देश-दुनिया की तमाम फिल्मी खबरों का वन स्टॉप डेस्टिनेशन. द सिनेमा शो. आइए आज की खबरों पर बात करें-
'लाल सिंह चड्ढा' और 'रक्षा बंधन' को बॉयकॉट करने पर क्या बोले अक्षय कुमार?
''हम आज़ाद देश हैं. सब लोग जो चाहें, वो कर सकते हैं. मगर फ़िल्में भारतीय इकॉनमी को मदद करती है.''


1. 'रक्षा बंधन' और 'लाल सिंह चड्ढा' बॉयकॉट करने पर बोले अक्षय
सोशल मीडिया पर 'रक्षा बंधन' और 'लाल सिंह चड्ढा' दोनों को ही बॉयकॉट किया जा रहा है. इस मसले पर बात करते हुए अक्षय कुमार ने कहा-
''जैसा कि मैंने कहा, हम आज़ाद देश हैं. सब लोग जो चाहें, वो कर सकते हैं. मगर फ़िल्में भारतीय इकॉनमी को मदद करती है. हम दुनिया का सबसे महान देश बनने जा रहे हैं. मैं सबसे गुज़ारिश करूंगा कि आप लोग इन, (ट्रोलिंग और बॉयकॉट) चक्करों में न पड़ें.''
2. 'कॉफी विद करण' के नए एपिसोड में नज़र आएंगे सोनम और अर्जुन
'कॉफी विद करण' के सातवें सीज़न के नए एपिसोड का प्रोमो आ चुका है. इस चैट शो के अगले एपिसोड में सोनम कपूर और अर्जुन कपूर शिरकत करने वाले हैं. ये एपिसोड 11 अगस्त को डिज़्नी+हॉटस्टार पर रिलीज़ होगा.
3. एक इवेंट में पैपराज़ी पर भड़कीं तापसी, बोलीं तमीज़ से बात करिए
तापसी पन्नू अपनी आगामी फिल्म 'दोबारा' के प्रमोशन के लिए मुंबई में एक इवेंट में पहुंची थीं. यहां मीडिया से उनकी झड़प हो गई. तापसी आते ही अंदर जाने लगीं. इस पर फोटोग्राफर्स ने कहा कि वो लोग कब से तापसी का इंतज़ार कर रहे हैं. और वो बिना फोटो खिंचाए अंदर चली गईं. इस पर नाराज़ तापसी ने कहा-
''मुझे जो बोला गया मैं कर रही हूं. आप मेरे पे क्यों चिल्ला रहे हो? प्लीज़ मुझसे तमीज़ से बात करें. मैं सिर्फ अपना काम कर रही हूं.''

4. 'रईस' राहुल ढोलकिया की अगली फिल्म में प्रतीक गांधी और दिव्येंदु
'रईस' फेम डायरेक्टर राहुल ढोलकिया 'अग्नि' नाम की नई फिल्म बनाने जा रहे हैं. इस फिल्म में वेब वर्ल्ड के दो सबसे पॉपुलर लोग साथ काम करने जा रहे हैं. 'अग्नि' में 'स्कैम 1992' फेम प्रतीक गांधी और 'मिर्ज़ापुर' के मुन्ना भइया यानी दिव्येंदु साथ काम करेंगे.
5. नेटफ्लिक्स ने रिलीज़ किया नयनतारा-विग्नेश की शादी का टीज़र
लेडी सुपरस्टार नयनतारा और विग्नेश शिवन की शादी के डॉक्यूमेंट्री राइट्स नेटफ्लिक्स ने खरीदे थे. पीछे कुछ विवाद भी हुए इस मसले को लेकर. मगर अब फाइनली नेटफ्लिक्स ने उनकी शादी के वीडियो का टीज़र रिलीज़ कर दिया है.
6. 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' से शैलेश लोढ़ा के निकलने पर बोले मेकर्स
पॉपुलर सिटकॉम 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में तारक मेहता का रोल करने वाले एक्टर शैलेश लोढ़ा ने ये शो छोड़ दिया है. एक के बाद एक शो से अलग होते एक्टर्स के मसले पर बात करते हुए प्रोड्यूसर असित मोदी ने कहा-
''देखिए जैसा मैंने पहले भी कहा है, मैं सबको साथ में जोड़कर रखना चाहता हूं. लेकिन अगर कोई लोग आना ही नहीं चाहते, उनका पेट भर गया हो, उनको लगता हो कि हमने बहुत कुछ कर लिया. उन्हें लगता हो कि और कुछ करना चाहिए. तारक मेहता... तक सीमित नहीं रहना, वो नहीं समझना चाहते. मैं फिर भी उनको कहता हूं कि भाई सोचिए-समझिए. लेकिन अगर वो नहीं आएंगे, तो शो नहीं रुकेगा.''
7. प्राइम वीडियो की 'दहाड़' में काम करेंगे विजय वर्मा-गुलशन देवैया
'डार्लिंग्स' में विजय वर्मा की परफॉरमेंस देख, एक फैन ने गुलशन देवैया और विजय को साथ देखने की इच्छा जताई. इसका जवाब देते हुए गुलशन ने कहा कि वो अमेज़न प्राइम वीडियो की वेब सीरीज़ 'दहाड़' में साथ काम कर रहे हैं. रीमा कागती और जोया अख्तर की इस वेब सीरीज़ से सोनाक्षी सिन्हा अपना डिजिटल डेब्यू करने जा रही हैं.
8. कपिल शर्मा शो के चंदन करेंगे अपना वेब सीरीज़ डेब्यू
द कपिल शर्मा फेम कॉमेडियन चंदन प्रभाकर अपना एक्टिंग डेब्यू करने जा रहे हैं. ऐड फिल्ममेकर लकी हंसराज की डायरेक्टेड अनाम वेब सीरीज़ में चंदन लीड रोल करने जा रहे हैं. जल्द ही इसकी शूटिंग शुरू होगी.






















