के साथ फिल्म इंस्पेक्टर ग़ालिब नही बनाने की वजह मधुर भंडारकर ने क्या बताई?




















