इंडियन टीम के दौरे से जिम्बाब्वे क्रिकेट ने बहुत पैसा कमा लिया!
ये पैसे जिम्बाब्वे क्रिकेट बोर्ड को लंबे समय तक फायदा पहुंचाएंगे.

इंडियन क्रिकेट टीम फिलहाल जिम्बाब्वे के दौरे पर है. इस दौरे पर टीम इंडिया तीन वनडे मैच खेल रही है. हाल ही में जिम्बाब्वे क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन तवेंगवा मुकुहलानी ने बताया कि मेन इन ब्लू के इस दौरे से जिम्बाब्वे क्रिकेट बोर्ड को बहुत फायदा हुआ है.
दैनिक जागरण में छपी एक रिपोर्ट के अनुसार जिम्बाब्वे क्रिकेट बोर्ड ने इस सीरीज़ से तीन मिलियन डॉलर के आसपास की कमाई की है. इंडियन करेंसी में ये करीब 24 करोड़ रुपये बनते हैं. जिम्बाब्वे की मुद्रा की बात करें तो ये आंकड़ा लगभग 96 करोड़ के आसपास बैठेगा.
पिछले कुछ वर्षों से जिम्बाब्वे की आर्थिक हालत ठीक नहीं है. इसका असर जिम्बाब्वे क्रिकेट बोर्ड पर भी पड़ा है. इसी मुद्दे पर बात करते हुए मुकुहलानी ने कहा,
'यह वनडे सीरीज़ है जिस कारण हमें तीन मिलियन अमेरिकी डालर के आसपास की कमाई की आशा है. इसके अलावा हमें आशा है कि सभी मैच में ग्राउंड दर्शकों से भरे रहेंगे. इस हिसाब से यह दौरा हमारे लिए फायदेमंद रहेगा.'
भारतीय टीम ने छह साल बाद जिम्बाब्वे का दौरा किया है. इंडियन टीम इसके पहले 2016 में जिम्बाब्वे गई थी. इस पर मुकुहलानी ने कहा,
'भारत का यहां आना हमारे लिए हमेशा ही अच्छा रहता है. यह सिर्फ आर्थिक तौर पर ही नहीं, बल्कि क्रिकेट को देखते हुए भी काफी अच्छा है. भारत जैसा बड़ा क्रिकेट खेलने वाला देश अगर हमारे यहां खेलने आता है, तो यह काफी मायने रखता है. यह BCCI की क्रिकेट को दुनियाभर में विकसित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है. हमारे लिए यह सीरीज़ अहम है. आस्ट्रेलिया में इस साल होने वाले T20 वर्ल्ड कप को देखते हुए यह बहुत मायने रखता है.'
मुकुहलानी ने ये भी कहा कि इंडिया के लिए जो भी प्लेयर खेलता है, वो अच्छा ही होता है. उन्होंने कहा कि मौजूदा दौरे में भारत के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह और रोहित शर्मा शामिल नहीं है, लेकिन भारतीय टीम में जो भी खिलाड़ी खेलता है, वो अच्छा होता है. उन्होंने ये भी कहा कि ICC के टॉप चार देशों में भारत ऐसा देश है जिसने सबसे ज्यादा और नियमित तौर पर जिम्बाब्वे का दौरा किया है.
बताते चलें कि इंडियन टीम ने केएल राहुल की अगुवाई में पहला वनडे मैच 10 विकेट से जीत लिया है. दूसरा वनडे मैच हरारे स्पोर्ट्स क्लब में 20 अगस्त को खेला जाना है.
सौरव गांगुली ने बताया, क्यों बदले जा रहे हैं टीम इंडिया के कप्तान

