एक पासवर्ड से कई अकाउंट चलाने वालों को दिल्ली पुलिस का भूपिंदर जोगी वाला ट्वीट देखना चाहिए
Delhi Police ने अकाउंट पासवर्ड को लेकर चेताया है और इसके लिए भयंकर वायरल हो रखे भूपिंदर जोगी की 'मदद' ली है. पोस्ट में कहा गया है कि भतेरे अकाउंट लेकिन एक पासवर्ड. ये अच्छी बात नहीं है, बहुत जोखिम भरा है.

Delhi Police की तरफ से पासवर्ड को लेकर एक जरूरी चेतावनी जारी की गई है और कमाल बात ये है कि इसमें भयंकर वायरल हो रखे भूपिंदर जोगी (Bhupendra Jogi Lallantop) भी शामिल हैं. कहने का मतलब The Lallantop की चुनावी यात्रा से वायरल हुए जोगी साहब के बहाने दिल्ली पुलिस आपके पासवर्ड को लेकर एक जरूरी बात कहना चाह रही है. पासवर्ड को लेकर दिल्ली पुलिस ने क्या कहा वो हम आपसे जरूर साझा करेंगे. हां भूपिंदर जोगी क्या कमाल किए, वो आप इस लिंक पर क्लिक करके देख लीजिए.
भतेरे अकाउंट, लेकिन एक पासवर्ड. ये अच्छी बात नहीं है. ये बहुत जोखिम भरा है. अगर आपने हैकर्स से एक कदम आगे रहना है तो कमजोर पासवर्ड बनाना बंद कीजिए और एक ही पासवर्ड बार-बार इस्तेमाल करना भी बंद कर दीजिए.
दिल्ली पुलिस का पोस्ट देख लिया, लेकिन पहले जरा जोगी साहब के बारे में जान लीजिए. इनके बारे में जानना इसलिए जरूरी है क्योंकि भाई आजकल बहुत वायरल हैं. क्या आम और क्या खास. सब इनकी बात कर रहे. वजह Lallantop चुनावी यात्रा का एक वीडियो. अभी का नहीं, कुछ साल पुराना. जोगी साहब मध्य प्रदेश की सड़कों के बारे में बताते हुए कहते हैं कि उन्होंने अमेरिका की सड़कों को देखा है. जब उनसे शहरों का नाम पूछा जाता तो महाशय अपना नाम यानी भूपेंदर जोगी बता देते हैं. लगता है जैसे महानुभाव जानते थे कि फ्यूचर में वो देश-दुनिया में मीम मटेरियल बनेंगे.
बात आई गई हो गई, लेकिन अब फिर चुनाव और फिर जोगी जी वायरल. मतलब नाम पूछने के लिए भी जवाब में जोगी जी का नाम लिया जा रहा. कहने का मतलब जोगी जी की वजह से लोगों को हंसने का मौका मिल रहा. दिल्ली पुलिस भी कहां पीछे रहती क्योंकि वो तो ऐसे चुटीले टॉपिक्स को अपने ही अंदाज में बताने से कभी नहीं चूकती.
ये वो चेतावनी है जो दिल्ली पुलिस ने अपने आधिकारिक x (पहले ट्विटर) हैंडल से पोस्ट की है. समझाने के लिए भूपिंदर जोगी के साथ इंस्टाग्राम, गूगल और फ़ेसबुक को लिया है. आपके मन में सवाल होगा कि सोशल मीडिया पर तो तमाम प्लेटफॉर्म हैं, फिर ये तीन ही क्यों.
दरअसल इन तीनों प्लेटफॉर्म पर अक्सर यूजर्स के कई सारे अकाउंट होते हैं. मसलन गूगल पर एक पर्सनल और एक ऑफिसियल अकाउंट होना बहुत नॉर्मल है. अब इन ऐप्स का एल्गोरिथ्म एक जैसे यूजर आईडी तो नहीं बनाने देता, मगर पासवर्ड के साथ ऐसा हो जाता है. कारण, हमारा आलस और लापरवाही. इंदौर वाली भाषा में कहें तो अलग-अलग पासवर्ड बनाने में कंठाल (आलसी) आता है.
एक पासवर्ड बनाया और वही सभी अकाउंट में थोप दिया. मत कीजिए ऐसा. हमारी नहीं तो कम से कम दिल्ली पुलिस का कहना मान लीजिए. हर अकाउंट के लिए अलग-अलग पासवर्ड बनाइए.
जो आपको लगता हो कि इतने सारे पासवर्ड याद कौन रखेगा, मजबूत पासवर्ड कैसे बनाएंगे तो चिंता नक्को. आपने कुछ नहीं करना है. गूगल पासवर्ड मैनेजर की मदद लीजिए. ये आपके लिए मजबूत पासवर्ड सुझाएगा भी और याद भी रखेगा. इसको इस्तेमाल करना बेहद आसान है. आपके एंड्रॉयड स्मार्टफोन में गूगल सेटिंग्स के अंदर ये भाई साहब मिल जाते हैं. पूरा प्रोसेस आप यहां क्लिक करके जान लीजिए.
इनेबल कर लीजिए और चाहें तो होम स्क्रीन पर आइकन भी सेट कर लीजिए. इतना ही नहीं, अब तो गूगल पासवर्ड मैनेजर आईफोन में भी सिंक करता है. आईफोन सेटिंग्स में आपको पासवर्ड मैनेजर के अंदर गूगल क्रोम भी मिल जाता है. यकीन जानिए मजबूत पासवर्ड बनाने और याद रखने के लिए इससे आसान कुछ भी नहीं.
अगर इतना कर लेंगे तो पासवर्ड वाली बेसिक बातों - जैसे 15 कैरेक्टर वाला पासवर्ड बनाने में नंबर से लेकर स्पेशल डिजिट तक इस्तेमाल करना- वगैरा-वगैरा से मुक्ति मिल जाएगी. लेकिन इतना सब करने के बाद भी आप साइबर अपराध का शिकार बन जाएं तो बिना देर किए साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज करवाइए. जितना जल्दी करेंगे उतना ही अच्छा होगा.
वीडियो: सोशल लिस्ट: भूपिंदर जोगी वाले वायरल मीम के पीछे की पूरी कहानी, कब और कहां का है असली वीडियो?

