The Lallantop

'लालू यादव ने बेटी की किडनी ली फिर टिकट दिया', BJP प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, जवाब क्या मिला?

Rohini Acharya और Misa Bharti को टिकट मिलने की अटकलों के बीच बिहार के BJP प्रमुख और उपमुख्यमंत्री Samrat Chaudhary ने RJD सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव पर निशाना साधा है.

Advertisement
post-main-image
2019 लोकसभा चुनाव में पाटलिपुत्र सीट से मीसा भारती को हार का सामना करना पड़ा था. (फोटो-इंडिया टुडे)

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव अपनी दो बेटियों को चुनाव मैदान में उतार सकते हैं, ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं. RJD सूत्रों के हवाले से आईं रिपोर्ट्स के मुताबिक आगामी लोकसभा चुनाव में मीसा भारती को पाटलिपुत्र और रोहिणी आचार्य को छपरा (सारण) लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारने की तैयारी की जा रही है.

Advertisement

वहीं रोहिणी और मीसा को टिकट मिलने की खबरों के बीच बिहार BJP प्रमुख और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लालू प्रसाद यादव पर निशाना साधा है. आजतक के रोहित कुमार सिंह की रिपोर्ट के मुताबिक सम्राट चौधरी ने कहा,

“लालू यादव ने अपनी बेटी तक को नहीं छोड़ा. पहले किडनी लिया फिर टिकट दिया. यही है लालू प्रसाद का परिचय. जो व्यक्ति अपनी बेटी तक को नहीं छोड़ता हो उसी का नाम है लालू प्रसाद.”

Advertisement

सम्राट चौधरी के इस बयान पर लालू की बेटी रोहिणी आचार्य ने जवाब दिया. उन्होंने बीजेपी नेता का नाम लिए बिना X पर लिखा, "अपने पापा को अपनी एक किडनी देना तो उनके प्रति मेरा कर्तव्य और प्यार है. अपने परिवार और अपनी जन्मभूमि बिहार के लिए तो रोहिणी अपनी जान न्योछावर करने को तैयार है."

लालू के करीबी रीतलाल यादव का बयान

पाटलिपुत्र लोकसभा सीट से लालू यादव के करीबी रीतलाल यादव RJD से प्रमुख दावेदारों में से एक हैं. इंडिया टुडे से जुड़े आदित्य वैभव की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले कुछ दिनों से उन्हें राबड़ी देवी के आधिकारिक आवास पर अक्सर जाते देखा गया है. RJD से पाटलिपुत्र सीट पर उनकी उम्मीदवारी को लेकर पूछ जाने पर रीतलाल ने कहा,

Advertisement

“भाई-बहन के लाड-प्यार में पाटलिपुत्र लोकसभा सीट फंस गया है. भाई चाहता है कि बहन फैसला ले. बहन चाहती है कि भाई फैसला ले. अधिकार बड़ी बहन का है. उनका फैसला मेरा फैसला है."

ये भी पढ़ें- रोहिणी ने कहा- गिरगिट, थरूर बोले- Snollygoster; नीतीश के इस्तीफ़े पर और किसने-क्या कहा

पाटलिपुत्र सांसद बनने की इच्छा पर सवाल किए जाने पर उन्होंने कहा कि भाई-बहनों के बीच क्या अंतर है. भाई बने या बहन, क्या फर्क पड़ता है. रीतलाल ने आगे कहा कि वो उसे हराएंगे जिसके पास फिलहाल पाटलिपुत्र सीट है. 

बता दें कि 2019 लोकसभा चुनाव में पाटलिपुत्र सीट से मीसा भारती को बीजेपी के राम कृपाल यादव से हार का सामना करना पड़ा था. फिलहाल बिहार में NDA ने सीट शेयरिंग कर दी है. लेकिन महागठबंधन में ऐसा कुछ नहीं हुआ है. ऐसे में लालू यादव ने सिंबल बांटना शुरू कर दिया है.

वीडियो: सुशील मोदी ने क्या ट्वीट किया कि लालू यादव की बेटी रोहिणी उनपर भड़क गईं?

Advertisement