The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • Yashasvi Jaiswal Shubman Gill Record Stand vs West Indies India defeated the hosts by 9 wickets in 4th T20I

यशस्वी-गिल का धमाल, वेस्ट इंडीज़ को मिली ऐतिहासिक हार!

नौ विकेट से हारा वेस्ट इंडीज़.

Advertisement
pic
12 अगस्त 2023 (अपडेटेड: 12 अगस्त 2023, 11:37 PM IST)
Yashasvi Jaiswal-Shubman Gill 150 Stand
यशस्वी और शुभमन ने कमाल कर दिया (ट्विटर)
Quick AI Highlights
Click here to view more

यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल ने कमाल कर दिया. भारतीय ओपनर्स ने वेस्ट इंडीज़ की बोलिंग की जमकर ख़बर लेते हुए चौथे T20I में भारत को बेहतरीन जीत दिला दी. यशस्वी और गिल ने पहले विकेट के लिए 15.3 ओवर्स में 165 रन जोड़ डाले. इसी स्कोर पर गिल 47 गेंदों पर 77 रन बनाकर आउट हुए. उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके और पांच छक्के जड़े.

दोनों बल्लेबाजों की ये साझेदारी अब भारत के लिए सबसे बड़ी T20I ओपनिंग पार्टनरशिप हो गई है. यह संयुक्त रूप से पहले नंबर पर हैं. दूसरे नंबर पर मौजूद रोहित शर्मा और केएल राहुल ने 2017 में श्रीलंका के खिलाफ़ इतने ही रन जोड़े थे. जबकि इनके बाद रोहित और शिखर धवन का नंबर आता है.

इन दोनों ने आयरलैंड के खिलाफ़ 2018 में 160 रन की पार्टनरशिप की थी. चौथे नंबर पर भी यही जोड़ी है. रोहित और शिखर ने 2017 में न्यूज़ीलैंड के खिलाफ़ 158 रन जोड़े थे. जबकि नंबर पांच पर मौजूद रोहित और राहुल ने 2021 में अफ़ग़ानिस्तान के खिलाफ़ 140 रन की साझेदारी की थी.

इतना ही नहीं, यह पहली बार था जब किसी भारतीय जोड़ी ने वेस्ट इंडीज़ के खिलाफ़ 150 या इससे ज्यादा की पार्टनरशिप की. यह विंडीज के खिलाफ़ T20I में भारत की सबसे बड़ी साझेदारी है. पिछला रिकॉर्ड केएल राहुल और रोहित के नाम था. इन दोनों ने 2019 में 135 रन जोड़े थे.

यशस्वी और गिल की बैटिंग का ही कमाल था कि भारत ने T20I में 150+ का टार्गेट सिर्फ़ एक विकेट खोकर हासिल कर लिया. भारतीय क्रिकेट टीम के इतिहास में यह पहली बार हुआ है. यशस्वी ने इस मैच में अपनी पहली T20I फ़िफ़्टी मारी. जबकि गिल ने भी इस टूर पर अपनी खराब फ़ॉर्म को पीछे छोड़ा.

बात मैच की करें तो विंडीज़ के कप्तान रोवमन पॉवेल ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया. वेस्ट इंडीज़ के लिए काएल मेयर्स ने शुरू से ही तेज खेलना शुरू किया. लेकिन अर्शदीप सिंह ने एक बेहतरीन गेंद डाल उन्हें वापस भेजा. दूसरे ओवर की चौथी गेंद पर आउट हुए मेयर्स ने सिर्फ़ सात गेंदों पर 17 रन बनाए. उनकी पारी में दो चौके और एक छक्का शामिल रहे. ब्रैंडन किंग ने 18 रन बनाए.

जबकि नंबर तीन पर आए शे होप ने 29 गेंदों पर 45 रन का पारी खेली. निकलस पूरन इस मैच में नाकाम रहे. सिर्फ़ तीन गेंदों पर एक रन बना पाए पूरन का विकेट कुलदीप यादव के खाते में गया. कप्तान रोवमन पॉवेल भी इसी ओवर में आउट हो गए. उन्होंने भी तीन गेंदों पर एक रन बनाया.

जबकि नंबर छह पर आए शिमरॉन हेटमायर का बल्ला आखिरकार चला. इस सीरीज़ में लगातार सस्ते में आउट हो रहे हेटमायर ने 39 गेंदों पर 61 रन बनाए. उन्होंने तीन चौके और चार छक्के जड़े. वेस्ट इंडीज़ ने बीस ओवर्स में आठ विकेट खोकर 178 रन बनाए. भारत के लिए अर्शदीप सिंह ने सबसे ज्यादा तीन विकेट निकाले. जबकि कुलदीप यादव को दो, अक्षर, चहल और मुकेश को एक-एक विकेट मिला.

जवाब में गिल और जायसवाल ने पहले ही ओवर से विंडीज़ की बोलिंग को बैकफ़ुट पर धकेल दिया. मैन ऑफ़ द मैच चुने गए जायसवाल ने 51 गेंदों पर 84 रन की पारी खेली. विंडीज़ के लिए रोमारियो शेफर्ड ने इकलौता विकेट लिया.

वीडियो: शुभमन गिल के विकेट पर फ़ैन्स का रिएक्शन बहुत वायरल है

Advertisement

Advertisement

()