The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • World Cup 2023 PAKvsNED Bas De Leede smashed six and then winked to Haris Rauf

हारिस को मारा छक्का और फिर बीच मैदान ऐसे मौज़ ले गया डच बैटर!

हारिस को याद रहेगा ये सिक्स और इसका सेलिब्रेशन.

Advertisement
pic
6 अक्तूबर 2023 (पब्लिश्ड: 11:40 PM IST)
Bas De Leede, Pakistan, World Cup
डी लीडा ने हारिस की सही मौज ले ली (Instagram/ICC)
Quick AI Highlights
Click here to view more

बास डी लीडा. नीदरलैंड्स के ऑल राउंडर हैं. World Cup 2023 के मैच में इन्होंने पाकिस्तान को खूब परेशान किया. गेंद से चार विकेट लेने के बाद उन्होंने बेहतरीन फ़िफ़्टी भी मारी. लेकिन इन सबके बीच उन्होंने पाकिस्तानी पेसर हारिस रऊफ़ के साथ जो किया, वो इंडियन फ़ैन्स को सबसे सही लगेगा.

बात नीदरलैंड्स की बैटिंग के 29वें ओवर की है. हारिस की चौथी गेंद पर लीडा ने पुल करके बेहतरीन छक्का मारा. लेकिन हारिस को इस छक्के से ज्यादा परेशान उन्होंने अपनी हरकत से किया. हुआ ये, कि छक्का मारने के बाद लीडा ने हारिस की ओर देखकर शरारत में आंख मार उन्हें चिढ़ा दिया.

इससे पहले, नीदरलैंड्स ने टॉस जीतकर पाकिस्तान को पहले बैटिंग के लिए बुलाया था. पाकिस्तान का टॉप ऑर्डर इस मैच में फ़्लॉप रहा. फ़ख़र ज़मां 12, इमाम उल हक़ 15 और बाबर आज़म सिर्फ़ पांच रन बना पाए. पाकिस्तान ने 9.1 ओवर्स में 38 के टोटल पर यह तीनों विकेट गंवा दिए. इसके बाद मोहम्मद रिज़वान ने सऊद शकील के साथ मिलकर पारी संभाली.

सऊद ने काउंटर अटैक किया, तो रिज़वान ने संभलकर खेला. दोनों ने मिलकर 120 रन जोड़ डाले. इसी स्कोर पर सऊद 52 गेंदों पर 68 रन बनाकर आउट हुए. उन्होंने अपनी पारी में नौ चौके और एक छक्का जड़ा. थोड़ी ही देर बाद रिज़वान भी 68 ही रन बनाकर आउट हो गए. मोहम्मद नवाज़ ने 39 और शादाब खान ने 32 रन बनाए. पाकिस्तान की टीम 49 ओवर्स में 286 पर सिमट गई.

यह भी पढ़ें: पाकिस्तान के खिलाफ़ मैच से पहले इमोशनल हुए नीदरलैंड्स के प्लेयर्स, खोला ख़ास ‘इंडियन राज़’

नीदरलैंड्स के लिए बास डी लीडा ने चार विकेट निकाले. जबकि कॉलिन एकरमान को दो विकेट मिले. आर्यन दत्त, लोगन वान बीक और पॉल वान मीकरन को एक-एक विकेट मिला. नीदरलैंड्स को जीत के लिए 287 रन का टार्गेट मिला. लेकिन उनकी टीम 205 रन पर ही सिमट गई.

टीम के लिए डी लीडा बैटिंग में भी स्टार रहे. उन्होंने 68 गेंदों पर 67 रन बनाए. जबकि विक्रमजीत सिंह ने 67 गेंदों पर 52 रन की पारी खेली. लोगन वान बीक 28 रन बनाकर नाबाद लौटे. पाकिस्तान के लिए हारिस रऊफ़ ने तीन, हसन अली ने दो विकेट निकाले. जबकि शाहीन शाह अफ़रीदी, इफ़्तिख़ार अहमद, मोहम्मद नवाज़ और शादाब खान को एक-एक विकेट मिला. पाकिस्तान ने यह मैच 81 रन से जीता.

नीदरलैंड्स के कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स ने मैच के बाद लीडा की खूब तारीफ़ की. वह बोले,

‘डा लीडा तीनों डिपार्टमेंट में एक क्वॉलिटी क्रिकेटर हैं. उनकी पारी कमाल थी, बस किसी को उनके साथ रुकना चाहिए था.’

एडवर्ड्स इस मैच में अपनी टीम के प्रदर्शन से थोड़े दुखी भी थे. नीदरलैंड्स का अगला मैच 9 अक्टूबर, सोमवार को न्यूज़ीलैंड के खिलाफ़ होगा. जबकि पाकिस्तान की टीम मंगलवार 10 अक्टूबर को श्रीलंका से खेलेगी. बात वर्ल्ड कप की करें तो शनिवार, 7 अक्टूबर को दो मैच होंगे. पहला मैच बांग्लादेश और अफ़ग़ानिस्तान के बीच खेला जाएगा. जबकि दूसरे मैच में साउथ अफ़्रीका और श्रीलंका भिड़ेंगे.

Advertisement

Advertisement

()