The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Technology
  • Samsung Galaxy S21 series launched: Price, specs, drawbacks

ऐपल का मज़ाक उड़ाने वाले सैमसंग ने अपनी Galaxy S21 सीरीज़ में चार्जर गायब कर दिया

Samsung Galaxy S21 सीरीज़ में खास क्या है और बकवास क्या है?

Advertisement
pic
14 जनवरी 2021 (अपडेटेड: 15 जनवरी 2021, 11:26 AM IST)
Img The Lallantop
सैमसंग गैलक्सी S21 इंडिया में लॉन्च हो गया है.
Quick AI Highlights
Click here to view more
सैमसंग ने अपनी नई Galaxy S21 लाइनअप लॉन्च कर दी है जिसमें Galaxy S21, Galaxy S21+ और Galaxy S21 Ultra फ़ोन शामिल हैं. इन लाइनअप का दाम 69,999 रुपए से शुरू होता है. सबसे महंगा मॉडल 1,16,999 रुपए का पड़ता है. अमेरिकी मार्केट में गैलक्सी S21 सीरीज़ में क़्वालकॉम का स्नैपड्रैगन 888 प्रोसेसर लगा हुआ होगा और इंडियन मार्केट में सैमसंग का खुद का Exynos 2100 चिपसेट. इन फ़ोन के स्पेक्स, इंडिया में कीमत और उन चीज़ों पर नज़र डालते हैं, जो थोड़ा खटकती हैं. Samsung Galaxy S21 series: कीमत *गैलक्सी S21 का 8GB+128GB मॉडल 69,999 रुपए का है और 8GB+256GB मॉडल 73,999 रुपए का
*गैलक्सी S21+ का 8GB+128GB मॉडल 81,999 रुपए का है और 8GB+256GB मॉडल 85,999 रुपए का
*गैलक्सी S21 अल्ट्रा का 12GB+256GB मॉडल 1,05,999 रुपए का है और 16GB+512GB मॉडल 1,16,999 रुपए का सैमसंग गैलक्सी S21 सीरीज़: क्या बढ़िया है और कहां कमी है? Lt S21 Series
गैलक्सी S21 सीरीज़ में कुल तीन मॉडल हैं.

सैमसंग गैलक्सी S21 और S21+ में बस स्क्रीन के साइज़ का और बैटरी का फ़र्क है, बाकी सब वही है. गैलक्सी S21 अल्ट्रा इस सीरीज़ का टॉप क्लास का फ़ोन है जिसमें कैमरा, बैटरी और डिस्प्ले बदला हुआ है. पहले गैलक्सी S21 और गैलक्सी S21+ के स्पेक्स और इसकी कमियों पर नज़र डाल लेते हैं. उसके बाद अल्ट्रा की चर्चा करते हैं. Galaxy S21 और S21+ डिजाइन: सैमसंग के नए फ़ोन में कॉन्ट्रा कट कैमरा लगा हुआ है, जो देखने में बाकी फ़ोन से बिल्कुल ही अलग है. ऐसा लगता है जैसे फ़ोन की साइड पिघलकर कैमरा बन गई हो. यानी कि कैमरा बम्प पूरी तरह से मेटल में सेट है. चिन और साइड बेज़ेल लगभग गायब हैं, जिसकी वजह से फ़ोन का फ़ॉर्म फैक्टर काफ़ी सही मालूम पड़ रहा है. गैलक्सी S21+ की बैक पर तो ग्लास बैक है मगर सैमसंग ने S21 की बैक पर प्लास्टिक इस्तेमाल किया है. प्लास्टिक ग्लास से ज्यादा मजबूत रहता है मगर ये हाथ में प्रीमियम फ़ील नहीं देता. सैमसंग के पिछले साल के गैलक्सी S20 में ग्लास बैक है और ये फ़ोन 50,000 रुपए के अंदर मिल रहा है.
डिस्प्ले: सैमसंग गैलक्सी S21 और S21+ में एक फ्लैट डाइनैमिक AMOLED 2X डिस्प्ले है, जिसमें FHD+ यानी 2400x1080p रेसॉल्यूशन है, HDR10+ सर्टिफाइड है, नीली लाइट कट करने वाली आई कम्फर्ट शील्ड है और 120Hz का अडैप्टिव रिफ्रेश रेट है यानी कि ज़रूरत के हिसाब से स्क्रीन 48hz से 120Hz के बीच में स्विच करती रहती है. गैलक्सी S21 की स्क्रीन 6.2-इंच की है और S21+ की स्क्रीन 6.7-इंच की है. सैमसंग ने 120Hz का रिफ्रेश रेट तो डाल दिया और बैटरी बचाने के लिए अडैप्टिव सिस्टम भी दे दिया मगर स्क्रीन का रेसॉल्यूशन पिछले साल के गैलक्सी S20 की QHD+ या 1440p रेसॉल्यूशन से भी नीचे गिरा दिया.
Lt S21
सैमसंग गैलक्सी S21 में सामने पंच-होल कैमरा है.

प्रोसेसर: सैमसंग गैलक्सी S21 सीरीज़ क़्वालकॉम स्नैपड्रैगन 888 प्रोसेसर के साथ अमेरिका में उतरेगी, मगर इंडियन यूजर को एक्सीनोस 2100 प्रोसेसर वाला डिवाइस मिलेगा. सालों से एक्सीनोस प्रोसेसर स्नैपड्रैगन से पीछे रहा है मगर इस साल पेपर पर सैमसंग का 5nm वाला चिपसेट आगे है. असल परफॉर्मेंस में दोनों चिप कहां पर ठहरेंगे, ये जानने के लिए थोड़ा इंतज़ार करना पड़ेगा. दोनों फ़ोन में 8GB की LPDDR5 रैम लगी हुई है.
कैमरा: दोनों फ़ोन की बैक पर तीन कैमरे लगे हुए हैं. एक 12MP का वाइड लेंस है, एक 12MP का अल्ट्रावाइड लेंस है और एक 64MP का टेलीफ़ोटो लेंस है जो 3x ऑप्टिकल ज़ूम सपोर्ट करता है और 30x स्पेस ज़ूम. सामने एक 10MP का सेल्फ़ी कैमरा लगा हुआ है जो एक छोटे से पंच-होल से झांकता है. कैमरा के बारे में बिना टेस्ट किए अभी कुछ कहा नहीं जा सकता.
बैटरी: सैमसंग गैलक्सी S21 में 4000mAh की बैटरी और गैलक्सी S21+ में 4800mAh की बैटरी है. दोनों ही फ़ोन वायरलेस चार्जिंग के साथ-साथ 25W की फ़ास्ट वायर्ड चार्जिंग सपोर्ट करते हैं. बैटरी कपैसिटी तो सही मालूम पड़ रही है मगर चार्जिंग स्पीड बाकी एंड्रॉयड फ्लैगशिप के मुकाबले कम है. Galaxy S21 Ultra Lt S21 Ultra
सैमसंग गैलक्सी S21 अल्ट्रा में S-Pen का सपोर्ट भी है.

सैमसंग गैलक्सी S21 अल्ट्रा में 6.8-इंच की डिस्प्ले है जिसमें QHD+ या 3200x1440p रेसॉल्यूशन है और 10Hz से लेकर 120Hz के बीच में ऑटोमेटिक तरीके से स्विच हो सकती है. इसकी बैक पर चार कैमरा के साथ एक लेज़र ऑटो-फोकस सेन्सर भी है. मेन कैमरा 108MP का वाइड लेंस है जिसके साथ एक 12MP का अल्ट्रावाइड-ऐंगल लेंस और 10MP-10MP के दो टेलीफ़ोटो लेंस है. एक टेलीफ़ोटो लेंस 3x ऑप्टिकल ज़ूम सपोर्ट करता है दूसरा लेंस 10x ऑप्टिकल ज़ूम के साथ 100x स्पेस ज़ूम. इस फ़ोन में 5000mAh बैटरी है और 25W फ़ास्ट चार्जिंग.
सैमसंग गैलक्सी S21 लाइनअप की सबसे बड़ी गड़बड़ ये है कि गैलक्सी S21 सीरीज़ के डब्बे में चार्जर नहीं मिलेगा. डब्बे में सिर्फ़ सिम निकालने वाला टूल और एक USB-C टु USB-C केबल है. चार्जर गायब करने को लेकर सैमसंग ने ऐपल का मज़ाक उड़ाया था और अब खुद वही काम करते देर नहीं लगाई. इसके साथ ही सैमसंग गैलक्सी S21 सीरीज़ ने आईफोन की ही तरह एक्सटर्नल स्टोरेज का ऑप्शन खत्म कर दिया. मतलब कि इसमें मेमोरी कार्ड नहीं लग सकता.

Advertisement

Advertisement

()