The Lallantop

रोजगार से लेकर घुसपैठ रोकने तक, बंगाल से पीएम मोदी ने क्या-क्या पक्के वादे किए?

पश्चिम बंगाल में बीजेपी बड़ी जीत हासिल करती दिख रही है. इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीजेपी मुख्यालय से पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस जीत के साथ गंगोत्री से लेकर गंगासागर तक कमल खिल गया है. उन्होंने बंगाल के अलावा असम और पुडुचेरी में एनडीए की जीत के लिए जनता का आभार प्रकट किया है.

Advertisement
post-main-image
पीएम मोदी ने बीजेपी हेडक्वार्टर में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया. (इंडिया टुडे)

पश्चिम बंगाल में बीजेपी प्रचंड बहुमत की ओर बढ़ रही है. पार्टी 200 से ज्यादा सीटों पर मजबूत बढ़त बनाए हुए हैं. इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीजेपी ऑफिस में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया. पीएम मोदी ने बंगाल की जीत को श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों की जीत बताया है. उन्होंने कहा कि इस जीत के साथ ‘गंगोत्री से लेकर गंगा सागर तक कमल खिल गया’ है. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बंगाल की जीत पर कहा,

आज की ये जीत ऐतिहासिक है, अभूतपूर्व है. जब वर्षों की साधना जब सिद्धि में बदलती है तो चेहरे पर जो खुशी होती है. वो खुशी मैं आज देश भर के भाजपा के कार्यकर्ता के चेहरे पर देख रहा हूं. एक कार्यकर्ता होने के नाते मैं बीजेपी के हर कार्यकर्ता की खुशी में शामिल हूं. साथ ही मैं बीजेपी के हर छोेटे बड़े कार्यकर्ताओं का हृदय से अभिनंदन करता हूं जिन्होंने कमल खिला दिया है. 

Advertisement

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बंगाल, असम और पुडुचेरी में बीजेपी और एनडीेए की जीत के लिए पार्टी के नव निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की भी तारीफ की है. उन्होंने कहा,

साथियो, बीजेपी के अध्यक्ष नितिन नबीन जी द्वारा अध्यक्ष पद संभालने के बाद ये पहले विधानसभा चुनाव थे. इन चुनावों में पार्टी के हर कार्यकर्ता को उनका जो मार्गदर्शन मिला वो विजय में बहुमूल्य रहा. 

पीएम मोदी ने बंगाल और असम में बीजेपी की जीत पर कहा,

Advertisement

साथियो, पिछले साल 14 नवंबर को जब बिहार के नतीजे आए थे. तब मैंने बीजेपी मुख्यालय से आपको कहा था गंगाजी बिहार से आते हुए गंगा सागर तक जाती हैं. आज बंगाल की जीत के साथ गंगोत्री से लेकर गंगासागर तक कमल ही कमल खिला हुआ है. उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार और अब पश्चिम बंगाल तक आज मां गंगा के आशीर्वाद से बीजेपी एनडीए सरकार है. 

2013 में बीजेपी ने जब मुझे पीएम उम्मीदवार बनाया. काशी में नॉमिनेशन भरने गया. पत्रकारों ने मुझे घेर लिया. मुझसे ध्वनि निकली थी. मैं नहीं आया हूं. न मुझे किसी ने भेजा है. मां गंगा ने मुझे बुलाया है. हर पल अनुभव कर रहा हूं कि मां गंगा का आशीर्वाद निरंतर हम पर कृपा बरस रहा है. गंगा जी के साथ साथ ब्रह्मपुत्र का भी हम पर बहुत आशीर्वाद रहा है. मां कामख्या का आशीर्वाद रहा है. असम में तीसरी बार एनडीए पर भरोसा किया है. 

पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल में बीजेपी की सरकार बनने के साथ ही महिलाओं को सुरक्षित माहौल मिलेगा, युवाओं को रोजगार मिलेगा, पलायन रुकेगा. घुसपैठियों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा और पहली कैबिनेट में ही आयुष्मान योजना को मंजूरी दी जाएगी. 

बंगाल में बीजेपी की जीत के अवसर पर पीएम मोदी ने भारतीय जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी को भी याद किया. उन्होंने कहा, 

साल 1951 में भारतीय जनसंघ की स्थापना करने वाले डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की आत्मा को कितनी शांति मिली होगी. उन्होंने 1951 में जनसंघ की स्थापना करके हर कार्यकर्ता को संदेश दिया कि देश के लिए जीना और देश के लिए मरना है. डॉ मुखर्जी ने बंगाल को भारत का हिस्सा बनाए रखने के लिए बड़ी लड़ाई लड़ी. आज दशकों बाद उनका सपना साकार हुआ है. 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी स्पीच के आखिर में उत्तर प्रदेश में होने वाले चुनाव के लिए अपने अभियान का आगाज कर दिया है. उन्होंने नारी शक्ति संशोधन अधिनियम को पास नहीं होने देने को लेकर समाजवादी पार्टी को निशाने पर लिया. पीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता विधानसभा चुनाव में महिला का अपमान करने वालों को सजा जरूरी देगी. 

वीडियो: इंटरव्यू के दौरान पीएम मोदी से दोस्ती पर क्या बोले दिलीप घोष?

Advertisement