यशस्वी-रुतुराज की ऐसी रनिंग देख सर पीट लेंगे फ़ैन्स, लेकिन रिज़ल्ट पसंद आएगा
दोनों एक ही एंड पर खड़े हो गए!

यशस्वी जायसवाल और रुतुराज गायकवाड़. आयरलैंड टूर पर टीम इंडिया के लिए ओपन कर रहे बल्लेबाज. रुतु और यश ने पहले ही मैच में फ़ैन्स को बहुत सारा कंटेंट दे दिया. बात भारत की पारी के दूसरे ओवर की है. जॉश लिटिल के ओवर की तीसरी गेंद. जायसवाल स्ट्राइक पर थे. गेंद उनके शरीर से लगकर लेग साइड की ओर गई. रुतुराज की कॉल पर जायसवाल दौड़ पड़े. लेकिन तभी रुतुराज अपनी ही कॉल पर आगे आकर, वापस लौट गए.
जायसवाल दौड़ते ही रहे. अब ये हुआ कि दोनों बल्लेबाज एक ही एंड पर खड़े हो गए. लेकिन भाग्य देखिए, बोलर्स एंड पर आया थ्रो कलेक्ट ही नहीं हुआ. और फिर जब तक उसे यहां से उठाकर वापस कीपर की ओर फेंका जाता, रुतुराज बैटिंग एंड की क्रीज़ में पहुंच गए.
इससे पहले, कप्तान जसप्रीत बुमराह ने टॉस जीतकर पहले बोलिंग चुनी. शुरुआती ओवर्स में बोलर्स ने उनका फैसला सही भी साबित किया. खुद बुमराह ने पहले ही ओवर में दो विकेट ले डाले. उन्होंने एंड्रयू बल्बर्नी को बोल्ड मारने के बाद लॉरकन टकर को विकेट के पीछे, संजू सैमसन के हाथों कैच कराया.
जबकि रवि बिश्नोई और प्रसिद्ध कृष्णा ने भी अपने कप्तान का बेहतरीन साथ देते हुए पावरप्ले में एक-एक विकेट लिया. सातवें ओवर तक आयरलैंड 31 रन पर पांच विकेट गंवा चुका था. बुमराह और प्रसिद्ध ने दो-दो जबकि रवि ने एक विकेट लिया.
10.3 ओवर्स में 59 के टोटल पर आयरलैंड का छठा विकेट भी गिर गया. हालांकि इसके बाद कर्टिस कैम्फर और बैरी मैक्कार्थी ने एक अच्छी साझेदारी की. और 17.5 ओवर्स में टीम का टोटल 117 तक पहुंचा दिया. इसी टोटल पर कैम्फर 33 गेंद में 39 रन बनाकर आउट हुए. मैक्कार्थी ने पारी की आखिरी गेंद पर छक्का मार अपनी पहली T20I फ़िफ़्टी पूरी की. उन्होंने 33 गेंदों पर 51 रन की नाबाद पारी खेली.
मैक्कार्थी ने अपनी पारी में चार छक्के और इतने ही चौके लगाए. आयरलैंड ने अपने बीस ओवर्स में सात विकेट खोकर 139 रन बनाए. जवाब में भारत ने ठीकठाक शुरुआत की. यशस्वी और रुतुराज ने 6.2 ओवर्स में 46 रन जोड़ डाले. लेकिन इसी स्कोर पर भारत ने लगातार दो विकेट गंवा दिए. यशस्वी 23 गेंद पर 24 रन बनाकर आउट हुए. जबकि नंबर तीन पर आए तिलक वर्मा पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले आउट हो गए. दोनों विकेट क्रेग यंग के खाते में गए.
वीडियो: यशस्वी जायसवाल-शुभमन गिल बैटिंग ने वेस्ट इंडीज के खिलाफ तबाही मचा दी

