युवराज ने बताया, कौन है टीम इंडिया का सबसे बड़ा कंजूस
वो दोस्त जो पैसे देने के टाइम फ़ोन में बिज़ी हो जाता है.
Advertisement

फोटो - thelallantop
विराट कोहली. टीम इंडिया का टेस्ट कप्तान. टी-20 में पहली रैंकिंग पर और वन-डे में दूसरी रैंकिंग पर काबिज़ बल्लेबाज. दिल खोल कर रन बनाते हैं. लेकिन पैसे के मामले में कंजूस हैं. वो भी तब जब वो टीम इंडिया के सबसे ज़्यादा कमाऊ प्लेयर बने हुए हैं. कोहली कमाई के मुकाबले में धोनी को पीछे छोड़ चुके हैं.
रेडियो मिर्ची से बात करते हुए टीम के प्लेयर्स के खर्चे की आदतों के बारे में बातें बताई हैं युवराज सिंह ने. युवराज ने कहा "टीम में बहुत सारे कंजूस रहे हैं. खासकर सीनियर प्लेयर्स. लेकिन मैं उनका नाम नहीं ले सकता. ये एक सेंसिटिव इश्यू है."
कोहली के बारे में युवराज ने कहा, "मुझे नहीं मालूम इसे मैं कैसे बताऊं. लोग ऐसे करते हैं कि ये तुम्हारा है, ये मेरा है. तुम उसके पैसे दोगे और मैं इसके. हमारे पंजाबी कल्चर में ऐसा नहीं होता है. अगर हम सभी साथ में जा रहे हैं तो वहां एक ही आदमी हर चीज के पैसे देता है. लेकिन हर कोई एक जैसा नहीं होता है. इसलिए जब भी हम जाते हैं तो मैं ही हमेशा पैसे देता हूं और फिर मुझे उससे पैसे देने को कहना पड़ता है."
युवराज ने आशीष नेहरा के बारे में बताया कि कैसे वो बदल जाते हैं, "आशीष वैसे तो बड़े दिल वाला है लेकिन कभी कभी कंजूस बन जाता है. जब उसकी शादी हो गयी तो उसके बाद कहने लगा मुझे बीवी बच्चों को मैनेज करना होता है. मैं ज़्यादा खर्चा नहीं कर सकता.""ऐसा नहीं है कि ये सभी सच में कंजूस हैं. लेकिन मज़े के लिए पैसे देने को कहकर एक दूसरे की टांग खींचते हैं."
सीनियर प्लेयर्स के खर्चा करने की आदत के बारे में युवराज ने कहा, "सीनियर प्लेयर्स में जवागल श्रीनाथ सबसे कंजूस थे. इतने साल साथ में क्रिकेट खेलने के बाद उन्होंने फाइनली हमें दाल-चावल की ट्रीट दी. हमने उसकी फ़ोटो ट्विटर पर डाली और कहा 15 साल बाद ट्रीट देने के लिए थैंक यू श्रीनाथ जी."
.webp?width=60)

