पश्चिम बंगाल और असम समेत 4 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजों की घड़ी आ गई है. कुछ ही घंटों में पता चल जाएगा कि तमिलनाडु, असम, पश्चिम बंगाल, केरल और पुडुचेरी में किसकी सरकार बनने वाली है. आज यानी सोमवार, 4 मई की सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू हो जाएगी. बंगाल, तमिलनाडु और केरल ऐसे राज्य हैं, जहां बीजेपी अब तक सत्ता में नहीं आ पाई है, जबकि असम में तीसरी बार और पुडुचेरी में दूसरी बार सरकार बनाने की कोशिश में है.
बंगाल-असम से तमिलनाडु-केरल तक, किसके सिर सजेगा ताज? फैसला आज
Vidhan Sabha Chunav Result 2026: आज यानी 4 मई की सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू हो जाएगी. कुछ ही घंटों में पता चल जाएगा कि तमिलनाडु, असम, पश्चिम बंगाल, केरल और पुडुचेरी में किसकी सरकार बनने वाली है.


मतगणना के दौरान सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती शुरू की गई है. यह 8 बजे से 8:30 बजे तक चलेगी. 8:30 बजे से EVM के वोटों की गिनती शुरू होगी. अगर तब तक पोस्टल बैलेट की गिनती पूरी नहीं होती है तो साथ-साथ वह भी जारी रहेगी.
असम की 126, केरल की 140 और पुडुचेरी की 30 सीटों पर एक चरण में 9 अप्रैल को मतदान हुए थे. तमिलनाडु की 234 सीटों पर भी एक ही फेज में 23 अप्रैल को वोटिंग हुई थी. वहीं, पश्चिम बंगाल की 294 सीटों पर दो चरणों में मतदान हुआ था. एग्जिट पोल के सर्वे ने काफी हद तक तस्वीर साफ कर दी है. लेकिन असली जीत हार का पता तो आज ही चलेगा.
पांच राज्यों के चुनाव में सबकी नजर पश्चिम बंगाल में टिकी है. एग्जिट पोल यहां ममता बनर्जी और बीजेपी के बीच कांटे की टक्कर दिखा रहे हैं. इंडिया टुडे ने सात एग्जिट पोल्स को मिलाकर पोल ऑफ एग्जिट पोल्स किया है. इसमें जेवीसी, पी-मार्क, मैट्रिज, पीपुल्स पल्स, चाणक्य स्ट्रैटेजीज, पोल डायरी और जनमत पोल्स एजेंसी के सर्वे शामिल हैं.
बंगाल में ‘दीदी’ को बीजेपी की कड़ी टक्कर
पोल ऑफ एग्जिट पोल्स के लिहाज से बंगाल में ममता बनर्जी सत्ता में बनी रहेंगी. लेकिन बीजेपी भी ज्यादा पीछे नहीं है. ‘पोल ऑफ एग्जिट पोल्स’ के मुताबिक TMC को 147 सीटें मिल सकती हैं तो बीजेपी को 137 सीटें मिलने का अनुमान है. कांग्रेस और लेफ्ट के खाते में 2-2 जबकि अन्य को 6 सीटें मिल सकती हैं.
असम में बीजेपी की सत्ता की हैट्रिक?
असम विधानसभा चुनाव में बीजेपी सत्ता की हैट्रिक लगाती नजर आ रही है. ‘पोल ऑफ एग्जिट पोल्स’ में बीजेपी को 88 सीटें मिलती दिख रही हैं. वहीं कांग्रेस के खाते में 27 सीट जाने का अनुमान है, जबकि अन्य को 7 सीटें मिल सकती हैं.
केरल से जाएगी लेफ्ट की सरकार?
केरल में CPI(M) के नेतृत्व वाले लेफ्ट डेमोक्रेटिक गठबंधन (LDF) की सत्ता से विदाई के संकेत मिल रहे हैं. ‘पोल ऑफ एग्जिट पोल्स’ के मुताबिक राज्य की 140 सीटों में से कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) को 77 सीटें मिलती दिख रही हैं. वहीं CPI(M) की अगुआई वाली LDF को 59 सीटें मिलने का अनुमान है. इसके अलावा बीजेपी को 2 सीटें और अन्य के खाते में भी 2 सीटें जा सकती हैं.
तमिलनाडु में स्टालिन की होगी विजय?
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में DMK और कांग्रेस गठबंधन की फिर से सत्ता में वापसी हो सकती है. पोल ऑफ एग्जिट पोल्स के मुताबिक, राज्य में DMK गठबंधन को 130 सीटें मिलती दिख रही हैं तो AIADMK गठबंधन 65 सीटों पर सिमटता नजर आ रहा है. अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी TVK को 31 सीटें मिलने का अनुमान है. वहीं अन्य के खाते में 8 सीटें जा सकती हैं.
पुडुचेरी में बीजेपी गठबंधन का दबदबा कायम!
केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में बीजेपी गठबंधन अपना वर्चस्व कायम रख सकता है. पोल ऑफ एग्जिट पोल्स के मुताबिक, राज्य की 30 सीटों में से बीजेपी गठबंधन को 17 सीटें मिल सकती हैं. वहीं कांग्रेस की अगुआई वाले गठबंधन को 9 सीट मिलने का अनुमान है. इसके अलावा अन्य के खाते में 3 सीटें जा सकती हैं.
ये भी पढ़ें: बंगाल, असम से लेकर तमिलनाडु और केरल तक... इन हॉट सीटों पर है सबकी नजर
कब हुए थे चुनाव?असम- 9 अप्रैल
केरल-9 अप्रैल
पुडुचेरी- 9 अप्रैल
तमिलनाडु- 23 अप्रैल
बंगाल- 23 और 29 अप्रैल
कहां कितनी सीटें, बहुमत का आंकड़ा क्या?बंगाल- 294, बहुमत का आंकड़ा- 148
असम- 126, बहुमत का आंकड़ा- 64
तमिलनाडु-234, बहुमत का आंकड़ा- 118
केरल- 140, बहुमत का आंकड़ा- 71
पुडुचेरी-30, बहुमत का आंकड़ा- 16
वीडियो: असम विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल में NDA, BJP, कांग्रेस को कितनी सीटें मिल रहीं?


















