एथेनॉल ब्लेंडेड पेट्रोल (E20) पर विवाद बढ़ता जा रहा है. E20 के इस्तेमाल से माइलेज घटने की बात कबूल करने वाले केंद्रीय रोड ट्रांसपोर्ट और हाईवे मंत्री नितिन गडकरी ने एक और दावा कर दिया है. उन्होंने कहा कि गाड़ी मालिक खुद माइलेज चेक नहीं कर सकते. परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि ऑथराइज्ड डीलर के पास जाइए. वहां मशीन से माइलेज चेक किया जाता है.
'एथेनॉल से मेरी कार का माइलेज गिरा... ' गडकरी का जवाब- आप खुद चेक ही नहीं कर सकते
E20 Ethanol Mileage: नितिन गडकरी ने बताया कि उनके पास अभी तक ऐसी एक भी शिकायत नहीं आई है, जिसमें एथेनॉल ब्लेंडेड पेट्रोल (E20) की वजह से माइलेज घटने का दावा किया गया हो. गडकरी ने माइलेज चेक करने और शिकायत करने का सही तरीका भी बताया.


13 जुलाई को नितिन गडकरी ABP न्यूज के साथ एक इंटरव्यू में पत्रकार मेघा प्रसाद को जवाब दे रहे थे. पत्रकार ने दावा किया था कि सरकार के अनिवार्य E20 पेट्रोल पर स्विच करने के बाद उनकी कार का माइलेज बहुत कम हो गया है.
पत्रकार ने बताया कि उन्होंने 2023 में कार खरीदी, जो मानकर चलते हैं कि E20 कॉम्प्लायंट होगी. दावा किया कि हाल ही में सिटी के अंदर उनकी कार का माइलेज 11 किलोमीटर प्रति लीटर से गिरकर 7 किलोमीटर प्रति लीटर पर पहुंच गया.
नितिन गडकरी ने उनसे पूछा कि उन्होंने माइलेज कैसे चेक किया? महिला पत्रकार ने जवाब दिया कि जैसे हमेशा से चेक करते आ रहे हैं. आगे कहा कि उनके ड्राइवर ने चेक करके उन्हें माइलेज कम होने के बारे में बताया.
पत्रकार के दावे पर पलटवार करते हुए नितिन गडकरी ने कहा कि आप अपनी गाड़ी को किसी ऑथराइज्ड सर्विस स्टेशन में या ऑथराइज्ड कंपनी के डीलर के पास भेजें. वहां एक मशीन होती है. नितिन गडकरी ने कहा,
"एवरेज (माइलेज) आप और मैं अपनी गाड़ी कार में खुद से चेक नहीं कर सकते... एक मशीन होती है. वो मशीन किसी के घर पर नहीं होती."
केंद्रीय परिवहन मंत्री ने E20 की वजह से माइलेज कम होने का दावा करने वालों से शिकायत दर्ज करने के लिए कहा. उन्होंने कहा कि अगर आपकी गाड़ी की वाजिब इंश्योरेंस पॉलिसी और गारंटी हैं, तो ऑटो कंपनी के ऑथराइज्ड डीलरशिप में माइलेज घटने की शिकायत दर्ज कराएं. इस बीच, नितिन गडकरी ने महिला पत्रकार को 'समझाते' हुए कहा,
"अगर तबीयत खराब हो गई, तो घर में बैठकर डॉक्टर को गालियां दोगी क्या?"
यह भी पढ़ें: एथेनॉल वाले पेट्रोल से गाड़ियों का गिरता है माइलेज, नितिन गडकरी ने भी माना
माइलेज घटने की शिकायत करने का तरीकानितिन गडकरी ने बाद में शिकायत करने का पूरा तरीका बताया. उन्होंने कहा कि पहले गाड़ी बनाने वाली कंपनी के ऑथराइज्ड डीलर के पास जाकर माइलेज घटने की कंप्लेंट रजिस्टर कराएं. फिर तुरंत रजिस्टर्ड कंप्लेंट को रोड ट्रांसपोर्ट और हाईवे मंत्रालय की वेबसाइट पर इसके मंत्री नितिन गडकरी के पास ईमेल करें. मंत्रालय इस शिकायत की जांच करेगा. नितिन गडकरी ने बताया कि उनके पास अभी तक ऐसी एक भी शिकायत नहीं आई है.
वीडियो: E20 पर मनीष कश्यप ने नितिन गडकरी को क्या चुनौती दे दिया?








