The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • Yuzvendra Chahal dismissed both West Indies Openers in three bowls during WIvsIND 1st T20I

चहल ने सिर्फ़ तीन गेंदों में जाहिर कर दी अपनी अहमियत, कर दिया कमाल

युज़ी का जवाब नहीं.

Advertisement
pic
3 अगस्त 2023 (अपडेटेड: 3 अगस्त 2023, 02:47 AM IST)
Yuzvendra Chahal Took Two Wickets in one over
चहल ने कमाल कर दिया (स्क्रीनग्रैब)
Quick AI Highlights
Click here to view more

भारत-वेस्ट इंडीज़ के बीच T20I सीरीज़ शुरू हो चुकी है. पहले मैच में वेस्ट इंडीज़ के कप्तान रोवमन पॉवेल ने टॉस जीता और पहले बैटिंग का फैसला कर लिया. उनका ये फैसला भारत के लिए खतरनाक होता दिख ही रहा था कि युज़वेंद्र चहल ने अपना जादू दिखा दिया. हुआ ये कि वेस्ट इंडीज़ वाले चार ओवर्स में बिना नुकसान 29 रन बना चुके थे.

ब्रैंडन किंग एक छोर से कमाल की बैटिंग कर रहे थे. और तभी पांचवां ओवर मिला चहल को. ओवर द विकेट आते हुए चहल ने पहली ही गेंद पर काएल मेयर्स का स्ट्रगल खत्म कर दिया. मेयर्स छह गेंदों पर एक रन बनाकर खेल रहे थे. चहल की पहली ही गेंद. सीधी और फ़्लैट. चहल की ये स्लाइडर थोड़ी ज्यादा ही फुल थी.

लेकिन मेयर्स ने पहले ही इसे स्वीप करने का मन बना लिया था. वह अपने शॉट पर कायम रहे और स्टंप्स की लाइन वाली ये गेंद सीधे जाकर उनके पैर से टकराई. अंपायर ने उंगली उठाई और मेयर्स आउट करार दिए गए. उन्होंने किंग के साथ थोड़ी चर्चा की और वापस चले गए.

# Yuzvendra Chahal Magic

हालांकि रीप्लेज़ में दिखा कि गेंद ऑफ स्टंप मिस कर रही थी. यानी अगर मेयर्स ने रिव्यू लिया होता तो वह बच जाते. लेकिन किस्मत चहल के साथ थी और उन्हें पहली ही गेंद पर विकेट मिल गया. अब बैटिंग पर आए जॉनसन चार्ल्स ने सिंगल लिया. ओवर की तीसरी गेंद मिली ब्रैंडन किंग को.

चहल की ये फ्लाइटेड गेंद इनसाइड एज़ मिस करती हुई सीधे जाकर फ्रंट पैड पर लगी. अंपायर ब्रैथवेट ने फिर से आउट दे दिया. लेकिन किंग ने मेयर्स की ग़लती से सबक लिया और चार्ल्स से बात कर रिव्यू ले लिया. लेकिन रिव्यू भी उन्हें नहीं बचा पाया. रिव्यू में दिखा कि गेंद और बल्ले का संपर्क नहीं हुआ और ये गुगली सीधे जाकर मिडल स्टंप के टॉप से टकरा रही थी.

चहल ने अपनी पहली तीन गेंदों में ही वेस्ट इंडीज़ के दोनों ओपनर्स को वापस भेज दिया. हालांकि इसके बाद भी निकलस पूरन नहीं रुके. उन्होंने चहल के इस ओवर की तीन गेंदें खेली और चौका फिर छक्का जड़ दिया. पावरप्ले में वेस्ट इंडीज़ ने यही दो विकेट खोए. टीम ने पावरप्ले इन दो विकेट्स के नुकसान के साथ 54 रन बनाए थे.

टीम इंडिया ने इस मैच में मुकेश कुमार और तिलक वर्मा को डेब्यू कराया है. हालांकि टीम इस अच्छी शुरुआत का फ़ायदा नहीं उठा पाई. टीम 20 ओवर्स में छह विकेट खोकर 149 रन ही बना पाई. टीम के लिए कप्तान पॉवेल ने सबसे ज्यादा 48, जबकि पूरन ने 34 गेंदों पर 41 रन की पारी खेली. भारत के लिए अर्शदीप सिंह और चहल ने दो-दो विकेट लिए. जबकि हार्दिक पंड्या और कुलदीप यादव को एक-एक विकेट मिला.

वीडियो: WTC पॉइंट टेबल से ऑस्ट्रेलिया टीम के कटे पॉइंट्स, उस्मान ख्वाजा ने भड़क कर कहा..!

Advertisement

Advertisement

()